पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में 7.17 करोड़ की टिकट बिकी, 61 लाख टैक्स जमा
वहीं, धमकियों के बीच दिलजीत के कॉन्सर्ट को नगर निगम से हरी झंडी मिल गई है। दरअसल, नगर निगम ने आयोजकों से 13 नवंबर तक बिके टिकटों का पूरा हिसाब मांगा था। साथ ही साफ कहा था कि टिकट बिक्री के हिसाब से टैक्स जमा करने के बाद ही आयोजन की अनुमति मिलेगी।
इसके बाद आयोजकों ने टिकट बिक्री का हिसाब नगर निगम को सौंप दिया और तय टैक्स भी जमा कर दिया। इसके बाद नगर निगम ने कॉन्सर्ट के आयोजन के लिए अनापत्ति दे दी है।
यह हिसाब बताया आयोजकों ने
आयोजकों ने बताया कि 13 नवंबर तक आयोजन के 7 करोड़ 17 लाख 76 हजार 982 रुपए के टिकट बिके हैं। इस पर निगम का टैक्स 60 लाख 83 हजार 795 रुपए जमा करा दिया गया है। इसके बाद आगे जो टिकट बिकेंगे और जो बाकी टैक्स होगा उसे आयोजन के बाद भरा जाएगा।
यहां हो रहा है यह शो
दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर 2026 (Aura India Tour 2026) के शोज शुरू हो चुके हैं। इंदौर में यह शो 15 नवंबर को सी 21 एस्टेट पर हो रहा है। धमकियों के बीच में यह कॉन्सर्ट पहले ही काफी संवेदनशील है।
इस बार 40 हजार की क्षमता रखी-
दिसंबर 2024 में हुए दिलजीत शो में टिकट को लेकर भारी मारामारी हुई थी। तब टिकट की क्षमता 25 से 30 हजार के बीच ही रखी गई थी। इस दौरान 25 हजार टिकट बिके थे। वहीं इस बार मैदान की क्षमता को बढ़ाकर 40 हजार दर्शक की रखी गई है। लेकिन अभी तक करीब 13-14 हजार टिकट ही बिकने की खबर है।
टिकटों के दाम इस बार यह रखे गए
इस बार टिकट के लिए अलग-अलग कैटेगरी है। इसमें सिल्वर कैटेगरी सबसे कम दर वाली 3499 रुपए की है। इसके बाद गोल्ड की कैटेगरी है जो 7499 रुपए की है। फिर फैनपिट है जो 12499 रुपए का है। साथ ही रुपे लाउंज है जो 14999 रुपए का है। सबसे बड़ा सेक्टर गोल्ड का बनाया गया है। मैदान का सबसे पीछे का हिस्सा सिल्वर है।
गोल्ड और फैनपिट में कर दी चूक
वहीं बॉक्स बनाने में भी आयोजकों ने इस बार चूक कर दी है। स्टेज के एक ओर फैनपिट है, जिसका टिकट दर 12 हजार 499 रुपए है तो वहीं दूसरी ओर आधे हिस्से में गोल्ड सेक्टर भी है जिसकी दर 7499 रुपए है। वहीं गोल्ड कैटेगरी इसके बाद पीछे तक फैली हुई है। यानी जो गोल्ड कैटेगरी में टिकट लेकर आगे की ओर रहेगा उसे वही लोकेशन मिलेगी जो महंगी टिकट दर फैनपिट वालों को मिलेगी।
दिसंबर 2024 के शो जैसा क्रेज नहीं
दिसंबर 2024 में भी दिलजीत का शो दिल-लुमिनाती इंडिया टूर के तहत इंदौर में हुआ था। तब मनोरंजन कर को लेकर निगम से काफी विवाद हुआ। इसमें टिकट की बिक्री कम बताने का मामला सामने आया। इसके बाद आयोजक सारेगामा कंपनी ने टैक्स भरा। यह विवाद अगस्त 2026 में निगम की अनापत्ति के साथ खत्म हुआ। मार्केट विभाग निगम ने 65 लाख का कुल टैक्स मिलने की बात कहते हुए एनओसी जारी की।
दो साल पहले बिके थे 16 करोड़ के टिकट
कंपनी सारेगामा ने दिसंबर 2024 में हुए दिल-लुमिनाती इंडिया टूर 2024 आयोजन को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि 14 शहरों में (इंदौर में भी) यह शो हुआ और इसमें तीन लाख 20 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा। इसमें टिकट बिक्री से 221 करोड़ की कमाई हुई। आयोजकों ने हर शहर में बिके टिकट की अलग से जानकारी नहीं दी है, लेकिन यहां आए दर्शक संख्या बताई है।
इसके अनुसार सबसे ज्यादा दिल्ली में 60 हजार 790 दर्शक आए थे। वहीं इंदौर में यह संख्या 24 हजार 622 थी। यदि कुल टिकट की कमाई और दर्शकों की संख्या को डिवाइड करें तो प्रति दर्शक टिकट दर 6800 रुपए आती है। और यदि इसे इंदौर में आए दर्शकों की संख्या (24 हजार 622) के साथ गुणा करें तो यह 16 करोड़ करीब आती है।
टैक्स बनता था 1.60 करोड़ रुपए
नगर निगम द्वारा 10 फीसदी मनोरंजन कर लिया जाता है। इस हिसाब से 16 करोड़ की टिकट बिक्री पर निगम को एक करोड़ 60 लाख मिलना था। लेकिन निगम ने केवल 65 लाख की राशि पर कंपनी को एनओसी देकर मामला खत्म कर दिया। यानी निगम को 90 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ।
कॉन्सर्ट को मिली है धमकी
वहीं इस शो को लेकर पहले ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कारण है कि आयोजन को लेकर लगातार दिलजीत को धमकी भरे ई-मेल आ रहे हैं। हाल ही में इंदौर में महापौर ऑफिस, दिलजीत के शो व तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ऐसे में इस शो को लेकर पहले ही मामला संवेदनशील है।
वहीं यह गाने भी हुए प्रतिबंधित
वहीं चंडीगढ़ के डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत पर महिला और बाल विकास विभाग के डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर को निर्देश दिए गए हैं कि कॉन्सर्ट में ऐसे गाने न बजाए जाएं जिनका बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है। कुछ गानों पर बैन लगाया गया है, जिन्हें सिंगर कॉन्सर्ट में नहीं गा सकेंगे। इनमें दिलजीत दोसांझ का चर्चित ट्रैक पटियाला पेग शामिल है। इसके अलावा 5 तारा ठेके, जेब विचों फ्रीम और जट्ट फायर करदा भी हैं, जिन्हें दिलजीत नहीं गाएंगे।