देवास में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत, पुलिस ने फैक्टरी मालिक को दबोचा
धर्मेंद्र योगी @ देवास
देवास जिले के टोंक कलां इलाके में गुरुवार सुबह 11:30 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। जानकारी के मुताबिक हादसे पांच लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
धमाके के बाद फैक्ट्री के परिसर में अफरातफरी मच गई और वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंच गई है।
घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जा गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।
दो ने देर रात दम तोड़ा
धमाका इतना तेज था कि शवों के टुकड़े दूर-दूर तक फैल गए हैं। सुबह कलेक्टर ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। तीन महिलाएं अभी भी लापता हैं। देर रात अमर और गुड्डू नाम के दो मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के अनुसार पुलिस ने लायसेंसी अनिल मालवीय को हिरासत में ले लिया है।
धमाके से टूटी फैक्ट्री की दीवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका (पटाखा फैक्ट्री में आग) इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की दीवारें टूट गई हैं। आसपास धुएं का गुबार फैल गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और प्रशासन को सूचित किया है। हादसे के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है।
अब प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। पुलिस ने फैक्ट्री को घेरकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो केमिकल से तैयार हो रहा था बारूद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फैक्ट्री में दो केमिकल मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था। केमिकल की मात्रा सही नहीं था। इसी कारण अचानक विस्फोट हो गया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे।
लंच से लगभग 15 से 20 मिनट पहले ही यह धमाका हुआ था। बताया गया कि उस वक्त कर्मचारियों का खाना भी आ चुका था, लेकिन धमाका होते ही सभी लोग खाने को छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर कहा कि, देवास जिले के टोंककला क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भयानक विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है।
मैंने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के प्रभारी और उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव, और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस घटना की जांच का आदेश भी दिया गया है।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा।
मैं बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोक-संतप्त परिवारों को दुख सहने की शक्ति, और घायलों की जल्दी स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
देर रात इंदौर में घायलों से मिलने पहुंचे सीएम
इंदौर में सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने उपचारत मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को छोड़ने वाली नहीं है। इसमें बड़े स्तर पर जांच होगी और जो भी लापरवाही सामने आएगी, उसमें कठोर कार्रवाई की जाएगी। पटाखा फैक्ट्री के मामले में संबंधित पर रासुका भी लगाई है और सख्त कार्रवाई की है। फिलहाल हमारा ध्यान है कि जो घायल हुए हैं, उनका बेहतर इलाज हो, इसके निर्देश दिए गए हैं। यह घटना हमारे लिए सबक भी है
ये खबरें भी पढ़िए...
बालोद में सीवरेज खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: देवास में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, कई लोगों के हताहत होने की खबर
राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग, 12 लोग झुलसे, पांच धमाकों से फैली लपटें
बरगी डैम क्रूज हादसा: सरकार ने न्यायिक जांच आयोग बनाया, तीन माह में रिपोर्ट देगा