डेली कॉलेज में इस बार राजा, महाराजाओं के बीच में भी चुनाव, न्यू डोनर में 6 उम्मीदवार

Sanjay Gupta | May 02, 2026, 14:03 IST
daily college election royal candidates
इंदौर के डेली कॉलेज चुनाव में इस बार ओल्ड डोनर कैटेगरी में राज परिवारों के बीच मुकाबला होगा। चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें दो सदस्य चुने जाएंगे। वहीं न्यू डोनर कैटेगरी में 6 उम्मीदवार बचे हैं। इसमें एक उम्मीदवार चुना जाएगा।

News In Short

  • इंदौर डेली कॉलेज चुनाव में कुल 11 नामांकन हुए थे।
  • ओल्ड डोनर कैटेगरी में 4 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
  • न्यू डोनर कैटेगरी में 6 उम्मीदवार बाकी हैं।
  • दोनों कैटेगरी में चुनाव होना तय है।
  • 21 मई को वोटिंग होगी और रिजल्ट आएगा।

News In Detail

इंदौर के डेली कॉलेज चुनाव के लिए दो दिन चली नामांकन प्रक्रिया में कुल 11 उम्मीदवारों ने फॉर्म जमा किए थे। केवल न्यू डोनर कैटेगरी में एक नाम वापस हुआ है। लंबे समय के बाद राजा-महाराजा वाली ओल्ड डोनर (फाउंडर मेंबर) कैटेगरी में चार उम्मीदवार डटे हुए हैं।



इसमें चुनाव तय हैं। इस कैटेगरी से दो सदस्य चुने जाएंगे। वहीं न्यू डोनर कैटेगरी से एक सदस्य चुना जाएगा। इसमें छह उम्मीदवार मैदान में हैं।



राजा-रजवाड़े के बीच चुनाव

डेली कॉलेज इंदौर चुनाव में इस बार ओल्ड डेलियंस एसोसिएशन की टू सी कैटेगरी में चुनाव नहीं हो रहे हैं, लेकिन घमासान अब भी जारी है। फाउंडर मेंबर यानी ओल्ड डोनर की टू बी वन कैटेगरी, जिसमें प्रमुख तौर से राजा-रजवाड़े के परिवार हैं। इनके बीच में चुनाव हो रहे हैं।



पहली बार राज परिवार के बीच में घमासान देखने को मिलेगा। इसमें चार उम्मीदवार हैं और दो सदस्य ही चुने जाएंगे। वहीं टू बी टू यानी न्यू डोनर कैटेगरी में केवल एक नाम वापस हुआ है। इसमें छह सदस्य मैदान में हैं। यहां भी चुनावी दंगल तगड़ा है। इस कैटेगरी से एक सदस्य का ही निर्वाचन होना है।



राज परिवार से इनके बीच चुनावी घमासान

डेली कॉलेज के फाउंडर मेंबर (ओल्ड डोनर) में करीब 70 सदस्य हैं। इसमें प्रियव्रत सिंह खिलचीपुर (यह अभी भी बोर्ड मेंबर हैं), देवास से विक्रम सिंह पंवार (जो अभी बोर्ड के प्रेसीडेंट भी हैं), ठाकुर नरेंद्र सिंह बिड़वाल और ठाकुर अनिरुद्ध सिंह दोत्ररिया के नामांकन हैं।



किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया है। इनके बीच में चुनावी घमासान होने जा रहा है। इस कैटेगरी से दो सदस्य चुनकर आएंगे।



न्यू डोनर कैटेगरी में बचे ये उम्मीदवार

वहीं न्यू डोनर कैटेगरी टू बी टू में हरपाल सिंह उर्फ मोनू भाटिया (यह अभी बोर्ड मेंबर हैं) और उनके भाई गुरमीत उर्फ सोनू सिंह भाटिया दोनों ने नामांकन भरा था। इसमें मोनू के भाई सोनू ने नाम वापस ले लिया है। वहीं मोनू फिर तीसरी बार मैदान में हैं।



वहीं नए संविधान का विरोध कर रहे विरोधी गुट से जयेश पटेल, नीरज देसाई, मानवीर सिंह बैस, संदीप पारिख और राजेश अग्रवाल ने नामांकन फॉर्म जमा किया था।



इनमें से किसी ने नाम वापस नहीं लिया है। बताया गया है कि इन्हें आशंका है कि फॉर्म स्क्रूटनी में इनके फॉर्म खारिज हो सकते हैं। इसलिए किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया है। इस कैटेगरी से केवल एक सदस्य ही चुना जाएगा।



इसके पहले संदीप पारिख ने लड़ा था चुनाव

इसके पहले इसमें से संदीप पारिख ने ओल्ड डेलियंस एसोसिएशन कैटेगरी यानी टू सी से चुनाव लड़ा था। जीता भी था। अब नए संविधान में यह कैटेगरी खत्म कर दी गई है।



अब ओडीए से प्रेसीडेंट और सचिव को ही बोर्ड में लिया जाएगा। साथ ही एक प्रतिष्ठित छात्र को भी बोर्ड में लिया जाएगा। इस तरह ओडीए से अब तीन सदस्य चयनित होकर बोर्ड में जाएंगे। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया खत्म हो गई है।



उम्मीदवार की फाइनल लिस्ट 3 मई को

नामांकन फॉर्म वापसी 01 मई तक थी। इसके बाद फॉर्म की स्क्रूटनी 02 मई को हो रही है। फिर 03 मई को आपत्तियां सुनी जाएंगी और इसी दिन मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट जारी कर दी जाएगी।



इसके बाद 04 से 19 मई तक डाक मतपत्र जारी होंगे, जो 20 मई को आना जरूरी है। इसके बाद 21 मई को वोटिंग और रिजल्ट जारी होगा।



ये खबरें भी पढ़िए...



डेली कॉलेज चुनाव: मुख्य चुनाव अधिकारी पर ही उठाए उम्मीदवार ने सवाल



डेली कॉलेज चुनाव के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने भरा नामांकन फार्म, ये हैं नाम



डेली कॉलेज चुनाव विवाद में 6 ओडीए सदस्य पहुंचे हाईकोर्ट, अभी स्टे नहीं



डेली कॉलेज चुनाव अधिकारी का आदेश- 24 अप्रैल को हो चुका संविधान संशोधन



Tags:
  • इंदौर
  • इंदौर डेली कॉलेज
  • डेली कॉलेज इंदौर
  • डेली कॉलेज
  • राज परिवार