इंदौर की हवा में फेफड़ों में जाने वाले घातक कण अधिकतम स्तर पर, महापौर ने सनातन धर्म का दिया वास्ता

Sanjay Gupta | Nov 09, 2026, 22:51 IST
इंदौर में दिवाली पर पटाखों के धुएं और मौसम में नमी के चलते प्रदूषण बढ़ने की बात सामने आई है।
When the Congress targeted the Municipal Corporation over rising pollution during Diwali, Mayor Pushyamitra Bhargav responded by invoking Sanatan Dharma.
Indore. इंदौर में इस बार दिवाली पर जमकर पटाखे फोड़े गए थे। वहीं, मौसम में नमी और ठंड के कारण प्रदूषण का असर और बढ़ गया है। हालात ऐसे हो गए कि हवा में मौजूद प्रदूषण के बारीक कणों यानी पार्टिकुलेट मैटर (PM) का स्तर 500 तक पहुंच गया है। इसे लेकर शहर में नई बहस छिड़ गई है।

पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई है, तो कांग्रेस ने नगर निगम को घेरा है। वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पलटवार करते हुए कहा कि दिवाली सनातन धर्म का उत्सव है, लेकिन तथाकथित पर्यावरण प्रेमी इसे अलग नजरिए से देख रहे हैं। इस बीच एक और सवाल उठ रहा है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की वेबसाइट पर रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक के आंकड़े क्यों नहीं दिख रहे हैं।



क्या होता है PM10 और PM2.5?

हवा की गुणवत्ता मापने में पीएम (PM) यानी पार्टिकुलेट मैटर की अहम भूमिका होती है। आसान भाषा में समझें तो ये हवा में मौजूद धूल, धुएं और प्रदूषण के बेहद छोटे-छोटे कण होते हैं, जो सांस के जरिए हमारे शरीर में पहुंच जाते हैं। इन्हें दो तरह से समझ सकते हैं।



PM10: इसमें धूल, मिट्टी और प्रदूषण के ऐसे कण आते हैं, जिनका आकार 10 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये कण सांस के जरिए नाक, गले और फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। सड़क और निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, फैक्ट्रियों से निकलने वाला प्रदूषण और फूलों के परागकण इसके उदाहरण हैं।



PM2.5: ये PM10 से भी छोटे और बारीक कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये इतने छोटे होते हैं कि सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। इनमें से कुछ कण खून में भी पहुंच सकते हैं। यही वजह है कि PM2.5 का बढ़ता स्तर सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को इससे ज्यादा परेशानी हो सकती है।



PM10 और PM2.5 इंडेक्स

कितना निकला इंदौर में यह स्तर

हवा में मौजूद प्रदूषण के छोटे-छोटे कणों यानी PM2.5 और PM10 को माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) में मापा जाता है। आसान भाषा में कहें तो इससे पता चलता है कि एक घन मीटर हवा में प्रदूषण के कितने बारीक कण मौजूद हैं। इनकी मात्रा जितनी ज्यादा होगी, हवा उतनी ही खराब होगी।



PM2.5 का स्तर कितना होना चाहिए?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, भारत में PM2.5 की सालाना औसत सीमा 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तय है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, 24 घंटे का औसत 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए। अगर PM2.5 का स्तर 250 से 300 या इससे भी ऊपर पहुंच जाता है, तो यह सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।



PM10 का स्तर कितना होना चाहिए?

