दिग्विजय सिंह ने फिर किया ज्योतिरादित्य सिंधिया को याद, सोनिया के साथ डाली फोटो, बोले- वो भी क्या दिन थे
खास बात यह है कि हाल ही में सोनिया गांधी की किताब में भी माधवराव सिंधिया का जिक्र हुआ है। ऐसे में दिग्विजय सिंह की इस पुरानी तस्वीर वाली पोस्ट ने एक बार फिर सियासी अतीत की याद दिला दी है।
दिग्विजय और सिंधिया के बीच पहले भी हो चुकी है बयानबाजी
दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच राजनीतिक बयानबाजी कोई नई बात नहीं है। दोनों नेता कई बार एक-दूसरे पर निशाना साध चुके हैं। मार्च 2020 में जब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था, तब इसके पीछे दिग्विजय और सिंधिया के बीच अनबन को भी एक वजह बताया गया था।
हालांकि, दिग्विजय सिंह ने एक इंटरव्यू में इन बातों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि विवाद उनके और सिंधिया के बीच नहीं था, बल्कि कमलनाथ और सिंधिया के बीच था। दिग्विजय ने यह भी दावा किया था कि उन्होंने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की थी।
अब दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सिंधिया की कांग्रेस के समय की पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है।
यह है फोटो में, सिंह ने यह लिखा-
दिग्विजय सिंह ने लिखा कि यह ऐतिहासिक फोटो उन्हें सिंधिया के एक शुभचिंतक ने भेजी है। यह तस्वीर उस समय की है, जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई थी। उस समय मैं मुख्यमंत्री था और राधाकिशन मालवीय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे।
फोटो में तीन पूर्व मुख्यमंत्री श्यामाचरण शुक्ल, अर्जुन सिंह और मोतीलाल वोरा भी मौजूद थे। इनके अलावा इंदिरा गांधी की कैबिनेट में मंत्री रहे नरसिंहगढ़ के महाराजा भानु प्रकाश सिंह भी थे।
दिग्विजय सिंह ने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, वो भी क्या दिन थे! बम बम भोले, जय सिया राम।
कब की है यह फोटो
माधवराव सिंधिया का 30 सितंबर 2001 को विमान दुर्घटना में निधन हुआ था। इस भावुक पल के बाद 17 दिसंबर 2001 को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ली। फिर फरवरी 2002 में गुना से सांसद निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वह 10 मार्च 2020 तक लगातार कांग्रेस के साथ बने रहे। लेकिन मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार बनने के बाद संबंधों में तनाव आया और सिंधिया अपने समर्थक विधायकों के साथ बीजेपी में चले गए थे। इसके बाद कमलनाथ सरकार गिर गई थी।
हाल ही में सोनिया की किताब में माधवराव को किया गया याद
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव में दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया के साथ अपने आत्मीय रिश्तों को याद किया है। उन्होंने माधवराव सिंधिया को अपना सच्चा हितैषी बताते हुए लिखा है कि उनके शुरुआती राजनीतिक सफर में सिंधिया ने एक मजबूत सहारे और मार्गदर्शक की भूमिका निभाई थी। मुश्किल समय में वे चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे।
संसद में माधवराव ने किया सहयोग
सोनिया गांधी ने आत्मकथा में वर्ष 1999 के शुरुआती राजनीतिक दौर का जिक्र किया है। उस समय वे पहली बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंची थीं और नेता प्रतिपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रही थीं। सोनिया के मुताबिक संसदीय राजनीति उनके लिए नई थी और कई मौकों पर वे असहज या अनिश्चित महसूस करती थीं। ऐसे समय में माधवराव सिंधिया उनकी मनोदशा को समझ लेते थे।
वे उनकी घबराहट पहचानकर उन्हें भरोसा दिलाते और एक वरिष्ठ सहयोगी की तरह हौसला बढ़ाते थे। किताब में लिखा है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और माधवराव सिंधिया के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों नेताओं के संबंध केवल राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक स्तर तक आत्मीय थे। राजीव गांधी के निधन के बाद भी गांधी परिवार और माधवराव सिंधिया के बीच ये अपनत्व बना रहा। सक्रिय राजनीति में आने के बाद माधवराव सिंधिया ने उन्हें सहयोग और मार्गदर्शन दिया था।