इंदौर में युवक ने टैक्सी में दंपती को बनाया बंधक, पेचकस से हमला, TI की लापरवाही बेनकाब
इंदौर में मंगलवार 21 अप्रैल की शाम एक ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई, जिसने सबको हिलाकर रख दिया है। फ्लाइट से खुशी-खुशी घर लौट रहे एक बुजुर्ग दंपती को क्या पता था कि रास्ते में उनके साथ क्या होने वाला है। एक सनकी युवक ने न केवल उनकी टैक्सी छीनी, बल्कि आधे घंटे तक बंदी बनाकर रखा।
ऐसे हुई घटना की शुरुआत
बैंक से रिटायर्ड66 साल के अनिल शुक्ला और उनकी पत्नी रेखा शुक्ला दिल्ली में भतीजी की शादी में शामिल होने गए थे। दोनों मंगलवार की शाम को ही फ्लाइट से इंदौर लौटे थे।
एयरपोर्ट पर उन्होंने ऑनलाइन टैक्सी बुक की थी, लेकिन वो बुकिंग कैंसिल हो गई थी। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट के टैक्सी स्टैंड से एक और कार ली जो उन्हें महालक्ष्मी नगर ले जा रही थी।
लिफ्ट न देने पर किया हमला
सुपर कॉरिडोर के पास एक रेड सिग्नल पर आरोपी अमन पाल ने ड्राइवर से लिफ्ट मांगी थी। जब ड्राइवर ने मना किया तो आरोपी ने पेचकस से हमला कर ड्राइवर को गाड़ी से बाहर निकाल दिया। इसके बाद खुद ड्राइविंग सीट पर बैठा और गाड़ी को गांधी नगर की ओर ले गया।
पैसे और चेन पर भी नहीं माना आरोपी
जानकारी के अनुसार पितृ पर्वत क्षेत्र के पास आरोपी ने दंपती के साथ मारपीट भी की थी। इस दौरान अनिल शुक्ला ने अपनी बेटी को फोन करके बताया कि उनका अपहरण हो गया है, लेकिन आरोपी ने मोबाइल छीन लिया। अनिल ने पैसे और चेन देकर खुद को छोड़ने की बात कही, लेकिन आरोपी नहीं माना और दोनों को धमकाता रहा।
पोल से टकराई कार, आरोपी गिरफ्तार
दंपती आरोपी से लगातार जूझते रहे तभी कार अनियंत्रित होकर एक पोल से टकरा गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दंपती ने आस-पास मदद के लिए आवाज लगाई।
इसके बाद लोग दौड़कर आए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी अमन पाल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
टीआई की लापरवाही सामने आई
जानकारी के मुताबिक इस बड़े मामले में गांधीनगर के टीआई अनिल यादव की लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत गांधीनगर इलाके से हुई थी। गाड़ी का एक्सीडेंट हातोद और गांधीनगर सीमा के पास हुआ था।
जब गांधीनगर की एफआरवी मौके पर पहुंची तो टीआई अनिल यादव ने घटनास्थल पर होने से इंकार कर दिया। बाद में जब मामला हातोद थाने पर पहुंचा तो टीआई ने खुद ही कॉल करके एक्सीडेंट की कार्रवाई करने की बात कही।
एडिशनल डीसीपी को दी जानकारी
इस मामले में ग्रामीण एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने जोन 1 के एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा को जानकारी दे दी है। इसके बाद गांधी नगर पुलिस आरोपी अमन को लेकर थाने आई।
ग्रामीण एडिशनल रूपेश द्विवेदी ने यह पुष्टि की है कि आरोपी को गांधी नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
ये खबरें भी पढ़िए...
इंदौर न्यूज: छात्रा से गैंगरेप, दोस्त के साथ मंदिर से लौट रही थी, बंधक बनाकर की दरिंदगी
क्राइम न्यूज: लुटेरों ने कारोबारी की पत्नी को बंधक बनाकर जेवर लूटे, पति की हत्या
बैंक ऑफ इंडिया मुरैना में 23 लाख का गबन: 8 बैंक कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
ग्वालियर कलेक्ट्रेट में महिला का ड्रामा, 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी और दी ये धमकी