सोता रहा स्टाफ, दतिया एसपी मयूर खंडेलवाल ने थाने से गायब की फाइलें! मचा हड़कंप
रात 11 बजे पहुंचे एसपी, सोता मिला पूरा थाना
शनिवार, 09 मई की रात करीब 11 बजे दतिया के पुलिस अधीक्षक (SP) मयूर खंडेलवाल अचानक गोराघाट थाने जा पहुंचे। यह कोई सामान्य औचक निरीक्षण नहीं था। एसपी साहब इस बार कुछ अलग करने के मूड में थे।
थाने पर पहुंचे तो जो नजारा मिला वह चौंकाने वाला था। संतरी यानी पहरेदार से लेकर अंदर तैनात अधिकांश स्टाफ तक, सब या तो थाने के अंदर या ऊपरी मंजिल के कमरों में गहरी नींद में थे।
फाइलें उठाईं, किसी को खबर नहीं हुई
एसपी मयूर खंडेलवाल बिना किसी शोर-शराबे के थाने के अंदर चले गए। वहां से उन्होंने कुछ जरूरी फाइलें उठाईं और बाहर आ गए। इस पूरे वक्त थाने का कोई भी कर्मचारी नहीं जागा। न किसी ने सवाल किया, ना किसी ने रोका।
फिर जगाया स्टाफ, मच गया हड़कंप
कुछ देर बाहर रुकने के बाद एसपी ने स्टाफ को जगाया। उन्होंने बताया कि थाने से कुछ जरूरी फाइलें गायब हैं। स्टाफ को हिदायत दी कि तुरंत जांच करें और पता लगाएं कि कौन सी फाइलें नहीं मिल रही हैं।
बस यही सुनना था। पुलिसकर्मियों की नींद एक झटके में उड़ गई। सब घबराहट में रिकॉर्ड पलटने लगे। फाइलें कहीं नहीं मिल रही थीं। थाने में अफरातफरी मच गई।
टीआई को भी बुलाया गया
जब थाने में तैनात स्टाफ से स्थिति संभली नहीं तो एसपी ने थाना प्रभारी रमेश शाक्य को भी बुलाया। वे उस वक्त थाने के पास बने आवास में भोजन कर रहे थे। बुलावा आते ही वे भी पहुंचे और फाइलों की तलाश शुरू हुई। वहीं, फाइलें तो थाने में थीं ही नहीं।
सबक देकर लौटाई फाइलें
जब तनाव हद सा ज्यादा बढ़ गया तब एसपी मयूर खंडेलवाल ने खुद वे फाइलें स्टाफ को वापस कर दीं। साथ में एक कड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि वे चोर या कोई अपराधी होते तो उस रात थाने का पूरा रिकॉर्ड गायब हो सकता था।
उन्होंने स्टाफ को सतर्कता से ड्यूटी निभाने की हिदायत दी और कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने को कहा।
क्यों अहम है यह तरीका?
आईपीएस मयूर खंडेलवाल का यह तरीका सोशल मीडिया पर चर्चा में है। लोग इसे बेहद प्रभावशाली और जमीनी तरीका बता रहे हैं। बिना किसी फटकार या कार्रवाई की धमकी के, एक व्यावहारिक प्रयोग से पूरे स्टाफ को सबक मिल गया। पुलिस थानों में रात की ड्यूटी अक्सर लापरवाही का शिकार होती है। यह घटना उस कमजोरी को बेनकाब करती है।
ये खबर भी पढ़िए...
दतिया की दो सगी बहनों ने बदल लिए अपने पति, कहा- हम खुश नहीं, क्या है Husband Swapping
सदस्यता गई, अब दोहरी कानूनी लड़ाई में फंसे राजेंद्र भारती, भाजपा जल्द कराएगी दतिया उपचुनाव
MP News: दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सीट खाली, विधानसभा सदस्यता रद्द
दतिया न्यूज | दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा की वापसी का मौका या कांग्रेस की साख की परीक्षा?