इंदौर राजनीति का एक धड़ा पहुंचा भोपाल, प्रदेश मंत्री गौरव रणदिवे, विधायक गौड़, पटेल, सावन, गुप्ता शामिल
भोपाल पहुंचने वाले नेताओं में इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 की विधायक मालिनी गौड़, उनके बेटे एकलव्य गौड़, गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर शामिल थे।
इन नेताओं ने पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से काफी देर तक बातचीत की। इसके बाद बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी से भी लंबी मुलाकात की। दिवाली मिलन के बहाने हुई इन मुलाकातों को लेकर अब इंदौर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
क्यों यह मुलाकात खास है
यह मुलाकात खास मानी जा रही है। कारण है कि हाल के समय में खासकर प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बनने के बाद यह सभी करीब आए हैं। इन सभी की मंत्री कैलाश विजयवर्गीय गुट से दूरी है। विधायक गौड़ और मंत्री गुट की दूरी जगजाहिर है, तो वहीं इसी तरह विधायक पटेल भी मंत्री से दूरी बनाकर रखते हैं। यह गुट आपस में एक-दूसरे को खुलकर सपोर्ट कर रहा है।
सभी की नजरें विधानसभा टिकट और पद पर
इस मुलाकात में तीन तो विधानसभा टिकट के लिए दावेदारी में हैं। बीते चुनाव 2023 में गौरव रणदिवे नगराध्यक्ष थे, लेकिन टिकट नहीं मिला था। हालांकि विधानसभा चुनाव में उनके समय ही सभी नौ सीटें बीजेपी जीती। वहीं सावन सोनकर भी सांवेर से टिकट के दावेदार हैं। तुलसीराम सिलावट के बीजेपी में आने के चलते उनकी राह कठिन हुई है।
हालांकि कुछ ही माह पहले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और सीएम मोहन यादव जब एयरपोर्ट पर सामान्य मुलाकात में मिले, तब सिंह ने सावन से कहा था कि तुलसी का टिकट कट रहा है, चुनाव की तैयारी करो। वहीं इसी तरह विधायक गौड़ अपने पुत्र एकलव्य के लिए लगातार विधानसभा चार के लिए टिकट मांग रही हैं और वह राजनीति से हटना चाहती हैं।
सुदर्शन गुप्ता की नजरें पद पर
वहीं इंदौर विधानसभा से एक बार विधायक रह चुके सुदर्शन गुप्ता का साल 2023 में टिकट कट गया था। उनकी जगह कैलाश विजयवर्गीय को टिकट दिया गया। इसके बाद भी गुप्ता लगातार पार्टी का काम करते रहे, लेकिन अभी तक उन्हें पद नहीं मिला है। उनकी नजरें भी आईडीए पर हैं कि वहां अध्यक्ष पद मिल जाए।
पटेल पूरी तरह शिवराज सिंह चौहान के
इसी तरह इस गुट में शामिल देपालपुर विधायक मनोज पटेल पूरी तरह से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के भरोसे हैं। उनकी इंदौर की राजनीति में मंत्री गुट से पटरी नहीं बैठती है। खासकर जब 2023 के चुनाव के बाद बीजेपी दफ्तर में मंत्री विजयवर्गीय ने कहा था कि इस बार तो मनोज पटेल जैसे भी जीत गए जिन्हें जीत की उम्मीद नहीं थी। इसके बाद पटेल के समर्थकों ने विरोध जताया था।