एक बार फिर खाकी हुई बदनाम, गुना में एक करोड़ के बदले 20 लाख की डील, थाना प्रभारी समेत 5 सस्पेंड
NEWS IN SHORT
- रुठियाई चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गुजरात पासिंग की स्कॉर्पियो से भारी नकदी मिली थी।
- आरोप है कि पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दिए बिना 20 लाख रुपए ले लिए थे।
- सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद आईजी अरविंद सक्सेना ने निलंबन की बड़ी कार्रवाई की है।
- बताया जा रहा है कि गाड़ी मालिक गुजरात के किसी बड़े आईपीएस अधिकारी का करीबी परिचित है।
- डीआईजी अमित सांघी ने रात में ही गुना पहुंचकर पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू की है।
News In Detail
अभी कुछ महीने पहले ही सिवनी में पुलिस ने करोड़ों की नकदी दबा ली थी। अब गुना पुलिस ने उसी भ्रष्टाचार के मॉडल को दोहरा दिया है। गुजरात से आ रही नोटों से भरी गाड़ी को देखकर पुलिसकर्मियों का ईमान डोल गया। उन्होंने कानून को ताक पर रखकर लाखों का सौदा कर लिया। खाकी पर लगे इस दाग ने एक बार फिर पूरे महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
स्कॉर्पियो से मिले एक करोड़ कैश
गुना के धरनाबदा थाने में पुलिस पर आरोप है कि उन्होंने गुजरात पासिंग की एक स्कॉर्पियो से एक करोड़ रुपए नकद पकड़े थे। हैरानी की बात ये है कि 20 लाख रुपए लेकर गाड़ी छोड़ दी गई। जैसे ही ये मामला सामने आया डीआईजी अमित सांघी रात को ही गुना पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी थी।
20 लाख की डील
आईजी अरविंद सक्सेना के आदेश पर धरनाबदा थाना प्रभारी प्रभात कटारे और उनके साथ चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना 19 मार्च की है जब रुठियाई चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाड़ी में बड़ी मात्रा में नकदी मिली थी। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई करने की बजाय 20 लाख रुपए में समझौता कर लिया।
IPS का जानकार है गाड़ी वाला
स्कॉर्पियो को बिना किसी कागजी प्रक्रिया या आयकर विभाग को जानकारी दिए ही छोड़ दिया गया था। ये मामला तब सुर्खियों में आया जब सोशल मीडिया पर इस लेन-देन की चर्चा वायरल हो गई। कहा जा रहा है कि जिस व्यापारी का ये मामला है वह गुजरात कैडर के एक बड़े आईपीएस अधिकारी का जानकार है।
जब उस अधिकारी से फोन आया तो गुना पुलिस बैकफुट पर आ गई थी। इसके बाद घूस में ली गई रकम वापस कर दी गई थी। हालांकि अभी तक इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न ही कोई लिखित शिकायत आई है।
ये भी जानना जरूरी
अक्टूबर 2025 में सिवनी जिले में पुलिस ने एक कार से लगभग तीन करोड़ रुपए नकद पकड़े थे। रिकॉर्ड में सिर्फ 1 करोड़ 45 लाख रुपए ही दिखाए गए थे। बाकी पैसे को हड़पने के आरोप लगे थे। इस मामले में तब की एसडीओपी पूजा पांडे सहित 10 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी न्यूज : सिवनी हवाला कांड में SDOP के ड्राइवर रितेश वर्मा को जमानत, जांच पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
मध्य प्रदेश न्यूज: बड़वानी में रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल को लोकायुक्त ने रंगे हाथ पकड़ा
सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी का बोलबाला! लोकायुक्त का खुलासा, देखें कहां कितना भ्रष्टाचार
ईडी अधिकारी बनकर मांगी 15 लाख की रिश्वत, एसीबी ने रुपए लेते किया रंगे हाथों गिरफ्तार