जबलपुर में कांग्रेसी पंडाल लगाकर कर रहे हैं स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी, जानिए इसकी मुख्य वजह

BP Shrivastava | Nov 21, 2023, 24:00 IST
जबलपुर में कांग्रेसी पंडाल लगाकर कर रहे हैं स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी, जानिए इसकी मुख्य वजह
मतदान के बाद जबलपुर जिले के ईवीएम और वीवीपेट मशीनों को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया है, लेकिन कांग्रेस को इस पर ऐतराज है। इसकी वजह वीसी हैं। जानिए क्यों...

वेंकटेश कोरी, JABALPUR. विधानसभा चुनाव में मतदान खत्म होने के बाद भी कांग्रेस की सक्रियता कम नहीं हुई है। चुनाव के पहले मतदाताओं को रिझाने के लिए कांग्रेसी जितनी मुस्तैदी से काम कर रहे थे, अब उससे कहीं ज्यादा मुस्तैदी वे ईवीएम और वीवीपेट की सुरक्षा में दिख रहे हैं। दरअसल, मतदान के बाद जबलपुर जिले के ईवीएम और वीवीपेट मशीनों को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (JNKVV) में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया है, लेकिन कांग्रेस को इस बात पर ऐतराज है कि जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर हैं, लिहाजा पद का दुरुपयोग कर ईवीएम और वीवीपेट में छेड़छाड़ की जा सकती है। इसी आशंका के चलते कांग्रेस की कई टीमें अलग-अलग शिफ्ट में तैनात हैं और स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रही हैं।



प्रशासन ने दी लाइव फीड



जिले की आठ विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपेट को अधारताल के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है और यहां एहतियात के तौर पर न केवल सीआरपीएफ के बलों की तैनाती की गई है बल्कि स्ट्रांग रूम को सीसीटीवी कैमरों से भी लैस किया गया है। कांग्रेस को किसी प्रकार की आपत्ति न हो इसलिए प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड भी कांग्रेस के प्रत्याशियों को दी है जिसके आधार पर कांग्रेस प्रत्याशियों के एजेंट स्क्रीन लगाकर स्ट्रांग रूम के पल-पल का मूवमेंट बड़ी स्क्रीन पर देख रहे हैं।



प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर है JNKVV के कुलपति



जबलपुर के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय को एशिया के सबसे बड़े कृषि अनुसंधान और कृषि की उच्चतर शिक्षा देने वाले केंद्र के रूप में जाना जाता है। वर्तमान में डॉक्टर पीके मिश्रा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति हैं जो प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर हैं, इसके अलावा वीडी शर्मा की धर्मपत्नी डॉ स्तुति शर्मा भी इसी विश्वविद्यालय से जुड़ी हैं लेकिन उनकी पदस्थापना जबलपुर में नहीं है, लिहाजा इसे आधार बनाकर कांग्रेसी स्ट्रांग रूम के साथ-साथ ईवीएम और वीवीपेट में छेड़छाड़ की आशंका जता रहे हैं हालांकि प्रशासन कांग्रेस के तमाम आशंकाओं और आरोपों को सिरे से खारिज कर रहा है। जबलपुर के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ कुमार सुमन के मुताबिक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के मुताबिक की जा रही है और इसमें जरा भी छेड़छाड़ की कोई संभावना नहीं है।



Tags:
  • Jabalpur News
  • Madhya Pradesh News
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • Madhya Pradesh Assembly elections
  • मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव
  • जबलपुर समाचार
  • Congressmen engaged in monitoring strong room in Jabalpur
  • Strong room built in Jawaharlal Nehru Agricultural University
  • जबलपुर में स्ट्रांग रूम की निगरानी में लगे कांग्रेसी
  • जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में बना स्ट्रांग रूम