बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया- सीएम डॉ. मोहन यादव ने इसलिए छोड़ा इंदौर के प्रभारी मंत्री का जिम्मा

Sanjay Gupta | Published:
इंदौर में भाजपा के सेवादूत अभियान की कार्यशाला के दौरान प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर का प्रभार छोड़ने की वजह बताई।
Madhya Pradesh BJP president Hemant Khandelwal explained Chief Minister Dr. Mohan Yadav's decision to relinquish Indore district's ministerial charge during the Seva Doot campaign workshop in Indore.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का पद छोड़ दिया। उनकी जगह सूक्ष्म, लघु उद्योग मंत्री चैतन्य काश्यप को प्रभार देने के आदेश हुए। इस पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने तंज कसा और रणछोड़ बताया। इस पर अब बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने जवाब दिया है।

मंत्री चैतन्य काश्यप को मिली जिम्मेदारी

इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का जिम्मा अभी तक सीएम डॉ. मोहन यादव संभाल रहे थे। लेकिन अब सामान्य प्रशासन विभाग से नया आदेश हुआ और यह जिम्मेदारी मंत्री चैतन्य काश्यप को देने के आदेश हुए। इसके बाद से ही कयास चलते रहे कि सीएम ने यह जिम्मा क्यों छोड़ा। इसका जवाब अब बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को इंदौर में दिया।



सीएम के फैसले पर खंडेलवाल का जवाब

इसलिए इंदौर जिले का प्रभार छोड़ा

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि- यह तो एक व्यवस्था है। अभी भी यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। कई जिलों में कभी किसी का प्रभार बदलेगा, कभी किसी का होगा। मुख्यमंत्री की व्यवस्थाएं और जो उनकी व्यस्तताएं हैं, उनके अनुसार वह निर्णय लेते हैं। वह लगातार इंदौर आते भी रहेंगे और इंदौर के काम भी करते रहेंगे। लेकिन मुख्यमंत्री अकेले इंदौर के नहीं, पूरे प्रदेश के हैं। उनके लिए पूरे प्रदेश का विकास करना है। उनकी अपनी व्यस्तताएं हैं।



पटवारी पहले कांग्रेस को देख लें

वहीं जीतू पटवारी के बीजेपी और मुख्यमंत्री को घेरने पर खंडेलवाल ने कहा कि जीतू पटवारी जब चुनाव लड़े और नहीं जीते तो बीजेपी ने तो कोई कमेंट नहीं किया। भोपाल में कभी कमलनाथ के पुत्र आकर शक्ति प्रदर्शन करते हैं तो कभी दिग्विजय अपने बेटे को आशीर्वाद देते हैं। पहले जीतू पटवारी अपने आप से निपट लें, फिर हमारी बात करना।



सेवादूत अभियान की कार्यशाला

शनिवार को इंदौर में सुपर कॉरिडोर स्थित होटल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवादूत अभियान की कार्यशाला का उद्घाटन सत्र संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भोपाल से इंदौर पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए। खंडेलवाल ने बताया कि सेवादूत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सेवा कार्यों और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार द्वारा मध्य प्रदेश में किए जा रहे जनहित के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है।



हर विधानसभा में जाएंगे सेवादूत

उन्होंने कहा कि 1 से 25 दिसंबर तक सेवादूत हर विधानसभा में जाएंगे। जहां जरूरत होगी, वहां दो लोग जाएंगे। संगठन की गतिविधियों, नैरेटिव और सेवा कार्यों की पूरी व्यवस्थित रचना की गई है। इसके अनुसार सेवादूत 25 दिन कार्य करेंगे और 25 दिसंबर को एक कार्यक्रम के बाद अभियान का समापन होगा। समापन के बाद सारी रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

Tags:
  • सीएम मोहन यादव
  • चैतन्य काश्यप
  • हेमंत खंडेलवाल
  • जीतू पटवारी
  • सेवादूत अभियान
  • भाजपा सेवादूत अभियान कार्यशाला
  • CM Mohan Yadav
  • Indore in-charge minister
  • Hemant Khandelwal
  • MP BJP news