मध्यप्रदेश के नेताओं के साथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की मीटिंग, कमलनाथ ने पेश किया लोकसभा चुनाव की तैयारियों का प्लान

Rahul Garhwal | Dec 08, 2023, 24:00 IST
मध्यप्रदेश के नेताओं के साथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की मीटिंग, कमलनाथ ने पेश किया लोकसभा चुनाव की तैयारियों का प्लान
मध्यप्रदेश के नेताओं के साथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की मीटिंग हुई। कमलनाथ ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों का प्लान पेश किया।

NEW DELHI. कांग्रेस हाईकमान ने मध्यप्रदेश के नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने मध्यप्रदेश चुनाव में हार की समीक्षा की। पूर्व सीएम कमलनाथ ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों का प्लान पेश किया। उनके साथ दिग्विजय सिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह भी मौजूद रहे।



बैठक के बाद क्या बोले सुरजेवाला ?



बैठक के बाद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मध्यप्रदेश के चुनावी नतीजे का गहराई से विश्लेषण किया। कांग्रेस से मध्यप्रदेश का मन जीतने में कहां कमियां रहीं, इस पर आत्ममंथन और विश्लेषण किया गया।



खड़गे और राहुल गांधी ने दिए कुछ सुझाव



सुरजेवाला ने कहा कि बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने भविष्य को लेकर कुछ सुझाव भी दिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अधिकृत किया गया है कि अगली संगठन और विधायक दल की कार्यवाही के लिए वो अपना मार्गदर्शन दें। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर ये निर्णय छोड़ दिया गया है कि वो मार्गदर्शन दें कि किस प्रकार से संगठन की रचना हो, संगठन को आगे बढ़ाया जाए। कांग्रेस अध्यक्ष से कांग्रेस नेताओं ने ये अनुरोध भी किया कि विधायक दल की बैठक के लिए जल्द पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाए, ताकि विधायकों की राय लेकर विपक्ष का अगला नेता तय हो सके।



एक सजग पहरेदार की तरह जनता की रक्षा करेगी कांग्रेस



सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के निर्णय को सिर झुकाकर स्वीकार करती है। जनता ने कांग्रेस को मध्यप्रदेश में विपक्ष की भूमिका अदा करने का आदेश दिया है। कांग्रेस एक सजग पहरेदार की तरह मध्यप्रदेश की जनता की रक्षा करेगी। कांग्रेस एक पहरेदार के तौर पर ये सुनिश्चित करेगी कि बीजेपी ने मध्यप्रदेश की जनता से जो वादे किए थे, वो लागू हों। मध्यप्रदेश में अगर किसी के साथ कोई भी अन्याय हुआ, तो कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के साथ खड़े रहेंगे।



Tags:
  • कमलनाथ
  • Kamal Nath
  • Mallikarjun Kharge
  • मल्लिकार्जुन खड़गे
  • Congress meeting in Delhi
  • review of Madhya Pradesh election defeat
  • Lok Sabha election plan
  • दिल्ली में कांग्रेस की मीटिंग
  • मध्यप्रदेश चुनाव हार की समीक्षा
  • लोकसभा चुनाव का प्लान