बिजली चोरी का केस दबाने के लिए मांगी 23 हजार की रिश्वत, दो बिजली इंजीनियरों को 4-4 साल की सजा

Ratan Kumar Mishra | Published:
ग्वालियर में बिजली चोरी का मामला दबाने के बदले 23 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाले दो बिजली इंजीनियरों को अदालत ने चार-चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
A court in Gwalior has sentenced two electricity department engineers to four years of rigorous imprisonment each for accepting a ₹23,000 bribe to suppress a power theft case.
ग्वालियर में बिजली चोरी के मामले में रिश्वत लेने वाले दो बिजली इंजीनियरों को अदालत ने दोषी ठहराया है। करीब नौ साल पुराने इस मामले में दोनों को अधिकतम चार-चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। साथ ही 24-24 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

30 हजार से शुरू हुई बात, 23 हजार में तय हुआ सौदा

बिजली चोरी पकड़े जाने पर कार्रवाई करना बिजली विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी है, लेकिन ग्वालियर में दो इंजीनियरों ने कार्रवाई नहीं करने के बदले रिश्वत मांग ली। मामला मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के लक्ष्मीगंज जोन का है।



अभियोजन के मुताबिक, योगेंद्र साहू के मकान की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप था कि बिजली के खंभे से सीधे तार जोड़कर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में कार्रवाई नहीं करने के बदले सहायक यंत्री रोहित सेंगर और कनिष्ठ यंत्री अनूप कुमार ने 30 हजार रुपए की मांग की थी। बातचीत के दौरान रकम पहले 25 हजार रुपए हुई और आखिर में 23 हजार रुपए देना तय हुआ।



लोकायुक्त के पास पहुंचा शिकायतकर्ता

योगेंद्र साहू ने मामले की शिकायत लोकायुक्त से कर दी। लोकायुक्त ने रिश्वत (Bribe) की मांग से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड कराई और 6 जनवरी 2018 को दोनों इंजीनियरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। ट्रैप कार्रवाई (Trap Action) के दौरान दोनों इंजीनियर रिश्वत लेते पकड़े गए। उनके कार्यालय में कक्ष के पास रखी टेबल की दराज से रिश्वत की रकम बरामद की गई।



बातचीत की रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत

मामला अदालत पहुंचा तो रिश्वत मांगने और पैसों के लेनदेन से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग (Audio Recording) अहम सबूत बनी। अदालत ने रिकॉर्ड की गई बातचीत की लिखित प्रतिलिपि, पंच गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की। सभी सबूतों को देखने के बाद अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष ने दोनों इंजीनियरों के खिलाफ आरोप संदेह से परे साबित किए हैं।



जमानत निरस्त, अभिरक्षा में लेने के आदेश

विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) साबिर अहमद खान की अदालत ने गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को इस मामले में फैसला सुनाया। दोनों इंजीनियरों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में दोषी ठहराया गया। अदालत ने दोनों की जमानत और बंधपत्र निरस्त करते हुए उन्हें अभिरक्षा में लेने के आदेश दिए।



शिकायतकर्ता को वापस मिलेंगे 23 हजार रुपए

अदालत ने अपने फैसले में शिकायतकर्ता योगेंद्र साहू को राहत भी दी है। लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान बरामद रिश्वत की रकम उन्हें वापस लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इसके लिए अपील की अवधि पूरी होने तक इंतजार करना होगा।

Tags:
  • Electricity Theft Bribery Case
  • बिजली चोरी रिश्वत केस
  • Two Electricity Engineers Sentenced
  • दो बिजली इंजीनियर सजा
  • Bribe for Dropping Case
  • बिजली चोरी का केस
  • ग्वालियर रिश्वत केस
  • लक्ष्मीगंज जोन ग्वालियर