400 कमरों का जय विलास पैलेस: ज्योतिरादित्य सिंधिया रहते हैं जहां, एक बत्ती कनेक्शन जैसा बिल आता है वहां

Ratan Kumar Mishra | Oct 13, 2026, 13:05 IST
जय विलास पैलेस के बिजली बिलों में चौंकाने वाले आंकड़े!
जय विलास पैलेस ग्वालियर में वैसे तो बिजली कंपनी के 21 कनेक्शन हैं। श्रीमंत का महल है तो बिल भी लाखों में आता होगा। thesootr ने इसकी पड़ताल की, तो ये महल अटल गृह ज्योति योजना का लाभार्थी जैसा लगता है। यानी आम गरीब को एक बत्ती कनेक्शन की जिस सुविधा का दावा किया जाता है, उसका सही उपभोग महल में हो रहा है…
A review of electricity bills at Jyotiraditya Scindia's Jai Vilas Palace in Gwalior

आपको एक बत्ती कनेक्शन की स्कीम तो याद ही होगी। गरीबों के घर तक मुफ्त बिजली पहुंच सके, इसलिए 100 यूनिट तक बिजली खर्च करने की छूट थी। इसका कोई बिल गरीबों को नहीं देना पड़ता था। आजकल यह योजना -अटल गृह ज्योति योजना के नाम से चल रही है। हालांकि अब इस योजना का फायदा लेने वाले उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक 100 रुपए का भुगतान करना होता है।



तो क्या सिंधिया घराना है अटल गृह ज्योति योजना का लाभार्थी?

Thesootr ने कई हफ्तों की मेहनत के बाद दस्तावेज जुटाए हैं। इनसे तो यही बात साबित होती है कि देश के सबसे कद्दावर राज परिवारों में शुमार सिंधिया राजघराने का महल भी शायद एक बत्ती कनेक्शन यानी अटल गृह ज्योति योजना से रोशन होता है।



कहने को तो 400 कमरों वाले इस पैलेस में कम से कम 21 बिजली कनेक्शन हैं। मगर एक-दो को छोड़कर सारे कनेक्शनों के मीटर पुराने चकरी वाले हैं… जिनकी बिजली खपत नाम मात्र या फिर जीरो यूनिट की आती है।



thesootr ने सभी मीटरों के एक साल के बिजली बिलों को खंगाला और जो स्थिति सामने आई वो हम कनेक्शन-दर-कनेक्शन आपको बताएंगे, लेकिन पहले सिंधिया परिवार के इस महल के बारे में समझते हैं…



तो कैसा है ग्वालियर का जय विलास पैलेस

ग्वालियर स्थित सिंधिया परिवार का जय विलास पैलेस 80 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें कुल 400 कमरे हैं। इनमें उषा किरण पैलेस होटल, रानी महल, म्यूजियम और ऑफिसर विश्रांति आदि कई हिस्से बने हुए हैं।



इस पैलेस के एक हिस्से में ताज ग्रुप ऑफ होटल्स के अधीन उषा किरण पैलेस होटल बना हुआ है। इसमें कुल 50 कमरे हैं। इसका (33 KV) 400 किलोवोल्ट एम्पियर का एचटी कनेक्शन है। इसका अलग से बिजली बिल आता है। यानी खबर में उषा किरण पैलेस होटल के बिजली बिल को लेकर हम कोई दावा नहीं कर रहे हैं।



आज की स्थिति में बिजली कंपनी सभी उपभोक्ताओं के मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगा रही है। आज अगर कोई उपभोक्ता पुराना मीटर लगवाना चाहे तो नहीं लगवा सकता है, उसे स्मार्ट मीटर ही लगवाना पड़ेगा। लेकिन…



जय विलास पैलेस में बिजली कंपनी के कुल 21 कनेक्शन हैं, जिनमें से अधिकांश मीटर पुराने हैं।



