चातुर्मास में 16 करोड़ की बोली के बाद गैंगस्टर के निशाने पर बिल्डर मनीष गोधा, लॉरेंस गैंग पर शक
अब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एसआईटी को सौंप दी गई है। यह वही टीम है, जो पहले से लॉरेंस गैंग की ओर से बिल्डरों और कारोबारियों को मिल रही धमकियों की जांच कर रही है।
मनीष गोधा वही कॉलोनाइजर हैं, जिन्होंने 30 जुलाई को जैन मुनि श्री सुधासागर महाराज के चातुर्मास के दौरान कलश के लिए 16 करोड़ 16 लाख रुपए की बोली लगाई थी। बताया जा रहा है कि गोधा को पहले भी धमकी मिल चुकी है।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इस बार भी फायरिंग के पीछे वसूली के लिए दबाव बनाने की कोशिश हो सकती है। पुलिस का शुरुआती शक लॉरेंस गैंग की तरफ जा रहा है।
यह हुई थी घटना
इंदौर के गांधी नगर में रहने वाले मनीष गोधा के गोधा एस्टेट ऑफिस के बाहर बुधवार देर रात फायरिंग हुई थी। हेलमेट पहनकर स्कूटर से आया एक बदमाश ऑफिस के बाहर गोलियां चलाकर फरार हो गया था। घटना के बाद चौकीदार ने गांधी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एसआईटी कर रही है।
हैरी बॉक्सर से मिल चुकी है धमकी
पुलिस की जांच में पता चला है कि करीब 10 महीने पहले भी मनीष गोधा को लॉरेंस गैंग के हैंडलर हैरी बॉक्सर ने धमकी दी थी। वहीं, गोधा की रेकी करने में देवास के रहने वाले राहुल राठौर उर्फ राहुल बाबा का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल ने गोधा पर नजर रखी थी और उनकी लोकेशन के साथ फोटो और वीडियो भी हैरी बॉक्सर तक पहुंचाए थे।
पहले राहुल ने मानी थी रेकी करने की बात
जानकारी के मुताबिक, राहुल ने पहले माना था कि वह मनीष गोधा की रेकी करने और उन पर हमले की साजिश में शामिल था। बताया जा रहा है कि उसे यह काम नागदा के राजपाल चंद्रावत ने सौंपा था। राजपाल वही शख्स है, जो हैरी बॉक्सर के साथ तिहाड़ जेल में रह चुका है।
कहा जा रहा है कि जेल में संपर्क होने के बाद से ही वह हैरी बॉक्सर के लिए काम करने लगा था। चर्चा यह भी है कि उस समय इस मामले में कुछ रकम वसूली गई थी और हवाला के जरिए पहुंचाई गई थी। हालांकि, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बिल्डर दम्मानी की भी रेकी कर चुका राहुल
इंदौर के बिल्डर विवेक दम्मानी को भी फरवरी-मार्च में लॉरेंस गैंग की ओर से 10 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए धमकी मिली थी। उस समय भी राहुल ने ही दम्मानी की रेकी की थी। बताया जा रहा है कि उसने दम्मानी के फोटो और दूसरी जानकारियां राजपाल चंद्रावत के जरिए हैरी बॉक्सर गैंग तक पहुंचाई थीं।
धमकी में दम्मानी के साथ उनके बेटे को भी जान से मारने की बात कही गई थी। इस रेकी के बदले राहुल को 40 हजार रुपए मिले थे। वहीं, खरगोन के कॉटन कारोबारी दिलीप राठौर के यहां हुई हवाई फायरिंग के मामले में भी राहुल और उसके साथियों की भूमिका सामने आई थी।
लॉरेंस का विरोधी गैंग भी इंदौर में हुआ सक्रिय
इंदौर के कारोबारियों की परेशानी अब और बढ़ गई है। इसकी वजह लॉरेंस गैंग का विरोधी रोहित गोदारा गैंग भी है, जिसकी सक्रियता की बात सामने आ रही है। हाल ही में लसूड़िया इलाके के ट्रांसपोर्टर संजय भूरिया को भी रोहित गोदारा की ओर से धमकी मिलने का मामला सामने आया था। पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है। वहीं, धमकी के बाद संजय भूरिया ने भी अपनी सुरक्षा बढ़ा दी है और निजी सुरक्षाकर्मी तैनात कर लिए हैं।
इंदौर में इन सभी को मिल चुकी धमकियां
इंदौर में अब तक कई बड़े कारोबारियों को लॉरेंस गैंग के नाम से धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें तुकोगंज के संजय मोगरा जैन, निपानिया के रंजन मित्तल, एरोड्रम इलाके के चेतन पंवार, बिल्डर विवेक दम्मानी और मेवाड़ अस्पताल के संचालक समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। इन धमकियों के बाद जिन कारोबारियों ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है, उन्हें पुलिस की ओर से सुरक्षा भी दी गई है।
पुलिस क्या बोल रही है
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि एसआईटी इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग के पीछे लॉरेंस गैंग का हाथ तो नहीं है। वहीं, कुछ दिन पहले कॉलोनी के बाहर एक विवाद भी हुआ था। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं उसी विवाद के चलते तो गोलियां नहीं चलाई गई थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।