दिलजीत दोसांझ के इंदौर शो में ब्लास्ट की धमकी, ई मेल में अमिताभ बच्चन के जलसा में भी धमाके की बात

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Nov 02, 2026, 14:32 IST
दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट पर आतंकी धमकी, ई-मेल में जलसा को उड़ाने की भी बात
A threat email targets Diljit Dosanjh's Indore concert and also mentions Amitabh Bachchan's Jalsa bungalow.
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर शो को लेकर धमकी भरा ई-मेल आया है। यह ई-मेल खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है। इसे महापौर पुष्यमित्र भार्गव के ऑफिस समेत कुछ अन्य लोगों को भेजा गया है। ईमेल मे महापौर ऑफिस इंदौर को भी उड़ाने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी शो को लेकर धमकी मिली थी।

दिलजीत इन दिनों अपने शो कर रहे हैं। दिल्ली में उनका शो हो चुका है। अब 15 नवंबर को इंदौर में कार्यक्रम होना है। यह शो सी-21 मैदान में होगा। ई-मेल में आईईडी और आईफोन से धमाके करने की धमकी दी गई है। इसमें 27 नवंबर को अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा में भी बम धमाके की बात लिखी गई है।



इनके द्वारा भेजा गया ई मेल

ईमेल भेजने वालों में खालिस्तानी नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरानाख सिंह, रुखन शाहवाला और डॉ. गुरनिरवेर सिंह के नाम हैं। इसके अलावा, बब्बर खालसा (परमार-कनाड़) के प्रोफेसर गुरकाल सिंह पीएचडी का नाम भी लिखा है।



क्यों मिल रही है धमकी

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को हाल ही में धमकियों और विरोध का सामना करना पड़ा है। अमेरिका स्थित खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' (SFJ) ने उन्हें धमकी दी है। यह धमकी उनके हालिया ऑस्ट्रेलिया और दूसरे शो के दौरान दी गई है।



संगठन का आरोप है कि दिलजीत ने बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे। उनका सम्मान करके 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। SFJ ने उनके कॉन्सर्ट बंद कराने और उनमें बाधा डालने की चेतावनी दी है। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाल ही में एक साजिश का खुलासा किया है।



इसमें मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तानी नारे लिखने और दिलजीत के शो में बाधा डालने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।



मुंबई मेयर को भी भेजा गया था धमकी भरा मेल

दिलजीत दोसांझ को आत्मघाती हमले की धमकी वाला मेल मिला था। यह मेल 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े के ऑफिस में भेजा गया था। इस बीच दिलजीत दोसांझ ऋषिकेश में बेफिक्र घूमते नजर आए। रविवार को उन्होंने बिना सिक्योरिटी मां गंगा का आचमन किया। इसके बाद हाथ जोड़कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया।



वे गंगा किनारे टहलते और खुद रील शूट करते भी दिखे। इस दौरान वे करीब 15 मिनट तक अकेले बैठे रहे। वे नदी किनारे पत्थरों के बीच समय बिताते नजर आए। दिलजीत ने वशिष्ठ गुफा में भी कुछ समय बिताया। यह गुफा बद्रीनाथ मार्ग पर शिवपुरी और व्यासी के बीच स्थित है। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी था। स्थानीय लोगों को भी उनके आने की भनक नहीं लगी।



अमिताभ बच्चन को पहले भी मिली है धमकी

अमिताभ बच्चन को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। साल 2023 में मुंबई पुलिस को एक धमकी भरा फोन आया था। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले समेत कई जगहों पर धमाके की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाकर मामले की जांच शुरू की थी। अब एक बार फिर बिग बी की सुरक्षा चर्चा में है। जलसा के बाहर बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे उनका दिखना बड़ा बदलाव माना जा रहा है। हालांकि, इस नए इंतजाम की आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।



FAQ

  1. दिलजीत दोसांझ के इंदौर शो को लेकर क्या धमकी मिली है?
    धमकी भरे ई-मेल में इंदौर शो के दौरान आईईडी और आईफोन से धमाके करने की बात कही गई है।
  2. दिलजीत दोसांझ का इंदौर में कार्यक्रम कब होगा?
    दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट 15 नवंबर को सी-21 मैदान में होना है।
  3. यह धमकी भरा ई-मेल किसके नाम से भेजा गया है?
    यह ई-मेल खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है। इसे महापौर पुष्यमित्र भार्गव के ऑफिस सहित कुछ अन्य लोगों को भेजा गया।
Tags:
  • दिलजीत दोसांझ
  • दिलजीत इंदौर शो
  • खालिस्तानी नेशनल आर्मी
  • अमिताभ बच्चन
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • सिख फॉर जस्टिस
  • SFJ
  • DILJIT INDORE CONCERT THREAT
  • Indore News
  • Amitabh Bacchan Jalsa