बता दें कि सिंधिया परिवार जय विलास पैलेस के रानी महल वाले हिस्से में रहता है। इसका बिजली कनेक्शन है। इस कनेक्शन पर पिछले 12 महीने में कुल 360.389 यूनिट बिजली खपत दर्ज की गई है। हालांकि यहां स्मार्ट मीटर लगा है।



सिंधिया का जय विलास पैलेस

चलिए अब, एक-एक करके सभी बिजली कनेक्शनों की कहानी जानते हैं

1-कनेक्शन नंबर-***1228,



महादजी चैरिटेबल ट्रस्ट- एक साल से बिजली बिल जीरो



जय विलास पैलेस में यह कनेक्शन महादजी चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम से है। यह घरेलू कनेक्शन बिजली और पंखे का है। थ्री फेस का कनेक्शन है। इस कनेक्शन पर पिछले एक साल में अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक सभी 12 महीनों में जीरो यूनिट आई है।



खास बात यह है कि इस कनेक्शन पर बराबर रीडिंग ली गई है। बिल भी जारी किए गए हैं। पूरे साल में इस कनेक्शन पर कुल 1006 रुपए बिजली बिल आया है, जो अन्य चार्ज का है। इसमें एलीमर कंपनी का बहुत पुराना मीटर लगा है। इस मीटर का सीरियल नंबर-**382 है।



2-कनेक्शन नंबर-***2108,

हिज हाईनेस का मीटर और एक साल में खपत 2016 यूनिट!



यह कनेक्शन चीफ सेक्रेटरी टू श्रीमंत हिज हाईनेस (एचएच) महाराजा के नाम से है। इसका पता सिंधिया जय विलास पैलेस परिसर, विजया भवन, लश्कर ग्वालियर है। कनेक्शन 31 जुलाई 2015 को लगा था। इसका एक किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है। इस कनेक्शन पर नवंबर 2025 से लेकर अक्टूबर 2026 तक पिछले एक साल में कुल 2016 यूनिट विद्युत खपत आई है।



वर्तमान में इस बिल पर 14777 रुपए बिजली का बिल बकाया है, इसमें पिछले महीनों की बिल राशि 14 हजार 686 रुपए शामिल है। बिल जमा करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर 2026 है। इस कनेक्शन पर एईडब्लू कंपनी का मीटर लगा है। यह सिंगल फेस कनेक्शन है। वास्तविक यूनिट का बिल है।



3-कनेक्शन नंबर-**2499,

कमर्शियल कनेक्शन और एक साल में जली सिर्फ 5 यूनिट



यह कनेक्शन, THE SUPDT के नाम से है। इसका पता पैलेस गार्डन, जय विलास पैलेस है। यह कनेक्शन 1 जुलाई 1980 को लगा था। थ्री फेस परमानेंट कनेक्शन है। यह कमर्शियल कनेक्शन है। इस पर तीन किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है।



इस कनेक्शन पर अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक पिछले 1 साल में कुल पांच यूनिट विद्युत खपत आई है। इसमें एमआईजी कंपनी का मीटर लगा है जिसका सीरियल नंबर-एचपीएल-***062000 है।



4-कनेक्शन नंबर-**3889,

द सेक्रेटरी का कनेक्शन और बिजली खपत 2764 यूनिट!



यह कनेक्शन द सेक्रेटरी के नाम से है। इसका पता वसुंधरा राजे चैरिटेबल ट्रस्ट, जय विलास पैलेस है। यह थ्री फेस, व्यावसायिक, स्थाई कनेक्शन 8 दिसंबर 2003 को लगा था। अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक पिछले एक साल में इस कनेक्शन पर कुल 2764 यूनिट बिजली खपत आई है। इसकी अगस्त माह 2026 की बिजली बिल राशि 471 रुपए आई है।



