ग्वालियर में पति और बॉयफ्रेंड दोनों संग रहना चाहती है पत्नी, मना करने पर पति का फोड़ा सिर
समझें क्या है पूरा मामला...
- ग्वालियर में रहने वाले राजकुमार कुशवाह ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
- पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
- पत्नी ने कहा कि अगर उसे साथ रहना है, तो उसका बॉयफ्रेंड भी उसी घर में एक ही छत के नीचे रहेगा।
- पति के विरोध करने पर पत्नी ने उसके सिर पर हमला किया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है।
- पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अपने चारों बच्चों को लेकर चली गई है।
ग्वालियर शहर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति को अपनी ही पत्नी के खौफ से पुलिस कमिश्नर या एसपी ऑफिस के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को भी उसी के घर में साथ रखना चाहती थी। जब पति ने इस बात के लिए साफ मना कर दिया, तो पत्नी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।
सिर्फ इतना ही नहीं पत्नी घर का सारा कीमती सामान और बच्चों को लेकर भी रफूचक्कर हो गई है।
जनसुनवाई में पहुंचा पीड़ित पति
दरअसल यह पूरा मामला ग्वालियर के सिकंदर कम्पू इलाके का है। यहां रहने वाले राजकुमार कुशवाह मंगलवार, 27 मई को एसपी ऑफिस में चल रही जनसुनवाई में पहुंचे।
उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों को एक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में पति ने अपने लिए सुरक्षा की मांग की है।
राजकुमार ने बताया कि उनकी शादी साल 2008 में पूनम कुशवाह नाम की महिला के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों की जिंदगी अच्छी चल रही थी। उनके चार बच्चे भी हुए।
जनवरी में अचानक लापता हुई पत्नी
राजकुमार के अनुसार सब कुछ तब बदला जब 22 जनवरी 2026 को उनकी पत्नी बिना बताए अचानक घर छोड़कर चली गई।
काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिली तो परिवार परेशान हो गया। इसके बाद लगभग दो महीने बीत जाने पर मार्च के महीने में वह अचानक वापस घर लौटी।
पूछताछ में खुला बॉयफ्रेंड का राज
जब पति राजकुमार ने पत्नी से दो महीने तक गायब रहने की वजह पूछी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी पूनम ने साफ-साफ बताया कि वह आशु उर्फ कमल सेन नाम के एक लड़के से प्यार करती है।
इतने दिनों से उसी के साथ रह रही थी। उसने यह भी कह दिया कि वह आगे भी उसी के साथ रहना चाहती है।
पत्नी की अजीब सी शर्त
पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने घर लौटने के बाद उसके सामने एक अजीब सी शर्त रखी। शिकायत सुनकर कोई भी हैरान रह गया।
पत्नी का कहना था कि यदि राजकुमार उसे अपने साथ रखना चाहता है, तो उसे एक समझौता करना होगा। समझौता यह था कि उसका बॉयफ्रेंड भी उसी घर में रहेगा। तीनों लोग एक ही छत के नीचे मिलकर रहेंगे।
जब राजकुमार ने इस अजीबोगरीब मांग का विरोध किया, तो घर में आए दिन विवाद और झगड़े होने लगे।
सिर पर हमला और जेवर लेकर भागी
राजकुमार का आरोप है कि 5 मई 2026 को उसकी पत्नी फिर से अचानक घर छोड़कर चली गई थी। जब वह दोपहर के समय वापस आई, तो उसने घर में खूब हंगामा किया।
उसने राजकुमार को झूठे केस में फंसाने और उसकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद करने की धमकी दी। राजकुमार ने बताया कि इसी झगड़े के दौरान पत्नी ने उसके सिर पर हमला भी किया था। इससे उसे चोट आई थी। इसके बाद पत्नी घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के सारे जेवर, नगदी और अपने चारों बच्चों को समेटकर वहां से चली गई।
वहीं पीड़ित पति ने बताया कि जाते-जाते मेरी पत्नी मुझे धमकी देकर गई है। उसने कहा है कि वह भाड़े के गुंडों से या जैसे भी हो मेरी हत्या करवा देगी। मुझे अपनी जान का बहुत डर लग रहा है। इसलिए मैं पुलिस के पास सुरक्षा मांगने आया हूं।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी न्यूज: सिस्टम से परेशान बुजुर्ग ने जन सुनवाई में खाया जहर, मौत से पहले कहा मैं तीन बार...
एमपी क्राइम न्यूज: बालाघाट में अवैध रेत रोकने गए हेड कॉन्स्टेबल को ट्रैक्टर से कुचला
आईपीएस राम्या भारती पर क्यों फूटा एक्ट्रेस कुनिका का गुस्सा, बर्खास्त करने की उठी मांग
ग्वालियर न्यूज: कबीर सिंह बने भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के कप्तान
मध्यप्रदेश न्यूज: हर एक व्यक्ति कर्जदार, सभी पर 50 हजार से ज्यादा का उधार, जानें कैसे