विधायक गायत्री राजे के ट्रस्ट का पलासिया वाला 100 करोड़ का प्लॉट, इंदौर निगम के साथ विवाद में
स्वर्गीय महाराज तुकोजीराव पवार के परिवार में संपत्ति को लेकर साल 2021 से विवाद चल रहा है। उनकी बहन शैलजा राजे ने जिला कोर्ट में संपत्ति में एक चौथाई हिस्से की मांग की है। यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। वहीं, परिवार के श्रीमंत महाराजा तुकोजीराव पवार धार्मिक और चैरिटेबल ट्रस्ट के पास भी करोड़ों रुपए की संपत्ति है। इसी में इंदौर के पलासिया का प्लॉट भी शामिल है।
100 करोड़ का है प्लॉट
यह प्लॉट पलासिया में ब्लॉक 21 व 22 में स्कीम दो, एबी रोड पर स्थित है। प्लॉट 35 हजार 396 वर्गफीट का है। इसकी बाजार कीमत आज 100 करोड़ से ज्यादा की है। संपत्ति विवाद के चलते इस प्लॉट का विवाद इंदौर नगर निगम में उलझ गया है।
नगर निगम इंदौर से यह विवाद
ट्रस्ट ने पलासिया के इस प्लॉट को फ्री-होल्ड कराने के लिए इंदौर नगर निगम में आवेदन दिया था। इस पर लंबे समय तक निगम और ट्रस्ट के बीच पत्राचार चलता रहा। आखिरकार निगम ने आवेदन खारिज कर दिया। निगम का कहना था कि इस संपत्ति को लेकर जिला कोर्ट में पहले से ही सिविल विवाद चल रहा है।
इसके बाद ट्रस्ट ने इंदौर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने पहले निगम को तीन महीने के भीतर नए सिरे से आवेदन पर विचार करने का आदेश दिया। इसके बावजूद निगम ने दोबारा आवेदन खारिज कर दिया। इसके बाद ट्रस्ट फिर हाईकोर्ट पहुंचा। ट्रस्ट ने अपनी याचिका में कहा कि जिला कोर्ट ने संपत्ति पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई है। ऐसे में प्लॉट को फ्री-होल्ड कराने का उसका अधिकार बनता है।
हाईकोर्ट ने प्लॉट विवाद पर यह दिए आदेश
इंदौर हाईकोर्ट ने अब प्लॉट को फ्री-होल्ड कराने की मांग वाली याचिका पर आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि नगर निगम ने बिना कोई ठोस वजह बताए ही ट्रस्ट का आवेदन खारिज कर दिया। निगम ने जिला कोर्ट में चल रहे मुकदमे का हवाला तो दिया, लेकिन यह नहीं बताया कि उस मुकदमे का प्लॉट के फ्री-होल्ड होने से क्या संबंध है। साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं किया कि मुकदमा लंबित होने से ट्रस्ट को लीजहोल्ड जमीन को फ्री-होल्ड कराने का अधिकार क्यों नहीं मिल सकता।
कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों को किसी भी आवेदन पर फैसला लेते समय उसके पीछे की वजह साफ बतानी चाहिए। निगम के मौजूदा आदेश में न तो कोई ठोस कारण है और न ही सही तर्क। इसलिए हाईकोर्ट ने नगर निगम को फिर से आवेदन पर विचार करने और 90 दिनों के भीतर नया आदेश जारी करने को कहा है।
ट्रस्ट की संपत्ति 1239 करोड़
श्रीमंत महाराज कृष्णाजी राव पवार की चार संतानें थीं। इनमें तुकोजीराव पवार, उत्तराराजे पवार, शैलजाराजे पवार और देविका राजे पवार शामिल हैं।
स्वर्गीय महाराज तुकोजीराव पवार की पत्नी गायत्री देवी हैं, जो देवास से बीजेपी विधायक हैं। उनके बेटे विक्रम पवार डेली कॉलेज बोर्ड के प्रेसिडेंट हैं। उनकी एक बेटी कनिकाराजे पवार भी हैं।
वहीं शैलजाराजे पवार ने परिवार की संपत्ति में एक चौथाई हिस्सा मांगा है। इस मामले में देवास जिला कोर्ट में केस चल रहा है। शैलजाराजे की ओर से कोर्ट में बताया गया है कि ट्रस्ट की कुल संपत्ति 1,239 करोड़ रुपए की है। इसमें उनका हिस्सा करीब 307 करोड़ रुपए बनता है।
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि गायत्री राजे और उनका परिवार अलग-अलग अचल संपत्तियों और बिजनेस से हर महीने करीब 1 करोड़ रुपए किराया पाता है। शैलजाराजे का कहना है कि इन संपत्तियों में भी उनका हिस्सा बनता है। फिलहाल यह विवाद कोर्ट में चल रहा है।
खबर से जुड़े दस्तावेज नीचे दिए गए हैं...