ग्वालियर में गुर्जर समाज का उपद्रव, कलेक्टोरेट पर किया पथराव और तोड़फोड़, एएसपी से भी की झूमाझटकी, 5 पुलिस कर्मी घायल
GWALIOR. ग्वालियर में आज मिहिर भोज की प्रतिमा विवाद गहरा गया। गुर्जर समाज के महाकुंभ के बाद यहां आए समाज के लोगों ने जमकर उपद्रव किया। कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन देने गए युवकों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और पथराव कर दिया इसमें 5 पुलिस कर्मी घायल हो गए। प्रशासन ने हालात को देखते हुए प्रतिमा स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
दो समाज मिहिर भोज पर जता रहे अपना दावा
ग्वालियर में कुछ दिनों से मिहिर भोज की प्रतिमा को लेकर विवाद चल रहा है। ये विवाद राजपूत और गुर्जर समाज के बीच है। दोनों समाज मिहिर भोज पर अपना दावा जता रहे हैं। गुर्जर समाज ने प्रतिमा के नीचे राजा मिहिर भोज गुर्जर लिखी पट्टिका पर लगवा दी थी। मामला कोर्ट पहुंचा और कोर्ट के आदेश पर पट्टिका को ढंक दिया गया। अब गुर्जर समाज इस पर लगा हुआ टीन शेड हटाने की मांग पर अड़ा है।
5 पुलिस कर्मी घायल, एएसपी से भी की झूमाझटकी
सोमवार, 25 सितंबर को इसी विवाद के चलतो गुर्जर समाज ने महाकुंभ बुलाया था। इसमें मध्य प्रदेश के साथ साथ राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी लोग आए थे। शहर के फूलबाग पर महा पंचायत के बाद समाज के लोग कलेक्टर को ज्ञापन देने रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट की तरफ बढ़ने लगे, जबकि इनको रैली निकालने की इजाजत नहीं दी गई थी। पुलिस ने जब इन्हें रोकना चाहा तो हजारों की संख्या में जमा युवकों ने पुलिस के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी। बेकाबू भीड़ ने गाड़ियों पर लाठियां बरसाई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें पुलिस के 5 जवान घायल हो गए और दर्जन भर से ज्यादा सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयीं। इसी दौरान एडिशनल एसपी के साथ झूमाझटकी कर दी। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की। इन्हें काबू में करने के लिए पुलिस ने भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़े। कलेक्टोरेट के चारों तरफ रास्तों पर जाम लग गया।
माहौल देखते हुए प्रतिमा स्थल पर सुरक्षा बढ़ाई
गुर्जर समाज के प्रदर्शन को देखते हुए मिहिर भोज प्रतिमा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहां सैकड़ों जवान तैनात किए गए। भीड़ में अलकापुरी, गोविंदपुरी, रेलवे स्टेशन, सिरोल इलाके में भी हंगामा हो गया। पुलिस ने गोविंदपुरी इलाके में भीड़ को लाठी चार्ज कर भगाया। मिहिर भोज की प्रतिमा स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आसपास के रास्तों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। शिवपुरी लिंक रोड स्थित मिहिरभोज प्रतिमा पर भारी सुरक्षा है।