इंदौर में INDIGO की भुवनेश्वर फ्लाइट में तकनीकी खराबी, रनवे से वापस लौटी, डेढ़ घंटे फ्लाइट में बैठे रहे यात्री
इंदौर में इंडिगो एयरलाइंस की भुवनेश्वर जाने वाली फ्लाइट में आज सुबह (23 जून) उस समय तकनीकी खराबी आ गई, जबकि वह 100 से ज्यादा यात्रियों के साथ उड़ान भरने के लिए रनवे तक पहुंच गई थी। कॉकपिट में लगे सेंसर ने तकनीकी गड़बड़ी के संकेत दिए तो फ्लाइट को वापस टर्मिनल बिल्डिंग के पास लाया गया। लगभग डेढ़ घंटे तक सुधार कार्य चलता रहा, तब तक यात्री फ्लाइट में ही बैठे रहे।
रनवे तक पहुंचकर वापस लौटी
इंदौर से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) सोमवार सुबह 8.50 बजे रवाना हुई। इस दौरान जब फ्लाइट टेकऑफ के लिए रनवे तक पहुंची तो कॉकपिट में लगा लाल रंग का सेंसर ब्लिंक करने लगा। इस दौरान टेकऑफ से पहले जब पायलट ने इसे देखा तो सबसे पहले एटीसी को सूचना दी और ग्राउंड स्टाफ से भी संपर्क किया। इसके बाद फ्लाइट को रनवे से वापस टर्मिनल बिल्डिंग के पास लेकर आ गया।
डेढ़ घंटे तक चलता रहा सुधार कार्य
इंडिगो की यह फ्लाइट सुबह 8.15 बजे भुवनेश्वर से इंदौर आती है और फिर पौन घंटे बाद यही फ्लाइट इंदौर से भुवनेश्वर के लिए सुबह 9 बजे रवाना होती है। सोमवार की सुबह यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से पहले ही इंदौर आ गई थी। ऐसे में सभी यात्री ऑनबोर्ड होने के चलते यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से पहले 8.50 बजे ही उड़ान भरने के लिए रवाना हो रही थी, कि तभी यह गड़बड़ी पता चली। लगभग साढ़े 10 बजे तक फ्लाइट में सुधार कार्य जारी रहा। यह फ्लाइट लगभग सुबह 10.55 बजे भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर लैंड करती है।
यात्रियों को तब पता चला, जब पायलट ने अनाउंसमेंट किया
दो दिन पूर्व जबलपुर फ्लाइट में आई थी खराबी
दो दिन पूर्व इंदौर एयरपोर्ट पर इंडिगो की इंदौर से जबलपुर जाने वाली फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते उसके यात्रियों को रनवे की बस में ही 45 मिनट तक बैठाए रखा था और फ्लाइट में सुधार कार्य जारी रहा। काफी देर होने के बाद यात्रियों को बस से वापस टर्मिनल बिल्डिंग तक ले जाया गया और फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया। तब भी यात्रियों ने काफी हंगामा किया था।
यह खबर भी पढ़ें...Free Classified : भोपाल के वेदवती बीडीए में 968 वर्गफीट का प्लॉट बिक्री के लिए उपलब्ध है
3 दिन में इंडिगो की 2 फ्लाइट में आई तकनीकी खामी
पिछले दिनों अहमदाबाद–लंदन फ्लाइट हादसे के बाद से एयर इंडिया के विमानों में तकनीकी खामियां आने की खबरें सामने आ रही थी। इसके बाद पिछले 3 दिनों में ही इंडिगो एयरलाइंस की 2 फ्लाइट में तकनीकी खामियां सामने आ चुकी हैं। जिसके कारण यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ रहा था।
यह खबर भी पढ़ें...MP में मानसून सक्रिय, CM मोहन यादव ने नागरिकों को किया अलर्ट, छात्रों से की खास अपील!
यह कहना है प्रबंधन का
इंडिगो की फ्लाइट को लेकर इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि विमान में माइनर टैक्निकल फॉल्ट की जानकारी सामने आई थी। जिसको सुधार कर लिया गया है और विमान को इंदौर से भूवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है।
यह खबर भी पढ़ें...CM हाउस में पोस्टिंग का दावा... आधा दर्जन बेरोजगारों से लुटे 50 लाख रुपए