दिलजीत दोसांझ ने प्रतिबंधित गाने गाकर दिखाए तेवर, अधिकारी आए बैकफुट पर, बोले- कार्रवाई नहीं
इतना ही नहीं, दिलजीत ने मंच से अपने विरोधियों को भी जमकर जवाब दिया। उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर सुनाते हुए साफ कहा कि हिंदुस्तान किसी के बाप का थोड़ी है।
दरअसल, यह पूरा मामला उस पत्र से जुड़ा है, जिसे इंदौर के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने कॉन्सर्ट के आयोजकों को भेजा था।
अब दिलजीत तो अपना शो करके और जवाब देकर चले गए, लेकिन अधिकारियों के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि जब रोक के बावजूद गाने गाए गए, तो अब कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? वहीं, कार्रवाई के सवाल पर अधिकारी भी कोई सीधा जवाब देने के बजाय गोल-मोल बातें करते नजर आ रहे हैं।
क्या पत्र हुआ था जारी
जिला बाल संरक्षण अधिकारी इंदौर रजनीश सिन्हा ने आयोजकों को पत्र भेजा था। इसमें कहा गया था कि पंजाब-हरियाणा कोर्ट ने एक आदेश 22 जुलाई 2019 को जारी किया है। इसमें कहा गया है कि पटियाला पैग, 5 तारा, जीभ विचों, जट उठे गाने छोटे बच्चों पर दुष्प्रभाव डालते हैं। वहीं इंदौर में आयोजन में पांच साल से अधिक उम्र वालों को भी प्रवेश की पात्रता है।
इन गानों से छोटे बच्चों पर दुष्प्रभाव पड़ता है। ये उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करते हैं। इसलिए इस आयोजन में ये गाने नहीं गाए जाना सुनिश्चित करें। यह कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धारेनावर के 1 नवंबर 2026 के पत्र के बाद की गई है। इसमें उन्होंने बच्चों को स्टेज पर न बुलाने और बुलेट बेल्ट न पहनने की भी मांग की थी। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिसंबर 2024 में भी इसके पहले दिलजीत का शो इंदौर में हो चुका है। तब यह बात नहीं आई थी।
फिर दिलजीत ने ऐसे दिया जवाब
दिलजीत ने मंच से कहा कि- यह नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते हैं, ये गाना वो नहीं गाना। हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है। अगर खिलाफ है तो होने दो, जान थोड़ी है। ये सब धुआं है, आसमान थोड़ी है।
राहत इंदौरी का यह शेर कहा-
किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है
मैं जानता हूं कि दुश्मन भी कम नहीं लेकिन
हमारी तरह हथेली पे जान थोड़ी है
सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में
किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है
अब क्या बोल रहे हैं अधिकारी
वहीं इस मामले में अब जिला बाल संरक्षण अधिकारी रजनीश सिन्हा से द सूत्र ने बात की। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर कंसर्ट में 13 प्लस उम्र वालों को प्रवेश दिया जाता है, लेकिन इंदौर के आयोजन में पांच प्लस वालों को भी प्रवेश था। हाईकोर्ट ने किन्हीं गानों की लिस्ट नहीं दी है, लेकिन यह गाइडलाइन दी थी कि नशे, हथियार संबंधी गानों से बच्चों पर दुष्प्रभाव पड़ता है। इसलिए हमने पत्र लिखा था। जब पूछा कि उन्होंने तो गाने गाए हैं इस पर क्या कार्रवाई होगी।
इस पर सिन्हा ने कहा कि हमने बाल संरक्षण अधिकारी की हैसियत से ये गाने नहीं गाने के लिए अनुरोध किया था। कोर्ट ने भी ऐसा नहीं कहा कि यदि गा दिया तो क्या कर देंगे। इंदौर पुलिस ने भी तय बिंदुओं पर उन्हें आयोजन की मंजूरी दी है तो वह देखेंगे। कार्रवाई की बात पर उन्होंने कहा कि सिस्टम धीरे-धीरे लोगों को जागरूक करता है। ऐसा हो जाता है तो जो भी होगा विधिक तौर पर किया जाएगा।