इस कनेक्शन पर 24687 रुपए पिछला बिजली बिल बकाया है। इसकी बिल डेट 8 सितंबर 2026 थी तथा बिल भरने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 थी। इस कनेक्शन पर पांच किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है। इसमें जीनस कंपनी का मीटर लगा है जिसका सीरियल क्रमांक-**9048 है।



5-कनेक्शन नंबर-****5580,

मन्नू महल का बिल शून्य



यह कनेक्शन मन्नू महल पैलेस के नाम से है। इसका पता कंट्रोल ऑफिस हाउस होल्ड, लश्कर, जय विलास कंट्रोल ऑफिस, हाउस होल्ड, लश्कर के नाम से है। इस थ्री फेस, स्थाई, घरेलू कनेक्शन को एक जनवरी 1980 को लगाया गया था। इसमें एलीमर कंपनी का वर्षों पुराना मीटर लगा हुआ है।



अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक पिछले एक साल में इसमें जीरो यूनिट खपत आई है। बिल अदायगी की समय सीमा 21 सितंबर 2021 थी तथा बिल डेट 10 सितंबर 2026 थी।



6-कनेक्शन नंबर-***5774,

जूनियर महारानी स्वीट हाउस में नहीं जली एक भी यूनिट बिजली



यह कनेक्शन THE OFFICER S ARYASH के नाम से है। इसका पता जूनियर महारानी स्वीट हाउस, जय विलास पैलेस, लश्कर ग्वालियर है। इस स्थाई, घरेलू सिंगल फेस कनेक्शन को एक जनवरी 1980 को लगाया गया था। इस पर एक किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है। इसमें पुराना मीटर लगा है, जिसका सीरियल नंबर-ELYMER**2000 है।



अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक पिछले 12 महीनों में इस कनेक्शन पर एक भी यूनिट बिजली दर्ज नहीं की गई है। बराबर जीरो यूनिट बिजली खपत आ रही है। पिछले 1 साल में इसकी कुल बिल राशि 1322 रुपए आई है। बिल डेट 10 सितंबर 2026 थी तथा बिल अदा करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 थी।



7-कनेक्शन नंबर-***6086,

सेक्रेटरी साहब का मीटर और खपत दो यूनिट!



यह कनेक्शन एमपी सिंह सेक्रेटरी के नाम से है। इसका पता हिज हाईनेस (एचएच) द महाराजा सिंधिया, जय विलास पैलेस ग्वालियर है। इस स्थाई, घरेलू, सिंगल फेस कनेक्शन को 8 मई 1991 को लगाया गया था। इसका विद्युत लोड तीन किलोवॉट स्वीकृत है।



अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक पिछले एक साल में इसमें बिजली यूनिट खपत मात्र दो यूनिट आई है। पिछले एक साल में इस कनेक्शन पर कुल 957 रुपए बिजली बिल राशि आई है। इसमें एमआईजी कंपनी का पुराना मीटर लगा है। जिसका सीरियल नंबर-SEMS****2000 है। इसकी बिल डेट 10 सितंबर 2026 थी तथा बिल राशि जमा करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 थी।



8-कनेक्शन नंबर-***7261,

पीआरओ हैं तो बिजली मीटर सालभर में चला सिर्फ एक यूनिट



यह कनेक्शन हिरनवन कोठी, पीआरओ, HS PACHAURI के नाम से है। इसका पता जय विलास पैलेस, शांति निकेतन, जय विलास पैलेस डी-36 पी-5 हिरनवन कोठी वसंत विहार के नाम से है। इस स्थाई घरेलू, सिंगल फेस मीटर को 6 अगस्त 2019 को लगाया गया था। इस पर एक किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है।



