एक बार फिर एमपी आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह! ग्वालियर के साडा में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का करेंगे भूमिपूजन
साडा क्षेत्र में नया औद्योगिक विकास
ग्वालियर के साडा क्षेत्र में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन प्रस्तावित है। इसके भूमिपूजन समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से इसमें जुटे हुए हैं। 12 अक्टूबर को मेला ग्राउंड में यह मुख्य कार्यक्रम होगा।
इस कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव मौजूद रहेंगे। साथ ही केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है ।
MPSTDC और साडा संभालेंगे आयोजन
बता दें कि इस बड़े आयोजन की मेजबानी दो प्रमुख विभागों को मिली है। साडा और मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम मिलकर काम करेंगे। पर्यटन विभाग ने इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी चुनने की प्रक्रिया शुरू की। विभाग के पैनल में कुल 12 एजेंसियां शामिल हैं।
इनमें से किसी एक एजेंसी को काम सौंपा जाएगा। चयन की प्रक्रिया सोमवार 5 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। चुनी गई एजेंसी कार्यक्रम स्थल की पूरी व्यवस्था संभालेगी। इसके अलावा तकनीकी और अन्य इंतजाम भी एजेंसी ही करेगी।
18 हजार वर्गमीटर में जर्मन डोम
समारोह के लिए मेला ग्राउंड में विशाल पंडाल बनेगा। लगभग 18 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में जर्मन हैंगर डोम बनेगा। यह मुख्य डोम 60 मीटर चौड़ा और 300 मीटर लंबा होगा। इसके अलावा दोनों तरफ अतिरिक्त हैंगर भी लगाए जाएंगे।
डोम के अंदर एक विशेष वन-टू-वन रूम भी बनाया जाएगा। यहां अमित शाह और मुख्यमंत्री मोहन यादव व्यक्तिगत बैठकें कर सकेंगे। साथ ही इसी कक्ष में जरूरी ब्रीफिंग भी की जाएगी।
3 हजार अतिथियों के बैठने की क्षमता
मुख्य सभागार में कुल 3 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसमें 425 वीआईपी अतिथियों के बैठने का विशेष स्थान रहेगा। बाकी दो हजार 575 सीटें सामान्य अतिथियों के लिए तैयार की जाएंगी। पूरे परिसर में एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम लगेंगे। सुरक्षा प्रकाश और आपातकालीन निकास के खास इंतजाम रहेंगे। आग से बचाव के लिए फायर सेफ्टी उपकरण भी तैनात होंगे।
2 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी है। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार बैठकें कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए 2 हजार पुलिस जवान और अफसर तैनात होंगे। अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे।
पुलिस अधिकारी एयरपोर्ट से मेला ग्राउंड तक सुरक्षा का खाका खींच रहे हैं। वीआईपी मूवमेंट के लिए सुरक्षित रूट और ट्रैफिक प्लान बन रहा है। कार्यक्रम स्थल के आसपास गाड़ियों की पार्किंग के पुख्ता इंतजाम होंगे।
3 अक्टूबर को भोपाल आए थे शाह
बता दें कि इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार यानी 3 अक्टूबर को भोपाल आए थे। उन्होंने भेल दशहरा मैदान में कार्यक्रम को संबोधित किया था।
इस दौरान अमित शाह ने एक बड़ा ऐलान भी किया था। उन्होंने कहा था कि एमपी 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त होगा। इसके अलावा शाह ने गोशालाओं के लिए 101 करोड़ और उज्जैन के डेयरी प्लांट के लिए 225 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी।
नशामुक्ति पर सरकार की योजना
इसके अलावा अमित शाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते समय नशामुक्ति को लेकर सरकार की योजना के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि इसके लिए बारीकी से प्लानिंग की जाएगी।
संबोधन में शाह ने वहां मौजूद लोगों को इस अभियान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा था कि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाया जाएगा। खासतौर पर प्रदेश की माताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि बच्चों के लिए नशे की जगह नहीं होगी। सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करेगी।
गोशालाओं को मिले 101 करोड़ रुपए
भोपाल में आयोजित सम्मेलन के दौरान गोशालाओं के लिए 101 करोड़ रुपए जारी किए गए । इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिलों से गोपालक पहुंचे थे। करीब 35 हजार गोपालकों ने सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बता दें कि शाह ने दूध उत्पादन को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं थी। उन्होंने देश में बढ़ते दूध उत्पादन का आंकड़ा भी सामने रखा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि देश में दूध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। उनके मुताबिक दूध उत्पादन 25 करोड़ टन तक पहुंचा है।