भगवान राम नहीं बाबा महाकाल के वीडियो देखो...पत्नी ने किया इनकार तो पति ने सिर पर दे मारी तलवार

Aman Vaishnav | Oct 28, 2026, 09:49 IST
ग्वालियर में मोबाइल पर श्रीराम का वीडियो देखने पर पति ने पत्नी पर तलवार से हमला किया, घायल महिला अस्पताल में भर्ती।
Gwalior Man Attacks Wife With Sword Over Mobile Video Dispute, Victim Hospitalized at JAH Trauma Centre
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हजीरा थाना क्षेत्र में एक पति ने सिर्फ इसलिए अपनी पत्नी पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया, क्योंकि वह मोबाइल पर भगवान श्रीराम का वीडियो देख रही थी। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं...

ग्वालियर में पत्नी पर तलवार से हमला

पीड़ित महिला रेवती ने बताया कि 26 अक्टूबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे वह कमरे में थीं। उनके साथ बच्चे भी थे। सभी मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान उनके पति करनवीर उर्फ करू तोमर कमरे में आ गए। उन्होंने वीडियो देखने पर आपत्ति जताई और महाकाल के वीडियो चलाने को कहा।



इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। गुस्से में पति ने उन्हें तलाक देने तक की धमकी दे दी। रेवती के मुताबिक विवाद लगातार बढ़ता गया। इसके बाद करनवीर घर के मंदिर में रखी तलवार उठा लाया। उसने जान से मारने की धमकी भी दी।



रेवती ने बताई पूरी आपबीती

रेवती उर्फ रीतू तोमर ने बताया कि इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती, पति ने मेरे सिर पर तलवार से हमला कर दिया। मैंने बचाव में हाथ आगे किया, तो तलवार कलाई पर लगी। जब मैं जान बचाकर बाहर भागी तो उसने पीछे से गर्दन और घुटने पर भी वार किए। पीड़िता के मुताबिक पूरी वारदात उनके बड़े बेटे और सास के सामने हुई। यानी पत्नी पर तलवार से हमला परिवार की मौजूदगी में हुआ।



पड़ोसी के घर में घुसकर बचाई जान

खून से लथपथ रेवती किसी तरह भागकर पड़ोस के एक घर में घुस गईं। उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश हो गईं। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। इसके बाद परिजन और पड़ोसी उन्हें जयारोग्य अस्पताल ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां उन्हें भर्ती कराया गया। महिला की पीठ, हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं। रेवती ने अपने बयान में सिर, गर्दन, घुटने और कलाई पर तलवार (Attack on wife with sword) से वार किए जाने की बात कही है।



हजीरा थाना पुलिस ने क्या कार्रवाई की

मंगलवार को अस्पताल से महिला के घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने अस्पताल में ही रेवती के बयान दर्ज किए। इन्हीं बयानों के आधार पर शुरुआती शिकायत दर्ज कर केस बनाया गया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ पत्नी की हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है।



सीएसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी

सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार (CSP Nagendra Singh Sikarwar) ने बताया कि आरोपी पति करनवीर उर्फ करू तोमर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और तलाश में जुटी है।



ये खबर क्यों जरूरी है?

यह खबर इसलिए जरूरी है, क्योंकि यह समाज में बढ़ते गुस्से और घरेलू हिंसा की गंभीर समस्या को दिखाती है। मोबाइल पर वीडियो देखने जैसी छोटी-सी बात पर अपनी पत्नी पर तलवार से जानलेवा हमला करना बेहद चिंताजनक है। घर में बच्चों और बुजुर्गों के सामने ऐसी घटनाएं होने से उनके मन में डर बैठ जाता है।



इसका असर बच्चों पर लंबे समय तक रह सकता है। यह घटना सोचने पर मजबूर करती है कि परिवारों में बातचीत, धैर्य और समझदारी क्यों कम होती जा रही है। साथ ही यह महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत भी दिखाती है।



Tags:
  • ग्वालियर में पत्नी पर तलवार से हमला
  • पत्नी पर तलवार से हमला
  • भगवान श्रीराम के वीडियो
  • जयारोग्य अस्पताल ट्रॉमा सेंटर
  • सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार
  • पत्नी पर तलवार से जानलेवा हमला
  • Attack on wife with sword
  • CSP Nagendra Singh Sikarwar