सांसद कुलस्ते और CM के अपर सचिव में जुबानी जंग: चुनाव लड़ने की नसीहत पर मरकाम का पलटवार, याद दिलाई जिम्मेदारी

Harrison Masih | Published:
भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम के बीच जुबानी जंग।
BJP MP Faggan Singh Kulaste and CMO Additional Secretary Lakshman Singh Markam engage in a war of words over Mandla's development and the delay in the medical college project.
मध्यप्रदेश में आदिवासी इलाकों के विकास को लेकर भाजपा सांसद और मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बड़े अधिकारी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। मंडला से भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम को राजनीति करने के लिए चुनाव लड़ने की नसीहत दी तो अब मरकाम ने भी वीडियो जारी कर जवाब दिया है।

मरकाम ने किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करने से इनकार करते हुए सांसद को उनके कार्यकाल और जिम्मेदारियों की याद दिलाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुलस्ते खुद केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री थे, तब मंडला में मेडिकल कॉलेज का प्रोजेक्ट क्यों अटक गया?



दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत बुधवार को मरकाम के मंडला दौरे से हुई थी। उन्होंने जिले के विकास पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मंडला विकास के कई अच्छे अवसर गंवा चुका है। इसके बाद से प्रदेश की आदिवासी राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इस बयान की चर्चा होने लगी।



कुलस्ते बोले- राजनीति करनी है तो चुनाव लड़ें

गुरुवार को डिंडौरी पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने मरकाम के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए। अगर राजनीति करनी है तो चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं।



कुलस्ते ने मरकाम से पूछा कि मुख्यमंत्री के विशेष सहायक रहते हुए उन्होंने मंडला, डिंडौरी, सिवनी और नरसिंहपुर के विकास के लिए कितनी योजनाएं बनाईं और कितने काम जमीन पर उतारे?



सांसद ने कहा कि उनकी लोकप्रियता का फैसला कोई नौकरशाह नहीं, बल्कि जनता करेगी।



मरकाम ने वीडियो जारी कर दिया जवाब

सांसद की नाराजगी के बाद अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने Social Media पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कुलस्ते के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि उनके बयान को गलत नजरिए से देखा गया है। उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं था।



हालांकि, मरकाम ने मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर सांसद की जिम्मेदारियों का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि साल 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण में जिन पिछड़े जिलों को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी थी, उनमें मंडला भी शामिल था। जब दूसरे जिलों में मेडिकल कॉलेज खुल गए तो मंडला का प्रोजेक्ट क्यों अटक गया?



मरकाम ने कुलस्ते को याद दिलाया केंद्रीय मंत्री का कार्यकाल

मरकाम ने कहा कि जिलों में केंद्र सरकार की योजनाओं की निगरानी के लिए दिशा (DISHA) समिति बनाई गई है। इस समिति के अध्यक्ष खुद सांसद होते हैं।



उन्होंने कहा कि कुलस्ते उस समय केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी थे। ऐसे में मंडला की जनता को उनसे उम्मीद होना स्वाभाविक था कि मेडिकल कॉलेज का अवसर हाथ से नहीं जाने दिया जाएगा।



कुलस्ते बोले- वन विभाग की मंजूरी नहीं मिलने से हुई देरी

मंडला मेडिकल कॉलेज के निर्माण में देरी को लेकर कुलस्ते ने कहा कि वन विभाग की मंजूरी यानी Forest Clearance नहीं मिलने के कारण परियोजना अटकी हुई थी। अब निर्माण आगे बढ़ रहा है और साल 2027 से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।



सांसद ने मरकाम से भी सवाल किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में रहते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज के लिए वन विभाग की मंजूरी दिलाने के क्या प्रयास किए थे?



