Synopsis: मध्यप्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट हो गया। जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। ब्लास्ट से आसपास के 60 से ज्यादा घरों में आग लग गई। फैक्टरी के आसपास सड़क पर कुछ शव पड़े दिख रहे हैं।
धमाके से दहल उठा शहर
फैक्टरी मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। फैक्टरी में मंगलवार सुबह इतना तेज धमाका हुआ कि पूरा शहर दहल उठा है। आतिशबाजी के लिए रखे बारूद के संपर्क में आकर आग ने विकराल रूप ले लिया। इसकी वजह से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है। फैक्टरी से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।BHOPAL. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के हमीदिया अस्पताल में हरदा ब्लास्ट के घायलों से मुलाकात की और हालचाल पूछा। उन्होंने कहा कि कहा कल विधानसभा में भाग लेने के बाद हरदा जाएंगे। सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में फटाखा फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण होगा। हरदा हादसे में कड़ी कार्रवाई होगी। ऐसी कार्रवाई करेंगे जो उनको (दोषियों) भी याद रहे। इस मामले में जांच के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
हादसे की जांच के लिए कांग्रेस ने दो सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसके सदस्य हरदा विधायक रामकिशोर दोगने और टिमरनी विधायक अभिजीत शाह हैं। समिति को 3 दिन में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
- हरदा पटाखा फैक्टरी ब्लास्ट में घायलों को हमीदिया भी इलाज के लिए लाया जा रहा है। हादसे में हाथ गवाने वाली महिला मीणा एंबुलेंस से हमीदिया पहुंची।
- विस्फोट में जख्मी घायल रहीम खान को लेकर हमीदिया पहुंची एंबुलेंस।
हरदा पटाखा फैक्टरी ब्लास्ट में घायलों को हमीदिया भी इलाज के लिए लाया जा रहा है। हादसे में हाथ गवाने वाली महिला मीणा एंबुलेंस से हमीदिया पहुंची।
हरदा में पटाखा फैक्टरी में हुए ब्लास्ट का असर 40 किलोमीटर दूर सिवनी मालवा तक हुआ। यहां नगरीय सहित ग्रामीण अंचलों में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए। हिरनखेड़ा के बसंत कुमार लिटोरिया का दावा है कि वे तालाब के पास खड़े थे, वहां आवाज आज आई और शरीर में कंपन होने लगा। इसी तरह अंकित गौर ने कहा कि वे लैपटॉप पर काम कर रहे थे। इसी दौरान दो बार तेज आवाज आई। ऐसा लगा जैसे डीजे चल रहा हो। इसी तरह सिवनी मालवा के सूरजपुर, लोखरतलाई, रावनपीपल, थुआ, झकलाय, बाबरी सहित नगरीय क्षेत्र में झटके महसूस किए गए।
हरदा पटाखा फैक्टरी के घायलों के इलाज के लिए भोपाल एम्स में 10 बेड रिजर्व किए गए हैं। इन बेड पर ऑक्सीजन, वेंटिलेटर सपोर्ट सहित दूसरी जरूरी सुविधाओं को जोड़ा गया है। ट्रामा एंड इमरजेंसी डिपार्टमेंट की डॉ. भूपेश्वरी पटेल ने बताया कि भोपाल जिला प्रशासन ने एम्स भोपाल में 10 से 15 गंभीर घायलों को इलाज के लिए भर्ती किए जाने की तैयारी रखने को कहा है।
मप्र सरकार ने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
मीडिया से चर्चा में एसडीएम केसी परते ने कहा कि विस्फोट के बाद फैक्टरी में इतनी आग है कि वहां तक पहुंचना संभव नहीं है। जो मुख्य बिल्डिंग है वह गिर चुकी है और वहां आग के कारण लोगों को रेस्क्यू में भी दिक्कत हो रही है। दोपहर दो बजे की स्थिति में 15 फायर ब्रिगेड घटना स्थल पर पानी से आग बुझाने में जुटी हैं और पड़ोस के जिलों से भी बुलाई गई हैं। 25 एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
- सरकार ने अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन समिति का गठन किया है। समिति में अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी, प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे, नीरज मंडलोई, होमगार्ड के महानिदेशक अरविंद कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आलोक रंजन को सदस्य बनाया गया है।
- हमीदिया में हरदा से आने वाले मरीज के लिए सबसे ज्यादा नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बाय इमरजेंसी वार्ड में तैनात।
- आवश्यक दवाएं स्ट्रेचर के साथ डॉक्टर की टीम भी तैयार।
- पुलिस ने हरदा से भोपाल तक का रास्ता किया क्लियर। 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी सड़कों पर एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए सक्रिय।
- एंबुलेंस डॉक्टर के दल के साथ दवाइयां लेकर हरदा अस्पताल के लिए भी रवाना हुई हमीदिया से टीम।
- हरदा में पटाखा फक्टरी में ब्लास्ट से मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। बड़ी संख्या में घायलों को देखते हुए मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
- 200 मीटर दूर के घरों के छप्पर भी उड़ गए।
- जानकारी के मुताबिक सड़क किनारे करीब 15 शव बिखरे पड़े हुए हैं।
हरदा से भोपाल के बीच ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। पटाखा फैक्टरी के घायलों को इसी कॉरिडोर से भोपाल के हमीदिया अस्पताल और एम्स भोपाल लाया जाएगा। सीएमएचओ हरदा डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में घायल हुए 7 लोगों को हरदा जिला अस्पताल से भोपाल के हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा ब्लास्ट को लेकर बैठक बुलाई है। जिसमें अधिकारियों को व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
- प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्ररी में 500 से 700 लोग काम करते थे।
- धमाका होते ही फैक्ट्री के आसपास अफरा-तफरी मच गई। कई राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए।
- कलेक्टर आशीष सिंह पहुंचे एम वाय अस्पताल।
- इंदौर से भी एंबुलेंस, डॉक्टर और फायर फाइटर टीम हरदा के लिए रवाना।
- इंदौर में घायलों के उपचार के लिए प्रशासन और एमजीएम मेडिकल कॉलेज अलर्ट।
- भोपाल, इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश।
- इंदौर, भोपाल से फायर ब्रिगेड की दमकलों को भेजा जा रहा है।
- राहत कार्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी किए।