झंडा वंदन को लेकर कांग्रेसी आपस में उलझे, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल को रोका

Jitendra Shrivastava | Aug 16, 2024, 20:00 IST
thesootr
मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा वंदन करने को लेकर कांग्रेसी आपस में ही उलझ गए। सीहोर के बुदनी में कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल झंडा वंदन करने लगे तो पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आपत्ति जताकर उन्हें रोक दिया...

मध्यप्रदेश के बुदनी में कांग्रेस कार्यालय में झंडा वंदन करने से पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल को रोक दिया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा वंदन करने को लेकर कांग्रेसी आपस में ही उलझ गए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आदेश जारी कर कहा था कि बुदनी में महिला झंडा वंदन करेगी, लेकिन झंडा वंदन करने राजकुमार पटेल पहुंच गए। जब पटेल झंडा वंदन करने लगे तो संजय शर्मा पूर्व पार्षद और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ने आपत्ति जताकर उन्हें रोक दिया और कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने महिला से झंडा वंदन कराने को कहा है। आप महिलाओं का अपमान कर रहे हैं।



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दिए थे ये निर्देश

दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए थे। इस निर्देश में अध्यक्ष ने कहा था कि 15 अगस्त को कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों में महिला कार्यकर्ताओं और नेताओं से ही झंडा वंदन कराया जाएगा। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं को सम्मान भी दिया जाए, लेकिन बुदनी में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशों की धज्जियां उड़ाते दिखे। इस घटना को लेकर बुदनी के स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता जीतू पटवारी से शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं।



विवादों से राजकुमार पटेल का पुराना नाता

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष और दिग्विजय सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके राजकुमार पटेल का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक मामला 2009 का है जब कांग्रेस पार्टी ने राजकुमार पटेल को विदिशा लोकसभा सीट से मैदान में उतारा था। उस समय बीजेपी से सुषमा स्वराज को टिकट मिला था। तब राजकुमार पटेल ने अपना नॉमिनेशन फॉर्म ही गलत भरा था इस कारण सुषमा स्वराज को विदिशा लोकसभा में वॉक ओवर मिल गया था। इस मामले में भी कांग्रेस की देशभर में बहुत किरकिरी हुई थी। इस घटनाक्रम के बाद राजकुमार पटेल को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 सालों के लिए बाहर कर दिया था। बुधनी विधानसभा बकतरा से ताल्लुक रखने वाले राजकुमार पटेल किरार समाज से आते हैं। राजकुमार पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी होने के आरोप भी लगते रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि महिला कार्यकर्ता के अपमान, प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों की अवहेलना और राष्ट्रगान के अपमान को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी क्या एक्शन लेते हैं।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • झंडा वंदन
  • कांग्रेसी आपस में उलझे
  • पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल