दिग्विजय सिंह का बीजेपी पर हमला, बोले- क्या झारखंड में भाजपाइयों को नेस्तनाबूद करेंगे ?, वीडी शर्मा ने किया पलटवार
BHOPAL. झारखंड की राजधानी रांची में हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं के विरोध- प्रदर्शन को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत शुरू हो गई है। राज्यसभा सांसद और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एक्स पर रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा का वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी से सवाल किए हैं। दिग्विजय सिंह ने पूछा कि छतरपुर की तरह झारखंड में भी भाजपाइयों के घर बुलडोजर चलवाएंगे?..
इन भाजपाइयों को नेस्तनाबूद करेंगे?
दिग्विजय सिंह ने रांची के एसएसपी का वीडियो रिट्वीट करते हुए लिखा है कि वीडी शर्मा अब इन बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी नेस्तनाबूद कर उनके घर पर जेसीबी चलवाएंगे? दिग्विजय सिंह ने छतरपुर में थाने में पथराव के बाद हुई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बीजेपी को जमकर घेरा है।
दिग्विजय सिंह ने छतरपुर में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कहा कि छतरपुर में थाने पर पथराव का वह समर्थन नहीं करते, लेकिन इसके आरोपी हाजी शहजाद अली के घर और गाड़ियों पर बुलडोजर चलाना और उसे गुनहगार बताना भी संदेह पैदा करता है। देखिए ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने क्या कहा।
वीडी शर्मा ने किया पलटवार
बीजेपी ने भी पलटवार करते हुए दिग्विजय सिंह पर करारा हमला बोला। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सवालों का जवाब देते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह को झूठ परोसने का टेंडर मिला है। वीडी शर्मा ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह का कैरेक्टर रहा है कि झूठ को कैसे परोसा जाए। कहीं मस्जिद पर कुछ हो रहा है तो दिग्विजय सिंह ने उसे एमपी की मस्जिद दिखाने का काम किया। पाकिस्तान की रोड खराब थी, उसे भोपाल की रोड भी बताई और फिर डिलीट करके भाग गए।
रांची में पुलिस पर पथराव की घटना पर वीडी शर्मा ने कहा कि रांची में सरकार किसकी है?... पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी गुंडिज्म कर रही हैं। टीएमसी के गुंडे और अपराधी मैदान में उतर गए, तो बीजेपी वकार्यकर्ता क्या करेगा। बीजेपी कार्यकर्ता उन अपराधियों से लड़ रहा है। वीडी शर्मा ने आगे कहा कि यहां जिनके खिलाफ कार्रवाई हुई है, उन्होंने थाने में घुसकर कानून तोड़ा है। दिग्विजय सिंह आप संवैधानिक पद पर रहे हैं। सीएम रहे हैं तो क्या आप इसे उचित मानते हैं?
जुल्म कर रही हेमंत सोरेन सरकार
झारखंड बीजेपी प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हमला बोला है। शिवराज सिंह ने कहा कि झारखंड में अन्याय की अति हो चुकी है। हेमंत सोरेन सरकार जुल्म कर रही है। अराजक सरकार नौजवानों के आक्रोश का मुकाबला नहीं कर पा रही। सरकार ने 5 लाख नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने के वादे पूरे नहीं किए हैं। युवाओं का आक्रोश जताने बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आ रहे थे, तो बर्बरता की गई। इस दौरान शिवराज सिंह ने झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला।
बता दें कि झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान बेकाबू होते प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। आंसू गैस के गोले भी छोड़े थे। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर रबर बैलेट फेंके हैं।
thesootr links
- मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक