ग्वालियर में बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को रौंदा, 15 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Aman Vaishnav | Oct 18, 2026, 07:55 IST
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक का कहर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। शीतला माता मंदिर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। वहीं कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्वालियर में श्रद्धालुओं की मौत

जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में देवी के दर्शन करने पहुंचे थे। हादसा चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलता चला गया। इसके बाद वह मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार गिर गई।



दीवार गिरने से 40 से ज्यादा लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। इसके बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।



प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, अचानक सामने आया ट्रक

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक ट्रक अचानक आया और लोगों को कुचलता चला गया। ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी। साथ ही उसमें क्षमता से ज्यादा सामान लदा हुआ था।



प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ट्रक ने कई दुकानों और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारी। इस हादसे में उसके भाई को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

हादसे के बाद घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पतालों में भी अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों के दल घायलों के इलाज में जुटे हैं। इनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।



मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक 15 लोगों की मौत हुई है। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हैं।



कलेक्टर रुचिका चौहान के मुताबिक ट्रक श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को कुचलते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार से टकराया था। टक्कर के कारण मंदिर की दीवार गिर गई थी। इसके बाद कई लोग मलबे में दब गए थे।




सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की मदद देने की बात कही है। गंभीर घायलों को 2-2 लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Tags:
  • ग्वालियर में श्रद्धालुओं की मौत
  • शीतला माता मंदिर
  • कलेक्टर रुचिका चौहान
  • ग्वालियर
  • श्रद्धालुओं की मौत