ग्वालियर में नो रोड-नो टोल आंदोलन में तोड़फोड़ का वीडियो आया सामने : बसपा नेता पर केस दर्ज

Sanjay Dhiman | Mar 17, 2026, 18:21 IST
Photograph: (the sootr)
ग्वालियर में 'नो रोड-नो टोल आंदोलन' के दौरान बरैठा टोल प्लाजा पर हंगामा और तोड़फोड़ का मामला सामने आया। पुलिस ने बसपा नेता रक्षपाल सिंह राजावत के खिलाफ केस दर्ज किया।

Gwalior. ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 इन दिनों राजनीति का अखाड़ा बना हुआ है। सोमवार को ग्वालियर-भिंड बॉर्डर स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर 'नो रोड-नो टोल' आंदोलन में सैकड़ों की भीड़ ने जमकर हंगामा और उत्पात मचाया। इस पूरे बवाल का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि भीड़ पुलिस से सीधे भिड़ रही है।



दरअसल, यह पूरा मामला हाईवे को सिक्स लेन बनाने की मांग से जुड़ा है। लोग 'नो रोड-नो टोल' के नारों के साथ वहां विरोध करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने टोल के कंट्रोल रूम में घुसकर तोड़फोड़ की। उन्होंने कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे और महंगे सेंसर डिवाइस को तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में बसपा नेता रक्षपाल सिंह राजावत पर केस दर्ज किया है।



एमपी में “नो रोड-नो टोल” आंदोलन! प्रदर्शनकारियों ने टोल बूथ में की तोड़फोड़; सीसीटीवी कैमरे भी तोड़


मौत का हाईवे-719' पर उमड़ा जन आक्रोश, संतों का नो रोड नो टोल आंदोलन


नो रोड, नो टोल आंदोलन का उद्देश्य

ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे को लेकर वर्षों से मांग उठ रही है। साधु-संतों ने इस मुद्दे की शुरुआत की थी, जिनका कहना था कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और इस कारण सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। इसके चलते भिंड क्षेत्र से हाईवे को सिक्स लेन बनाने की मांग तेज हो गई थी। अब यह आंदोलन बढ़ते हुए एक बड़े राजनीतिक मुद्दे का रूप ले चुका है।



अभी हाल ही में ग्वालियर-भिंड बॉर्डर पर फायरिंग जैसी घटनाएं भी सामने आई थीं, जिनसे आंदोलन को और हवा मिली थी। हाल ही में, इस आंदोलन में संत समाज और आम लोग भी शामिल हुए थे। इस दौरान "नो रोड-नो टोल" आंदोलन के तहत यज्ञ भी किया गया। लेकिन, कुछ लोग आंदोलन के दौरान हिंसक हो गए और टोल पर हंगामा शुरू कर दिया।



पुलिस की कार्रवाई और केस दर्ज

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रक्षपाल सिंह राजावत और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया। टोल मैनेजर अमित सिंह राठौर ने पुलिस को बताया कि हंगामा उस समय हुआ, जब रक्षपाल सिंह अपने साथियों के साथ टोल कंट्रोल रूम में घुसकर गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने धमकी दी कि यदि टोल फ्री नहीं किया गया, तो वह कंप्यूटर और कैमरे तोड़ देंगे।



पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने तोड़फोड़ की थी, उनकी पहचान जल्द ही की जाएगी।



कौन है रक्षपाल सिंह राजावत

रक्षपाल सिंह राजावत, जो कि बहुजन समाज पार्टी (BSP) से जुड़े नेता हैं, पिछले विधानसभा चुनाव में भिंड सीट से पार्टी के प्रत्याशी के रूप में उभरे थे। हालांकि नामांकन से पहले पार्टी ने प्रत्याशी बदल दिया। राजावत का नाम राजनीति के अलावा रेत और प्रॉपर्टी के कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। वह भिंड के विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के विरोधी के रूप में भी जाने जाते हैं।



आंदोलन की बढ़ती मांग

ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे की सिक्स लेन बनाने की मांग अब एक बड़े राजनीतिक मुद्दे का रूप ले चुकी है। पिछले दो-तीन सालों में सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। आंदोलन अब केवल साधु-संतों तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि इसने राजनीतिक और सामाजिक रंग भी पकड़ लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए केस दर्ज किया है और अब आरोपियों की तलाश जारी है।



यह खबरें भी पढ़ें...



एमपी सरकार फिर लेगी 4,100 करोड़ कर्ज, कुल बोझ 5 लाख करोड़ पार



पड़ोसी राज्यों से 11 रुपए तक महंगा पेट्रोल खरीद रहे एमपी वाले, जानें इसका कारण!



प्रदेश में कैदियों की संख्या बढ़ी, HC ने दिया नए जेल निर्माण का आदेश



गंगा नदी में इफ्तार पार्टी: मांसाहारी भोजन, हड्डियां फेंकने पर 14 लोगों के खिलाफ FIR





Tags:
  • बहुजन समाज पार्टी
  • ग्वालियर
  • सोशल मीडिया
  • हंगामा
  • विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह
  • नो रोड, नो टोल आंदोलन