जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट पर ED का शिकंजा, एमडी किशन मोदी को भेजा जेल, 20 करोड़ की संपत्ति जब्त
News in Short
- ED ने 13 मार्च 2026 को भोपाल में कंपनी संचालक किशन मोदी को गिरफ्तार किया।
- मामला Jayshri Gayatri Food Products और Milk Magic डेयरी उत्पाद निर्यात से जुड़ा है।
- जांच में दूध फैट की जगह पाम ऑयल और केमिकल मिलाने का आरोप सामने आया।
- निर्यात के लिए कई फर्जी लैब रिपोर्ट जमा कर एक्सपोर्ट क्लीयरेंस लिया गया।
- रिमांड के बाद किशन मोदी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
News in Detail
BHOPAL. ईडी की भोपाल शाखा ने इस मामले में जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के एमडी किशन मोदी को मुख्य आरोपी बनाया है। पहले 13 मार्च 2026 को किशन मोदी को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें 18 मार्च तक रिमांड पर रखने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 के तहत की गई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के मुताबिक यह मामला Jayshri Gayatri Food Products Pvt Ltd कंपनी से जुड़ा हुआ है। यह कंपनी Milk Magic ब्रांड नाम से डेयरी उत्पाद तैयार और बेचती थी। जांच में सामने आया कि कंपनी ने देश और विदेश में डेयरी उत्पादों का व्यापार किया। लेकिन इस व्यापार के दौरान कई गंभीर अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोप सामने आए।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भोपाल की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आगे की जांच के लिए आरोपी को 18 मार्च 2026 तक ED कस्टडी में भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान कई अहम दस्तावेज और सबूत जुटाए जाएंगे।
यह खबरें भी पढ़ें...
बड़ी खबर : जयश्री गायत्री डेयरी के प्रोडक्ट में मिली जानवरों की चर्बी!
बड़ी खबर : जयश्री गायत्री डेयरी के प्रोडक्ट में मिली जानवरों की चर्बी!
कैसे शुरू हुई इस मामले की जांच
इस पूरे मामले की शुरुआत भोपाल में दर्ज पुलिस शिकायतों से हुई थी। पहला मामला 29 अगस्त 2023 को हबीबगंज थाने में दर्ज किया गया था।
इसके बाद दूसरा मामला 22 जुलाई 2024 को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दर्ज किया। इन शिकायतों में कंपनी के अधिकारियों पर आर्थिक गड़बड़ी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए। इन्हीं शिकायतों के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। जांच में 20.59 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग सामने आई।
जांच में सामने आया मिल्क मैजिक डेयरी उत्पादों का खेल
जांच के दौरान अधिकारियों को डेयरी उत्पादों को लेकर चौंकाने वाली जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि कंपनी Milk Magic ब्रांड से डेयरी उत्पाद बेच रही थी। लेकिन आरोप है कि इन उत्पादों में असली दूध की जगह मिलावट की जाती थी। दूध की फैट की जगह पाम ऑयल और अन्य केमिकल मिलाने के आरोप लगे हैं। ऐसे उत्पाद सिर्फ भारत में नहीं बेचे गए बल्कि विदेशों में भी निर्यात किए गए। इससे देश की छवि और उपभोक्ताओं की सेहत दोनों पर सवाल खड़े हुए।
एक्सपोर्ट के लिए बनाए गए फर्जी लैब रिपोर्ट
विदेश में खाद्य उत्पाद भेजने के लिए गुणवत्ता जांच जरूरी होती है। इसके लिए मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं से जांच रिपोर्ट लेनी होती है। यह रिपोर्ट Export Inspection Agency (EIA) को दी जाती है। इसके बाद ही निर्यात की अनुमति मिलती है।
लेकिन जांच में पता चला कि कंपनी ने कई फर्जी लैब रिपोर्ट जमा कीं। जब ED ने संबंधित प्रयोगशालाओं से जांच की तो सच सामने आया। कई लैब ने साफ कहा कि उन्होंने ऐसी कोई रिपोर्ट जारी ही नहीं की। इससे साफ हुआ कि निर्यात के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
फर्जी दस्तावेजों से हुआ करोड़ों का निर्यात
जांच में यह भी सामने आया कि इन फर्जी रिपोर्टों के आधार पर निर्यात किया गया। जयश्री गायत्री फूड फैक्टरी ने विदेशों में डेयरी उत्पाद भेजकर बड़ी रकम कमाई। यह रकम कंपनी के बैंक खातों में जमा हुई।
ED के मुताबिक यह खाते Axis Bank और HDFC Bank में थे। जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क से लगभग ₹20.59 करोड़ की कमाई हुई। ED का कहना है कि यह रकम अवैध तरीके से कमाई गई आय मानी जाएगी। मनी लॉन्ड्रिंग कानून के अनुसार इसे प्रोसीड्स ऑफ क्राइम कहा जाता है।
यह खबरें भी पढ़ें...
जयश्री गायत्री फूड फैक्ट्री में रेड, मालिक के घर पर पहुंची टीम, लगा मिला ताला
ईडी अधिकारी बनकर मांगी 15 लाख की रिश्वत, एसीबी ने रुपए लेते किया रंगे हाथों गिरफ्तार
अब जांच में और खुल सकते हैं बड़े नाम
ED अधिकारियों का कहना है कि यह जांच अभी जारी है। कई और दस्तावेज, बैंक ट्रांजैक्शन और निर्यात रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। संभावना है कि इस मामले में कंपनी के अन्य अधिकारी भी जांच के दायरे में आएंगे। जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों से पूछताछ और गिरफ्तारी भी हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी रहेगी।
Jayshree Gayatri Milk Magic Group