डॉक्टर को दिखाने आया था युवक, अचानक हाथ में फट गया फोन, क्लिनिक में मचा हड़कंप
मोबाइल से आग निकलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि, स्टाफ ने तुरंत आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
डॉक्टर को दिखाने आया था युवक, अचानक फटा फोन
जानकारी के मुताबिक, घटना ग्वालियर के दृष्टि स्किन एवं चाइल्ड क्लिनिक की है। रविवार, 01 नवंबर को एक युवक डॉक्टर आशुतोष शर्मा को दिखाने पहुंचा था। वह क्लिनिक में मौजूद था, तभी अचानक उसके हाथ में मोबाइल फोन फट गया।
मोबाइल ब्लास्ट होते ही फोन से आग की लपटें निकलने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। अचानक हुए धमाके से क्लिनिक में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्लिनिक में मौजूद थे नवजात बच्चे और मरीज
जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त क्लिनिक में कई मरीजों के साथ नवजात बच्चे भी मौजूद थे। ऐसे में मोबाइल में आग लगने से खतरा बढ़ गया था। हालांकि, क्लिनिक के स्टाफ ने बिना देर किए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। बाहर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। स्टाफ की सूझबूझ से आग आगे नहीं फैल सकी। इस घटना में युवक सहित किसी भी मरीज या नवजात बच्चे को चोट नहीं आई।
CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
क्लिनिक में हुए मोबाइल ब्लास्ट की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फोन फटने के बाद आग लगने और लोगों के बीच मची अफरा-तफरी दिखाई दे रही है।
घटना के बाद मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। खासकर Battery Overheating और बैटरी में खराबी से होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, इस मोबाइल में ब्लास्ट किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि क्लिनिक स्टाफ की तत्परता से आग समय रहते बुझा दी गई और वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित रहे।