भारत में PM10 की 24 घंटे की औसत सीमा 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तय है। वहीं, WHO के मुताबिक, यह स्तर 45 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए। अगर PM10 का स्तर 300 से 400 या उससे ऊपर पहुंच जाता है, तो इससे सांस लेने में परेशानी और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।



एक्यूआई इंडेक्स

इंदौर में इनकी स्थिति

इंदौर में दिवाली की रात यानी 8 नवंबर को जमकर पटाखे फोड़े गए थे। इसका असर हवा की गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई दिया। रात 11 बजे PM2.5 का स्तर 500 तक पहुंच गया और अगली सुबह 8 बजे तक इसी स्तर पर बना रहा। इसके बाद यह घटकर 400 पर आया। लेकिन 9 नवंबर को फिर पटाखे फूटने से प्रदूषण बढ़ने लगा और रात 9 बजे तक PM2.5 का स्तर 300 तक पहुंच गया।



वहीं, PM10 की बात करें तो 8 नवंबर की रात 10 बजे ही इसका स्तर 500 तक पहुंच गया था। यह स्थिति 9 नवंबर की सुबह 9 बजे तक बनी रही। इसके बाद प्रदूषण थोड़ा कम हुआ, लेकिन रात 9 बजे से PM10 का स्तर फिर बढ़ने लगा और 300 के पार पहुंच गया।



इंदौर में एक्यूआई की स्थिति

एक्यूआई की यह रही स्थिति

वहीं एक्यूआई की स्थिति इंदौर के चार स्टेशनों पर 250 से 300 के बीच मापी गई। यह भी बहुत ही बेकार स्थिति को बताता है। इंदौर में मगुडा नगर, छोटी ग्वालटोली, एयरपोर्ट एरिया और रेसीडेंसी एरिया में सेंटर चालू हैं। इन सभी जगहों पर रात नौ बजे (नौ नवंबर) को एक्यूआई 226 से 277 के बीच था।



यह होता है एक्यूआई का स्तर

AQI के विभिन्न स्तर-


0 से 50: अच्छा (Good)


51 से 100: संतोषजनक (Satisfactory)


101 से 200: मध्यम (Moderate)


201 से 300: खराब (Poor)


301 से 400: बहुत खराब (Very Poor)


401 से 500: गंभीर (Severe / गंभीर श्रेणी), जो इस पैमाने का अधिकतम स्तर है



रात 12 से 4 बजे के डेटा गायब

वहीं सीपीसीबी की साइट पर एक और चौंकाने वाली बात है; इसमें रात 12 से 4 बजे के आंकड़े गायब हैं। प्रदूषण के जानकारों ने कहा कि यह वही समय होता है जब दिवाली की रात अधिकतम एयर पोल्यूशन हुआ है, क्योंकि इस समय सबसे कम तापमान होता है और नमी होती है। वहीं पटाखे फोड़ने के बाद यह कण ऊपर नहीं जाते हैं, जिससे अधिकतम जहरीली हवा इसी समय होती है। ऐसे में इसी समय के आंकड़े नहीं होना चौंकाता है।



महापौर ने सनातन धर्म का दिया वास्ता

वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर में आ रही पर्यावरण प्रदूषण पर तीखी प्रतिक्रियाओं पर अपना बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि दिवाली सभी ने आनंद और उत्साह से मनाई, लेकिन कुछ पर्यावरण प्रेमियों को बहुत ज्यादा समस्या हो रही है। दिवाली उत्सव पटाखों और रोशनी का है। पूरे शहर ने दिवाली धूमधाम से मनाई। धुएं और नमी के कारण एक्यूआई बढ़ा, लेकिन निगम की टीम और सफाई मित्रों ने तीन बजे उठकर साफ किया।



त्योहार मनाने और पटाखे फोड़ने से एक्यूआई एक दिन के लिए बढ़ गया, लेकिन शहर सफाई और एक्यूआई में नंबर वन रहेगा। तथाकथित पर्यावरण प्रेमियों से कहना है कि सनातन के उत्सव को हमेशा अलग नजरिए से देखने का काम नहीं करें। यह लोगों को जोड़ने, उत्सव मनाने और आनंद लेने का अवसर है। इंदौर नंबर वन था और रहेगा।

Tags:
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • ठंड के कारण प्रदूषण
  • पार्टिकुलेट मैटर
  • PM10
  • PM2.5
  • केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
  • इंदौर में दिवाली
  • एक्यूआई