इंदौर की सबसे बड़ी गौशाला पर खर्च हुए 24 करोड़, जानिए विनोद अग्रवाल, कॉलोनी सेल और स्मार्ट सिटी ने कितने दिए

Sanjay Gupta | Nov 09, 2026, 21:12 IST
आशापुरा गौशाला के लिए खुला खजाना, 24 करोड़ की लागत से बनी इंदौर की सबसे बड़ी गौशाला
Indore's biggest Gaushala in Ashapura built at Rs 24 cr, CM Mohan Yadav inaugurates
इंदौर की महू तहसील के आशापुरा गांव में 24 करोड़ की लागत से 27 एकड़ में सबसे बड़ी गौशाला बनाने का काम हो रहा है। इसका लोकार्पण सीएम डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के दिन सोमवार, 9 नवंबर को किया। इस दौरान इस गौशाला को बनाने में किसका योगदान रहा, इसके लिए अलग-अलग नाम उठे।

गौशाला में दस हजार गाय रखने की क्षमता

इंदौर के आशापुरा में दस हजार गाय रखने की क्षमता वाली गौशाला बन गई है। अभी यहां पर ढाई हजार गाय रखी जा रही हैं। इसका लोकार्पण सीएम डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजन के अवसर पर किया। इस दौरान सीएम ने मंच से बताया कि इस गौशाला को बनाने के लिए किसने कितना योगदान दिया। वहीं, स्वामी अच्युतानंद महाराज ने मंच से खासकर तीन आईएएस के नाम लिए।



सीएम ने बताया इन्होंने किया इतना योगदान

सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस कामधेनु गौशाला को लेकर जिला प्रशासन, निगम, महापौर के साथ ही दानदाताओं की प्रशंसा की। सीएम ने बताया कि इसके लिए कारोबारी व दानदाता विनोद अग्रवाल ने सीएसआर फंड से 6 करोड़, नितिन अग्रवाल ने ढाई करोड़, कलेक्टोरेट की कॉलोनी सेल ने 7.5 करोड़, नगर निगम से 50 लाख, पीएम भूमि राशि मप्र शासन से दो करोड़ रुपए, स्मार्ट सिटी से चार करोड़ रुपए लगे हैं। वहीं, सीएम ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा संसाधन खरीदी के लिए पांच करोड़ की राशि मांगने पर भी सहमति दी और कहा कि जितनी और राशि लगेगी, वह देंगे।



स्वामी अच्युतानंद ने इन आईएएस के नाम बोले

वहीं, इस दौरान गौशाला में गायों की सेवा कर रहे स्वामी अच्युतानंद महाराज ने मंच से कहा कि यह सीएम मोहन यादव का सपना रहा है और उनके द्वारा गोलोक बनाया गया है। इस सपने को पूरा करने के लिए इंदौर के पूर्व कलेक्टर आशीष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के साथ पूरी निगम टीम ने काफी मेहनत की और बढ़-चढ़कर सहयोग किया। शिवम वर्मा के साथ यह चौथा प्रोजेक्ट है। पहले वह जिला पंचायत सीईओ, फिर ग्वालियर निगमायुक्त और इसके बाद इंदौर निगमायुक्त व अब इंदौर कलेक्टर के रूप में गौशाला पर काम कर रहे हैं।



महापौर बोले यह सीएम का विजन

वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह सीएम मोहन यादव जी का सपना था, जिसे सभी ने मिलकर साकार किया है। यह उन्हीं की योजना और इच्छाशक्ति थी, जिसके चलते यह काम हो सका है। अभी यहां ढाई हजार गायें हैं और यहां पर 10 हजार गायें रखी जाएंगी। इसके लिए हाईटेक संसाधन जुटाए जा रहे हैं।



सीएम ने यह भी कहा

सीएम ने कहा कि मान्यता है कि गौवंश में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे में 27 एकड़ क्षेत्र में जनसहयोग से निर्मित यह गौशाला गौमाता की सेवा और संरक्षण का अद्भुत केंद्र बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देसी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए चलाए जा रहे अभियान को हम प्रदेश में भी उत्सव और जन-आंदोलन का स्वरूप दे रहे हैं।



हमारा लक्ष्य केवल गौवंश का संरक्षण ही नहीं, बल्कि उन्नत नस्लों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना भी है। मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। आयोजन में मंत्री तुलसीराम सिलावट, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, विधायक उषा ठाकुर के साथ ही जिलाध्यक्ष श्रवण चावड़ा, शहराध्यक्ष सुमित मिश्रा व अन्य उपस्थित थे।



सीएम मोहन यादव ने किया गौशाला का लोकार्पण
Tags:
  • आशापुरा गौशाला
  • इंदौर गौशाला लोकार्पण
  • कामधेनु गौशाला इंदौर
  • Indore Ashapura gaushala
  • सीएम मोहन यादव
  • कलेक्टर शिवम वर्मा
  • स्मार्ट सिटी इंदौर
  • Indore cowshed inauguration