एमपी के आईएएस अधिकारी को आईएमएफ में बड़ी जिम्मेदारी, IAS राहुल जाएंगे अमेरिका
एमपी कैडर के आईएएस अधिकारी राहुल जैन को अमेरिका में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें वाशिंगटन डीसी में आईएमएफ का सीनियर एडवाइजर बनाया गया है। यह पोस्टिंग तीन साल के लिए होगी। इससे पहले एमपी कैडर के निकुंज श्रीवास्तव भी वाशिंगटन डीसी में पदस्थ हुए थे। केंद्र सरकार ने कुल 11 अधिकारियों की विदेश पोस्टिंग का आदेश जारी किया है।
एमपी कैडर के आईएएस राहुल जैन को अमेरिका में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह जानकारी हाल ही में जारी हुए पदस्थापना आदेश से सामने आई है। जैन को वाशिंगटन डीसी स्थित इंटरनेशनल मोनेटरी फंड (आईएमएफ – International Monetary Fund) के कार्यालय में सीनियर एडवाइजर बनाया गया है।
राहुल जैन 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे फिलहाल केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। वर्तमान में उनकी पदस्थापना मिनिस्ट्री ऑफ कारपोरेट अफेयर्स में जॉइंट सेक्रेट्री के पद पर है। नई नियुक्ति के बाद वे एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर इंडिया कार्यालय में सीनियर एडवाइजर के रूप में काम करेंगे। यह पोस्टिंग पद ग्रहण करने की तारीख से तीन साल के लिए मान्य होगी।
11 अधिकारियों की पदस्थापना
भारत सरकार के कार्मिक, प्रशिक्षण और पेंशन मंत्रालय ने हाल ही में एक नया पदस्थापना आदेश जारी किया है। इस आदेश में अखिल भारतीय सेवा के 11 अधिकारियों को विदेश में अलग-अलग पदों पर भेजा गया है। इनमें राहुल जैन का नाम भी शामिल है।
केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति यानी एसीसी (ACC – Appointments Committee of the Cabinet) ने इन सभी नियुक्तियों को मंजूरी दी है। यह समिति सरकार के बड़े पदों पर नियुक्ति का फैसला लेती है। सभी 11 अधिकारियों की नियुक्ति विदेशी और कैप्टिव पदों के तहत की गई है।
किसकी जगह लेंगे जैन
राहुल जैन इस पद पर पहले से काम कर रहे आनंद सिंह की जगह लेंगे। आनंद सिंह 2000 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। जैन के पद ग्रहण करने के साथ ही उनकी वर्तमान केंद्रीय प्रतिनियुक्ति भी समय से पहले समाप्त कर दी जाएगी। इसका मतलब है कि वे मिनिस्ट्री ऑफ कारपोरेट अफेयर्स से जल्द ही मुक्त हो जाएंगे।
निकुंज श्रीवास्तव की पहले हुई थी पोस्टिंग
यह पहली बार नहीं है जब एमपी कैडर के किसी अधिकारी को वाशिंगटन डीसी में पोस्टिंग मिली हो। साल 2024 में एमपी कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी निकुंज श्रीवास्तव को भी वाशिंगटन डीसी भेजा गया था। उन्हें वर्ल्ड बैंक में सीनियर एडवाइजर बनाया गया था।
निकुंज श्रीवास्तव केंद्र में एडिशनल सेक्रेट्री स्तर का पद रखते हैं। एमपी में वे प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी माने जाते हैं। वे अभी भी वाशिंगटन डीसी में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे हैं।
अब तीन साल के भीतर राहुल जैन दूसरे ऐसे अधिकारी बन गए हैं जो एमपी कैडर से होने के बावजूद वाशिंगटन डीसी में सेवाएं देंगे। इससे एमपी कैडर के अधिकारियों की अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में मौजूदगी और मजबूत हुई है।
क्यों अहम है यह नियुक्ति
आईएमएफ जैसी वैश्विक वित्तीय संस्था में भारत का प्रतिनिधित्व करना एक बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती है। इस पद पर काम करने वाले अधिकारी भारत की आर्थिक नीतियों और वित्तीय मामलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का काम करते हैं। राहुल जैन की यह नियुक्ति एमपी कैडर के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
यह खबरें भी पढ़ें...
आईएएस अफसरों का सरप्राइज टेस्ट! CS ने पूछा- किसने पढ़ा सर्कुलर, 50 में सिर्फ एक ने उठाया हाथ
तीन बार हार, चौथी बार जीत... आईएएस अविनाश मिश्रा की प्रेरक कहानी
आईएएस सीताराम और मेहता हुए रिटायर, नए अधिकारियों को दिया अतिरिक्त कार्यभार
आईएएस ट्रांसफर की जल्द आएगी नई सूची, किसी को काम का ओवरलोड, तो कोई बैठा है खाली!