ESB ने कॉमर्स भर्ती परीक्षा का ग्रुप बदला, सिलेबस से लेकर परीक्षा पैटर्न भी बदलने से परेशान अभ्यर्थी
कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने हाल ही में ग्रुप टू-सबग्रुप 4 के 2100 से ज्यादा पदों की भर्ती निकाली है। इसमें ऑडिटर-जूनियर ऑडिटर और लेखापाल के पद भी शामिल किए गए हैं। लेकिन इसके पहले यह पद ग्रुप टू-सबग्रुप 2 की भर्ती में शामिल होते थे। कॉमर्स के उम्मीदवारों ने इसका विरोध जताते हुए ईएसबी में जाकर ज्ञापन और मांगपत्र सौंपा है।
क्यों हो रहा है इसका विरोध
उम्मीदवारों का कहना है कि ग्रुप बदलने से इस परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस दोनों बदल गया है। जबकि उम्मीदवार पुराने पैटर्न और सिलेबस के हिसाब से ही सालों से तैयारी कर रहे थे। वहीं साल 2017 के बाद पात्रता नियमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, ऐसे में ग्रुप बदलने का कोई कारण नहीं है।
इस तरह हो रहा है प्रभाव
साल 2022 की परीक्षा 200 अंकों की थी जिसमें 100 अंक कॉमर्स विषय को लेकर थे। नए भर्ती विज्ञापन में यह पद आने से पैटर्न बदल गया है। इससे कॉमर्स उम्मीदवारों पर काफी प्रभाव पड़ रहा है और उनके विषय के अंकों का महत्व काफी कम हो जाएगा। वहीं अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि जब भर्ती के लिए उम्मीदवार की योग्यता ही नहीं बदली तो फिर ग्रुप बदलने का कोई कारण नहीं है।
केवल 40 दिन में क्या होगा
उम्मीदवारों ने ईएसबी को बताया कि बिना पूर्व सूचना के सिलेबस बदला गया है। वहीं, तैयारी के लिए केवल 40 दिन का समय मिलेगा। ऐसे में कॉमर्स उम्मीदवारों को परीक्षा में मुश्किल होगी। इसलिए मांग है कि इन पदों को फिर से ग्रुप टू-सबग्रुप 2 में ही रखा जाए और यहां से यह भर्ती हटाई जाए।