राहुल गांधी के आयोजन में IDA ने लिए 14 लाख, पटाखा बाजार रियायती दर पर क्यों, कांग्रेस का प्रदर्शन

Sanjay Gupta | Oct 09, 2026, 18:37 IST
कांग्रेस ने इंदौर विकास प्राधिकरण पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया है।
Indore. इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज आयोजन के लिए आईडीए ने 14 लाख का शुल्क लिया था। वहीं पटाखा कारोबार रियायती दर पर हो रहा है। इसे लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को आईडीए भवन पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि IDA बीजेपी के कार्यक्रमों पर मेहरबान है, जबकि कांग्रेस के कार्यक्रमों के लिए लाखों रुपए वसूले जा रहे हैं।

IDA पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छात्रों की गूंज का आयोजन 19 सितंबर को हुआ। यह आईडीए के रीजनल पार्क मैदान पर हुआ था। इसके लिए आईडीए ने 12 हजार वर्गमीटर जमीन दी थी। कांग्रेस से इसके लिए तीन दिन का 10 लाख और फिर दो दिन और अतिरिक्त काम करने के चलते 4 लाख और भरवाया गया। लेकिन अब 40 दिन तक चलने वाले पटाखा बाजार को रियायती दर पर दिया जा रहा है। इसे लेकर कांग्रेस ने दोहरे व्यवहार का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को आईडीए भवन पर प्रदर्शन किया है।



कांग्रेस ने लगाए दोहरे व्यवहार के आरोप

कांग्रेस ने इंदौर विकास प्राधिकरण (Indore Development Authority) के दोहरे मापदंड के आरोप लगाते हुए शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। साथ ही IDA के CEO का घेराव किया है। कांग्रेस का आरोप है कि IDA बीजेपी के कार्यक्रमों पर मेहरबान है, जबकि कांग्रेस के कार्यक्रमों के लिए लाखों रुपए वसूले जा रहे हैं।



बीजेपी के इस आयोजन में नहीं ली राशि

हाल ही में इंदौर में विजय नगर में आईडीए मैदान पर बीजेपी का सेवा संकल्प के तहत आयोजन हुआ। इसमें भी IDA की जमीन उपलब्ध कराई गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी से ली गई राशि का खुलासा नहीं किया जा रहा है। हालांकि 'द सूत्र' को मिली जानकारी के अनुसार इस आयोजन के लिए कोई राशि नहीं ली गई, क्योंकि कार्यक्रम शासन की ओर से अधिकृत था। शासकीय आयोजन के लिए राशि नहीं ली जाती है।



पटाखा कारोबार को लेकर भी आरोप

कांग्रेस ने वहीं रीजनल पार्क मैदान पर भी पटाखा कारोबारियों को रियायती दर पर जमीन का मुद्दा उठा। यहां पर करीब 40 दुकान लगती है जो 40 दिन तक लगता है। लेकिन यहां कुछ ही लाख रुपए की राशि ली जाती है। हालांकि जानकारी के अनुसार यहां पटाखा कारोबारियों की दुकान छोटी होती है। नियमनुसार दुकानों के बीच में अंतर होता है। साथ ही ग्राहकों के लिए बीच का मैदान खाली होता है और सर्कल आकार में दुकानें लगती है। ऐसे में खुला मैदान अधिक होता है इसके चलते यहां दर कम लगती है।



कांग्रेस यह कर रही मांग

कांग्रेस ने मांग की है कि आईडीए तीनों मामलों में ली गई राशि की दर का खुलासा करें। वह बताए कि कांग्रेस से किस तरह से राशि की गणना हुई है। बीजेपी से विजनयगर मैदान पर कैसे राशि ली गई और रीजनल पार्क पटाखा कारोबार के लिए किस दर से राशि ली गई है।



शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि हमारे पास सभी फाइल आ चुकी है कि बीजेपी और अधिकारी क्या कर रहे हैं। भ्रष्ट बीजेपी वाले और अधिकारियों को जेल पहुचाएंगे। बीजेपी के एजेंट के रूप में आईडीए के अधिकारियों ने काम किया है। चौकसे ने कहा कि बीजेपी का आयोजन था, विजयनगर का आयोजन सरकारी नहीं था।



आयोजन में पार्षद राजू भदौरिया अधिकारियों पर बरसे

वहीं आयोजन के दौरान कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया ने अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि ऐसा करोगे तो छोड़ेंगे नहीं। आगे कांग्रेस की सरकार बनना है, सीईओ ऐसे कभी कलेक्टर नहीं बन पाएंगे। भदौरिया ने कहा कि अधिकारियों पर बीजेपी की चर्बी चढ़ गई है, कांग्रेस आ रही है, औकात याद देंगे।



जिन्हें बीजेपी के सिवा कुछ नहीं सुनाई देता वह ध्यान रखें हम सब दे रहे हैं। पुलिस भी लगातार एफआईआर कर रही है। सभी नेतागिरी यहीं कर रही है। जितने लट्ठ मारना है मार लो, डर नहीं है हमें। अभी तक गांधीगिरी कर रहे हैं, जिस दिन लट्ठ उठा लिया, सबक सिखा देंगे। यह अधिकारी कलेक्टर बनने के लिए तरस जाएंगे। बाद में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के बाद परिसर में झाड़ू लगाई और कचरा भी साफ किया है।

Tags:
  • राहुल गांधी
  • लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
  • IDA
  • इंदौर विकास प्राधिकरण
  • शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे
  • कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया
  • Indore Development Authority
  • इंदौर
  • द सूत्र