डेटिंग ऐप के जाल में फंसा ग्वालियर का युवक, होटल में बंधक बनाकर बनाया अश्लील वीडियो, लूटे 1.38 लाख

Aman Vaishnav | Oct 12, 2026, 09:17 IST
ग्वालियर में डेटिंग ऐप से युवक को बुलाकर बंधक बनाने और ब्लैकमेल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर में डेटिंग ऐप के जरिए युवक को होटल में बुलाया गया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर पीटा। इतना ही नहीं उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया गया। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताया। पीड़ित से एक लाख 38 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद 70 हजार रुपए और मांगे। पुलिस ने मुरैना से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बता दें कि पीड़ित युवक ग्राइंडर डेटिंग ऐप (Grindr Dating App) का इस्तेमाल करता था। 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे उसकी बातचीत ऐप पर हरियाणा नाम की एक प्रोफाइल से हुई। सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राहुल बताया। साथ ही बातचीत के बाद उसे मिलने के लिए राजी कर लिया।



आरोपी ने युवक को सिटी सेंटर के पटेल नगर में मौजूद होटल गोल्डन लीफ में बुलाया। शाम को लगभग 4 बजे जब युवक होटल के कमरा नंबर 206 में पहुंचा, तो वहां पहुंचते ही हालात पूरी तरह बदल गए।



आरोपी ने तुरंत उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। कुछ ही देर में कमरे के अंदर चार और लड़के भी आ धमके। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताना शुरू कर दिया। वे युवक को डराने लगे कि उसे गंभीर कानूनी मामले में फंसाकर सीधे जेल भेज देंगे।



कपड़े उतरवाकर बनाया अश्लील वीडियो

कमरे में मौजूद पांचों बदमाशों ने युवक को पूरी तरह बंधक बना लिया था। इसके बाद उन्होंने युवक को बेल्ट से जमकर पीटा। इस मारपीट की वजह से युवक के गाल और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने इतने पर ही युवक को नहीं छोड़ा। उन्होंने जबरन उसके कपड़े उतरवाए और अपने मोबाइल फोन से उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।



वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने असली ब्लैकमेलिंग शुरू की। उन्होंने युवक से कहा कि अगर उसने 5 लाख रुपए नहीं दिए, तो वे इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।



नकद, एटीएम, यूपीआई से ऐंठे 1.38 लाख

युवक ने डर के मारे सबसे पहले अपनी जेब में रखे 8 हजार रुपए नकद आरोपियों को सौंप दिए। इसके बाद बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड और उसका पासवर्ड छीन लिया। इससे 30 हजार रुपए निकाले। साथ ही एक क्यूआर कोड पर भी 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए।



इसके बाद भी आरोपी शांत नहीं हुए। वे युवक को एक सफेद रंग की क्रेटा कार में जबरन बैठाकर सिरोल इलाके की तरफ ले गए। वहां पहुंचकर पीड़ित ने अपनी एक महिला दोस्त से संपर्क किया और उसकी मदद से खाते में ऑनलाइन पैसे मंगवाए।



आरोपियों ने उस दोस्त के घर जाकर 70 हजार रुपए नकद भी वसूले। इस तरह आरोपियों ने पीड़ित से कुल 1 लाख 38 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे उसे वापस होटल के बाहर छोड़ दिया।



70 हजार की मांग पर पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा

होटल के बाहर छोड़ने के बाद भी आरोपियों का लालच खत्म नहीं हुआ था। वे पीड़ित युवक पर लगातार 70 हजार रुपए और देने का दबाव बना रहे थे। पैसे न देने पर वे अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने और उसे जान से खत्म करने की धमकी दे रहे थे।



शुरुआत में बदनामी और डर की वजह से युवक सीधे थाने नहीं गया। वहीं जब लगातार फोन और धमकियां आने लगीं, तो उसने हिम्मत जुटाई और पूरी बात ग्वालियर क्राइम ब्रांच को बताई।



मुरैना से पकड़े गए दो शातिर आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह (SSP Dharamveer Singh) ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एक विशेष टीम बनाई गई। क्राइम ब्रांच ने टेक्निकल जांच के आधार पर रविवार की रात मुरैना के अंबाह बायपास रोड से घेराबंदी करके दो आरोपियों को दबोच लिया।



पकड़े गए आरोपियों के नाम और पते...



  • हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर: निवासी ग्राम पिपरई, हेतमपुर, जिला मुरैना।
  • सोनू गुर्जर: निवासी ग्राम पिपरई, थाना सरायछोला, जिला मुरैना।

पुलिस पूछताछ में यह साफ हुआ कि मुख्य आरोपी हरिभान ही था। इसने ही डेटिंग ऐप पर खुद का नाम राहुल बताकर युवक से दोस्ती की थी और उसे जाल में फंसाया था। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि डेटिंग ऐप के जरिए बंधक बनाने, वसूली करने और फर्जी पुलिस अधिकारी बनने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



Tags:
  • डेटिंग ऐप के नाम पर धोखाधड़ी और मारपीट
  • ग्राइंडर डेटिंग ऐप
  • Grindr Dating App
  • युवक को बेल्ट से जमकर पीटा
  • ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह
  • ग्वालियर क्राइम ब्रांच