बीजेपी पार्षद रुपाली पेंढारकर की निगम अधिकारियों को धमकी, कहा-अगली बार अंजाम बुरा होगा
इंदौर की विधानसभा तीन के वार्ड 59 में गुरुवार यानी आज एक अक्टूबर को बवाल हो गया। नगर निगम द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर हुए आयोजन में क्षेत्रीय पार्षद रुपाली अरूण पेंढारकर (BJP Councilor Rupali Pendharkar) को नहीं बुलाया गया। इस आयोजन को लेकर वह भड़क गई और निगम अधिकारियों को धमकी दे दी।
क्या बोली पेंढारकर
पेंढारकर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस (International Day of Older Persons) के मौके पर निगम की सहभागिता से आयोजन हो रहा है। लेकिन इसकी जानकारी ना ही क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला को है और ना ही क्षेत्रीय पार्षद यानी मुझे है। हमारे वार्ड में आयोजन हो रहा है, हमारे यहां से ही लोगों को बुलाया गया है और वह गए हैं लेकिन इसकी सूचना हमे ही नहीं दे रहे हैं और पूरी मनमानी की जा रही है। केवल प्रभारी महापौर को सूचना दी गई लेकिन विधायक और पार्षद को नहीं बुलाकर मनमानी की गई।
...तो अंजाम बुरा होगा
पेंढारकर यहीं नहीं रूकी। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद यदि अपने वाली पर आ जा तो फिर मजाल है कि कोई कार्य़क्रम करके बता दें। वार्ड में पहले भी यह हो चुका है। यह दूसरी बार हुआ है। निगम वाले मनमानी कर रहे हैं। अगली बार ऐसा होता है तो अंजाम बुरा होगा।
क्या बोले प्रभारी महापौर
वहीं इस मामले में प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने कहा कि हर साल यह आयोजन होता है। जिला बाल विकास परियोजना द्वारा यह किया जाता है। मुझे जानकारी मिली है कि विधायक और पार्षद को जानकारी नहीं दी गई है। मैंने पूछताछ की है तो अधिकारियों ने एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाली। अधिकारियों की गलती है। उन्हें सूचना दी जाना चाहिए था।
इसके पहले भी हो चुके विवाद
बीजेपी के मार्च 2025 में अभ्यास वर्ग की बैठक में पार्षद पेंढारकर बाहर जा चुकी है। इस बैठक में बीजेपी के तत्कालीन संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के साथ ही मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौऱ व अन्य मौजूद थे। दरअसल इस बैठक में सभी पार्षद अपने कामों का ब्यौरा दे रहे थे। लेकिन उनका नंबर देरी से आना था ऐसे में वह जरूरी काम का बोलकर पहले ही चली गई। इस पर नेताओं ने आपत्ति ली थी। बताया जाता है कि तब महापौर के ओएसडी से उनका विवाद हो गया था।
बजरंग दल से भी हो चुका विवाद
रुपाली बीजेपी कार्यकर्ता अरूण पेंढारकर की बेटी है। वह पिता की जगह पर राजनीति में आ गई। उनका मई 2025 में भी बजरंग दल से विवाद हो गया था। बजरंग दल पदाधिकारी ने उनके पिता पर मारपीट, धमकी और अवैध वसूली के आरोप लगाए थे। इस पर पार्षद और उनके पिता पर केस हुआ था वहीं उन्होंने भी बजरंग दल पदाधिकारियों पर केस दर्ज कराया था।
- क्या हुआ था इंदौर की वार्ड 59 में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के आयोजन में?
इंदौर की विधानसभा तीन के वार्ड 59 में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के आयोजन के दौरान विवाद पैदा हो गया, जब भाजपा पार्षद रुपाली अरूण पेंढारकर को इस कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया। उन्होंने निगम अधिकारियों को धमकी दी और इस बारे में अपनी नाराजगी व्यक्त की। - रुपाली पेंढारकर ने किस बात की शिकायत की?
रुपाली पेंढारकर ने शिकायत की कि वार्ड में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी न तो क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला को दी गई और न ही उन्हें, जिससे मनमानी का आरोप लगाया गया। - प्रभारी महापौर का इस घटना पर क्या कहना था?
प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने बताया कि यह आयोजन हर साल होता है और उन्होंने स्वीकार किया कि विधायक और पार्षद को सूचना नहीं दी गई थी, मानते हुए कि यह अधिकारियों की गलती है।