नवंबर 2025 से लेकर अक्टूबर 2026 तक पिछले 12 महीनों में इस कनेक्शन पर विद्युत खपत मात्र एक यूनिट आई है। इस कनेक्शन पर पिछले एक साल में कुल विद्युत बिल राशि 6700 रुपए आई है। बिल डेट 9 सितंबर 2026 तथा बिल अदायगी की अंतिम तिथि 19 सितंबर 2026 थी। इसमें कैपिटल कंपनी का पुराना मीटर लगा हुआ है जिसका सीरियल नंबर-***6277 है। रीडिंग तिथि 8 सितंबर 2026 है।



9-कनेक्शन नंबर-**7884,

12 महीनों में जीरो यूनिट बिजली खपत



यह कनेक्शन THE OFFICER ARYASH के नाम से है। इसका पता द महारानी स्वीट हाउस, जय विलास पैलेस लश्कर के नाम से है। इस स्थाई घरेलू, थ्री फेस कनेक्शन को एक जनवरी 1980 को लगाया गया था। इस पर तीन किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है।



अक्टूबर 2025 से सितंबर 2026 तक पिछले एक साल में इस कनेक्शन पर कोई खपत नहीं आई है। सभी 12 महीनों में जीरो यूनिट बिजली खपत आई है। इस दौरान पिछले 1 साल में इस कनेक्शन पर कुल बिजली बिल राशि 1388 रुपए आई है। बिल डेट 19 सितंबर 2026 थी तथा बिल भरने की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 दर्ज है। इसमें पुराना मीटर लगा हुआ है जिसका सीरियल नंबर-ELYMER**2000 है तथा रीडिंग डेट 10 सितंबर 2026 है।



10-कनेक्शन नंबर-****7913,

सेक्रेटरी का कनेक्शन और दो यूनिट बिजली खपत



यह कनेक्शन एमपी सिंह सेक्रेटरी के नाम से है। इसका पता हिज हाईनेस (एचएच) द महाराजा सिंधिया, जय विलास पैलेस ग्वालियर है। इस स्थाई, घरेलू, सिंगल फेस कनेक्शन को 8 मई 1991 को लगाया गया था।



इस कनेक्शन पर अक्टूबर 2025 से लेकर सितंबर 2026 तक पिछले 12 महीनों में कुल दो यूनिट बिजली खपत आई है। पिछले 12 महीनों में इस कनेक्शन पर कुल 1180 रुपए बिजली बिल राशि आई है। इस कनेक्शन पर तीन किलोवॉट विद्युत लोड स्वीकृत है। बिल डेट 11 सितंबर 2026 थी तथा बिल भरने की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 थी। इसमें पुराना मीटर लगा हुआ है जिसका सीरियल नंबर-SEMS 2000 है।



नहीं है एक भी सोलर पैनल

अगर किसी परिसर या बिल्डिंग में सोलर पैनल लगे होते हैं तो नियमानुसार उसकी एंट्री बिजली बिल पर भी दर्ज होती है, मगर जय विलास पैलेस के किसी भी बिल पर सोलर पैनल लगे होने की एंट्री नहीं है। जाहिर है 400 कमरों के इस विशाल महल को बिजली कंपनी के कनेक्शनों से ही रोशन किया जा रहा है। इसके अलावा अगर सेपरेट तौर पर कोई सोलर कनेक्शन लगे हैं, तो thesootr उनका दावा नहीं करता।



उषा किरण पैलेस होटल का पृथक एचटी कनेक्शन…

जय विलास पैलेस के एक हिस्से में उषा किरण पैलेस होटल है। यह एक पांच सितारा होटल है। इसका संचालन ताज ग्रुप ऑफ होटल्स द्वारा किया जाता है। इसका 400 किलोवोल्ट एम्पियर का पृथक से एचटी(हाईटेंशन) कनेक्शन है। यह कनेक्शन सिंधिया इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड, होटल उषा किरण पैलेस, जयेन्द्रगंज, लश्कर ग्वालियर के नाम से है। इस होटल में 50 कमरे व गार्डन हैं। यह एक गैर औद्योगिक कनेक्शन है। इस कनेक्शन का अगस्त माह का बिजली बिल 18 लाख, 11 हजार, 67 रुपए आया है।