जनजातीय विकास के लिए बजट बढ़ाना सरकार की उपलब्धि

कुलस्ते ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती के समाधि स्थल के विकास, भगवान बिरसा मुंडा के गौरव दिवस और जनजातीय महापुरुषों के इतिहास को लोगों के सामने लाने के लिए उन्होंने काम किया है।



उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकारों को दिया। जनजातीय विकास के लिए बजट बढ़ाने को भी सरकार की उपलब्धि बताया।



पेसा एक्ट को लेकर उठ रहे सवालों पर कुलस्ते ने पूछा कि अगर पिछली सरकार के समय काम हुआ था तो गांवों तक योजनाओं का लाभ क्यों नहीं पहुंचा? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए आदिवासी इलाकों में भ्रम फैलाकर लोगों को भड़का रहे हैं।



जानिए, मरकाम के किस बयान से शुरू हुआ विवाद

बुधवार को सरकारी दौरे पर मंडला पहुंचे मरकाम ने युवाओं और ग्रामीणों से बातचीत के दौरान जिले के विकास पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि मंडला में विकास की काफी संभावनाएं थीं, लेकिन समय रहते उनका फायदा नहीं उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने भी जिले के मुद्दों को मजबूती से नहीं उठाया।



मरकाम के मुताबिक, मंडला को आदिवासी मद से पर्याप्त बजट मिलता है, लेकिन इसका इस्तेमाल स्थायी संस्थान खोलने और रोजगार के अवसर तैयार करने में नहीं हुआ।



उन्होंने शहडोल, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में मेडिकल कॉलेज होने का उदाहरण देते हुए मंडला के पिछड़ने पर चिंता जताई थी। जिले में पॉलिटेक्निक कॉलेज की कमी का भी मुद्दा उठाया था।



मंडला के विकास के लिए 5 हजार करोड़ के निवेश की जरूरत

मरकाम ने कहा था कि मंडला में वन संसाधन, जैविक खेती, मशरूम उत्पादन, मछली पालन और पर्यटन के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। जिले को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए कम से कम 5 हजार करोड़ रुपए के Investment की जरूरत है।



उन्होंने बताया कि जिले की करीब 12 लाख आबादी में 85 फीसदी लोग ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। ऐसे में पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार करने होंगे।



मरकाम ने अमरकंटक केंद्रीय विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा था कि मंडला में भी ऐसा संस्थान होता तो स्थानीय युवाओं को फायदा मिलता।



छात्रावासों का निरीक्षण कर CM को रिपोर्ट देने की कही थी बात

मंडला दौरे के दौरान अपर सचिव मरकाम ने छात्रावासों का औचक निरीक्षण भी किया था। उन्होंने इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपने की बात कही थी।



अब मंडला के विकास से शुरू हुई यह बहस सांसद और अफसर की जिम्मेदारियों तक पहुंच गई है। एक तरफ कुलस्ते अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का हिसाब दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ मरकाम जिले को मिले अवसरों और योजनाओं के अमल पर सवाल उठा रहे हैं।



FAQ:



  1. सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और लक्ष्मण सिंह मरकाम के बीच विवाद क्यों हुआ?
    अपर सचिव मरकाम ने मंडला के विकास पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जिले ने विकास के कई अवसर गंवा दिए हैं। इस बयान पर सांसद कुलस्ते ने नाराजगी जताई थी।
  2. सांसद कुलस्ते ने मरकाम को क्या नसीहत दी थी?
    कुलस्ते ने कहा था कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए। अगर राजनीति करनी है तो चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं।
  3. लक्ष्मण सिंह मरकाम ने कुलस्ते के बयान पर क्या जवाब दिया?
    मरकाम ने वीडियो जारी कर कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं था। उन्होंने कुलस्ते के केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री रहते मंडला मेडिकल कॉलेज का प्रोजेक्ट अटकने पर सवाल उठाया।
Tags:
  • फग्गन सिंह कुलस्ते
  • Political Controversy
  • सांसद कुलस्ते
  • सीएम के अपर सचिव मरकाम
  • लक्ष्मण सिंह मरकाम
  • मध्य प्रदेश की राजनीति
  • Faggan Singh Kulaste