दतिया में बवाल, नरोत्तम समर्थकों और पुलिस में झड़प, एसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
समझें क्या है पूरा मामला
- दतिया उपचुनाव में भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया।
- टिकट बदलते ही भाजपा में खुली बगावत सामने आ गई।
- समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रातभर प्रदर्शन और जाम लगाया।
- पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, पथराव और आंसू गैस चली।
- जिलाध्यक्ष समेत कई भाजपा नेताओं ने विरोध में इस्तीफा दे दिया।
टिकट कटते ही भड़का विरोध
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने बड़ा फैसला लिया। पार्टी ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। यह ऐलान होते ही कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। शुक्रवार शाम से ही विरोध शुरू हो गया था। देखते ही देखते यह विरोध उग्र रूप लेने लगा। शनिवार सुबह तक हालात और बिगड़ गए।
हाईवे पर रातभर हंगामा
ग्वालियर-झांसी हाईवे पर करीब 8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रातभर सैकड़ों समर्थक सड़क पर डटे रहे। शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच सीधी झड़प हो गई। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके साथ ही आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
झड़प में कई लोग घायल
इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी और नरोत्तम मिश्रा के समर्थक घायल हुए। प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव भी किया गया। इसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक वाहन को प्रदर्शनकारियों ने पलट भी दिया। कुछ समर्थकों ने गुस्से में स्थानीय भाजपा कार्यालय में खुद को बंद कर लिया था। बाद में समझाइश के बाद वे बाहर निकले।
SP और एडिशनल SP को भी आई चोटें
दतिया के SP मयूर खंडेलवाल ने बताया कि शहर में करीब 3000 से ज्यादा लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने बाजार बंद कराने की कोशिश की और शाम 6 बजे से ही चक्का जाम करके बैठे थे।
SP ने कहा कि कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने कई बार प्रदर्शनकारियों से जाम खत्म करने और रास्ता खोलने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने। इसके चलते करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और आसपास के जिलों में भी इसका असर पड़ा।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजे अचानक भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन इसके बाद पथराव और बढ़ गया।
SP के मुताबिक, इस घटना में 6 से ज्यादा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। SP और एडिशनल SP को भी चोटें आई हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोबारा आंसू गैस छोड़ी और सख्ती करते हुए भीड़ को हटाया। अब प्रदर्शनकारी इधर-उधर छिपे हुए हैं। उन्हें सरेंडर करने या शांति से वहां से जाने के लिए कहा गया है।
SP ने साफ कहा कि चक्का जाम किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ट्रैफिक बहाल कराया जा रहा है और पूरे जिले में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।
वाहनों का रूट डायवर्ट
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने झांसी और ग्वालियर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया। दतिया और ग्वालियर पुलिस ने मिलकर यातायात व्यवस्था संभाली। एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि जिले में कई जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। हालात को देखते हुए पुलिस मुख्यालय PHQ से अतिरिक्त बल मांगा गया है। पुलिस प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने में जुटी है।
महिलाओं ने भी जताया विरोध
टिकट घोषित होने के बाद 500 से ज्यादा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। वे देर रात तक हाईवे पर डटे रहे। डबरा के हरिपुर तिराहे पर भी चक्काजाम कर नारेबाजी हुई। बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। कई महिलाओं ने सड़क पर लेटकर अपना विरोध जताया। यह प्रदर्शन भाजपा कार्यालय तक भी पहुंचा, जहां जमकर नारेबाजी हुई। पड़ोसी जिलों से भी समर्थक दतिया पहुंच गए।
नेताओं के इस्तीफों की झड़ी
Narottam Mishra काटिकट कटने के विरोध में पार्टी के भीतर से भी बड़ा झटका लगा। भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ नगर मंत्री और कोषाध्यक्ष ने भी पद छोड़ दिया। समर्थकों का दावा है कि कई पार्षदों ने भी सामूहिक इस्तीफे दिए हैं। इससे साफ है कि पार्टी के भीतर नाराजगी काफी गहरी है।
नरोत्तम ने की थी तैयारी
उपचुनाव (Datia by election 2026) की घोषणा के बाद से डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार सक्रिय थे। उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। साथ ही वे लगातार जनसभाएं भी कर रहे थे। लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने आशुतोष तिवारी को टिकट दे दिया। अब तक कुल 13 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं। इनमें से चार उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल भी कर चुके हैं।
आशुतोष का बयान आया सामने
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने विवाद के बीच अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। तिवारी ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को अपना अभिभावक बताया।
यात्री जाम में परेशान
हाईवे जाम (दतिया न्यूज) के चलते आम यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कई ट्रक और अन्य वाहन घंटों सड़क पर फंसे रहे। कुछ वाहन चालकों ने बताया कि वे कई घंटे से भूखे-प्यासे जाम में खड़े हैं। उन्हें आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं मिल रहा था। इस दौरान आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
FAQ
- सवाल: दतिया उपचुनाव में भाजपा का उम्मीदवार कौन है?
जवाब: भाजपा ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को दतिया उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है। इस फैसले के बाद पार्टी में विरोध शुरू हो गया और समर्थकों ने रातभर हाईवे पर प्रदर्शन किया।
ये खबरें भी पढ़ें
दतिया उपचुनाव: टिकट के बाद बगावत से भाजपा में कलह! बढ़ी संगठन की मुश्किलें
दतिया में टिकट की घोषणा होते ही भाजपा में भूचाल! क्या संगठन के सामने खड़ी हो गई सबसे बड़ी परीक्षा?
दतिया उपचुनाव: प्रचार में जुटे नरोत्तम को झटका, BJP ने आशुतोष तिवारी को दिया टिकट
राजेंद्र भारती केस में सुनवाई पूरी: HC में फैसला सुरक्षित, अब दतिया चुनाव पर नजर