इससे साफ जाहिर है कि जब इस आलीशान महल के 50 कमरों वाले होटल का एक माह का बिल ही 18 लाख रुपए से ऊपर आ रहा है तो बचे हुए 350 शाही कमरों का बिल कम से कम हर माह लाख रुपए से ऊपर का आना चाहिए।



जय विलास पैलेस के अधिकारियों ने नहीं दिया जवाब…

जय विलास पैलेस के प्रबंधक मयंक मधुकर से जब इस संबंध में thesootr ने उनका पक्ष रखने को कहा तो उन्होंने जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।



इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जनसंपर्क अधिकारी अनिल मिश्रा से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने भी जानकारी न होने की बात कहकर फोन काट दिया। इन दोनों अधिकारियों से मेल करके लिखित में जानकारी मांगी तो भी उन्होंने नहीं दी।



जवाब देने से बचते रहे बिजली कंपनी के अधिकारी

हालांकि, जब द सूत्र ने गगनदेव शर्मा से दोबारा संपर्क कर पूछा कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए लिखित में जानकारी मांगे जाने के बावजूद उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।



जय विलास पैलेस बिजली बिल को लेकर महाप्रबंधक ने भी नहीं दिया जवाब…

इस संबंध में जब बिजली कंपनी के महाप्रबंधक संदीप कालरा से मेल करके व व्हाट्सएप पर लिखित में जवाब मांगा गया तो उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया।



Legal Disclaimer:

खबर प्रकाशन से पहले thesootr ने सभी दस्तावेजों की अच्छे से जांच की है। हमारे पास दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन गोपनीयता का सम्मान करते हुए हम किसी भी डाक्यूमेंट को सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं।



सभी जरूरी पक्षों से फोन और ईमेल के माध्यम से उनका पक्ष मांगा गया था, जब पर्याप्त समय बीतने के बाद भी किसी ने जवाब नहीं दिया तो उनके उनके पक्ष के बिना ही खबर प्रकाशित की जा रही है।



जब भी कोई अपना वर्जन देगा, हम सहर्ष खबर में शामिल करेंगे।



Editor, thesootr



( कल पढ़िए- जिस रानी महल में बसता है सिंधिया का दिल, उसमें आया कितना बिल! )

FAQs



  1. ग्वालियर के जय विलास पैलेस में बिजली के कितने कनेक्शन हैं?
    thesootr के दस्तावेजों के मुताबिक, पैलेस में बिजली कंपनी के 21 कनेक्शन हैं। इनमें से ज्यादातर पर पुराने चकरी वाले मीटर लगे हैं। उषा किरण पैलेस होटल का अलग एचटी कनेक्शन है।
  2. ग्वालियर के जय विलास पैलेस में कितने कनेक्शनों पर सालभर जीरो यूनिट खपत आई?
    जांचे गए 10 में से चार कनेक्शनों पर अक्टूबर 2025 से सितंबर 2026 तक जीरो यूनिट आई। चार और कनेक्शनों पर सालभर में 1 से 5 यूनिट दर्ज हुईं।
  3. बिजली कंपनी ने जय विलास पैलेस से जुड़े इस मामले पर क्या कहा?
    उपमहाप्रबंधक गगनदेव शर्मा ने कहा कि बिल कम आ रहा है तो दिखवा लेंगे। बाद में कार्रवाई पर पूछे सवाल का जवाब नहीं दिया। महाप्रबंधक संदीप कालरा ने भी जवाब नहीं दिया।
Tags:
  • ग्वालियर का जय विलास पैलेस
  • jai vilas palace electricity bill
  • Scindia palace Gwalior
  • सिंधिया महल ग्वालियर
  • Jyotiraditya Scindia
  • जय विलास पैलेस
  • thesootr
  • Gwalior news
  • अटल गृह ज्योति योजना