देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट : कथित मालिक दिल्ली के मुकेश विज पर भी FIR, MR-X अब भी परदे के पीछे
देवास की पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के मामले में दिल्ली निवासी मुकेश विज को भी आरोपी बनाया गया। पुलिस ने फैक्ट्री के कथित असली मालिक मुकेश विज को पांचवें आरोपी के रूप में नामजद किया।
चार आरोपियों के खिलाफ FIR पहले ही दर्ज हो चुकी थी। पुलिस अब मुकेश विज की तलाश में टीमें रवाना कर चुकी है। इस विस्फोट में छह लोगों की जान चली गई थी और संपत्ति को भी बड़ा नुकसान हुआ। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह से निष्पक्ष और तेज़ गति से हो रही है।
इस मामले में 'द सूत्र' ने पहले ही बताया था कि फैक्ट्री मालिक मुकेश विज ने एक स्थानीय रसूखदार नेता के साथ पार्टनरशिप में यह फैक्ट्री खोली थी। मुकेश को तो पुलिस ने आरोपी बना लिया है, लेकिन सवाल अब भी है कि वह स्थानीय रसूखदार नेता जिन्हें 'द सूत्र' Mr-X का नाम दे रहा है कब पुलिस के रडार में आएंगे। या अपने रसूख का इस्तेमाल कर बच निकलने में कामयाब हो जाएंगे।
आरोपी दिल्ली का रहने वाला है
मुकेश विज पर मामला दर्ज होते ही देवास पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में आ चुकी है। आरोपी दिल्ली का रहने वाला है, इसलिए लोकल पुलिस ने बिना समय गंवाए अपनी स्पेशल टीमें दिल्ली के लिए रवाना कर दी हैं। पुलिस के आला अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द धर-दबोचा जा सके।
राजनीतिक गलियारों में भी इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक सामग्री रखने की इजाजत आखिर किसने दी? विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। विपक्ष फैक्ट्री के पार्टनर बताए जा रहे स्थानीय नेता का नाम उजागर करने व कार्रवाई का दबाव भी बना रहा है।
सबसे बड़ा सवाल- Mr-X कौन है?
thesootr की पड़ताल में सामने आया है कि इस फैक्ट्री के पीछे कई किरदार हैं। आइए इसे किरदार दर किरदार समझते हैं-
1. मुकेश विज हिमाचल प्रदेश के एक बड़े कारोबारी मुकेश विज ने देवास में यह फैक्ट्री घोस्ट तरीके से खोली थी। मतलब उनका नाम कागजों में नहीं है। मुकेश का हरियाणा में भी अच्छा खासा कारोबार है।
2. Mr-X मुकेश विज की पार्टनरशिप इलाके के एक बेहद ताकतवर नेता से है, जिन्हें इस रिपोर्ट में Mr-X कहा जा रहा है।
3. अनिल मालवीय हादसे के बाद मुख्य आरोपी और फैक्ट्री मालिक के रूप में अनिल मालवीय का नाम सामने आ रहा है। लेकिन thesootr को मिली जानकारी के अनुसार अनिल तो केवल मोहरा है। उसके नाम के कागजों से काम चल रहा है।
4- राहुल व्यास Mr-X का बेहद करीबी शख्स है- राहुल व्यास। वह इस नेता के नाम की धाक दिखाकर शासन और प्रशासन से फैक्ट्री का काम करवाता था। यानी इस कारोबार में हर तरह की उठा पटक में कहीं न कहीं राहुल जरूर होता है।
अब अफसर परेशान, इसलिए एक हादसा, दो रिपोर्ट
हालांकि जांच में लगे अफसरों ने सारे तार खोज लिए हैं। पर Mr-X की राजनीतिक ताकत के कारण कार्रवाई में अड़चन आ रही है। इसीलिए दो अलग-अलग रिपोर्ट तैयार की जा रही हैं। एक रिपोर्ट वह है जो आधिकारिक तौर पर जमा होगी। दूसरी रिपोर्ट में Mr-X के पूरे कारनामों का ब्योरा है, जो अलग से मुख्यमंत्री मोहन यादव और पार्टी संगठन को सौंपी जाएगी। इसके पीछे अफसरों का तर्क है कि इतनी लापरवाही बरती गई कि कह नहीं सकते। कम से कम मानवीय आधार पर तो अलग से रिपोर्ट बनाकर उच्च स्तर पर दी जा सकती है। हम, वही कर रहे हैं। thesootr भी Mr-X का नाम सामने नहीं ला रहा, क्योंकि वह कागजों में है ही नहीं।
FSL ने बताई विस्फोट की वजह
एल्युमीनियम और पोटेशियम नाइट्रेट के असंतुलित मिश्रण और अत्यधिक गर्मी के कारण मिश्रण के भीतर भारी गैसें बन गईं, जिससे गैसों में दहन और चिंगारी उत्पन्न हुई और अंततः विस्फोट हुआ।
पुणे के विशेषज्ञों की निजी FSL रिपोर्ट भी यही बात सुझाती है। एल्युमीनियम पाउडर, जो कि एक विस्फोटक पाउडर है और शोरा (पोटैशियम नाइट्रेट), जो इस पाउडर के दहन में सहायक होता है, इन दोनों का 2 से 3 किलोग्राम का असंतुलित मिश्रण सुबह लगभग 10 से 10:30 बजे के बीच तैयार किया गया था।
यह खबरें भी पढ़ें...
देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: SDM और नायब तहसीलदार समेत 4 सस्पेंड, न्यायिक जांच शुरू
देवास पटाखा फैक्ट्री धमाका: सरकार का बड़ा फैसला, HC के रिटायर्ड जज करेंगे हादसे की न्यायिक जांच
देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का mr-x : मेन खिलाड़ी को सामने लाने में फूल रहे हाथ-पैर
देवास ब्लास्ट के बाद वायरल फोटो पर सियासी घमासान,“हादसे के बाद दूरी… लेकिन हादसे से पहले किसके साथ खड़े थे नेता?”