इंदौर BJP नगराध्यक्ष ने प्रियंका गांधी और जीतू पटवारी को पत्र लिख कार्यकारिणी को घेरा
इंदौर शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी सात साल बाद गठित हुई है। वह भी केवल 52 सदस्यीय छोटी। इसमें पहले सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को लिया जाता था। हालांकि इसके बाद भी चूक कर दी और एक भी महिला को मौका नहीं दिया गया। इसे लेकर बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर तंज कसा है।
यह लिखा पत्र में
प्रियंका गांधी और पटवारी को पत्र में कहा गया है कि इंदौर की पहचान मां अहिल्या देवी से है। लेकिन हमारे शहर की कांग्रेस कार्यकारिणी में 9 उपाध्यक्ष, 18 महामंत्री, 20 सचिव के बाद भी एक भी महिला नेत्री नजर नहीं आई। प्रियंका जी, आपने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' का नारा दिया, लेकिन आपके प्रदेश अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष ने आपकी पार्टी से महिला शक्ति को ही हटा दिया।
एक ही व्यक्ति के पास दो पद
मिश्रा ने इसके साथ ही शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे को भी घेरा। पत्र में लिखा कि इंदौर में शहर अध्यक्ष और निगम में नेता प्रतिपक्ष ये दोनों पद एक ही व्यक्ति के पास है। मिश्रा ने इसमें से एक पद से चौकसे से इस्तीफा लेकर महिला को देने की मांग रखी।
महिला नेताओं के नाम भी बता दिए
पत्र में कार्यकारिणी में लेने के लिए कई नाम तक कांग्रेस को सुझा दिए। इसमें महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शशि यादव, साक्षी शुक्ला डागा, शर्मिला धौलपुरे, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष साधना भंडारी, पूर्व पार्षद सरवर खान, पार्षद विनितिका यादव, रूबीना खान, फौजिया अलीम, जेबा रऊफ, अनिता कुंहार, मीता मोर्य, रोशनी गौहर, शशि हाड़ा, डिम्पल गोलाने, देविका तिलवे, किरण जिराती, शंकुतला बड़े, कविता कुशवाह, कविता शुक्ला, सीमा सोलंकी, सोनिया शुक्ला, भारती टांक, रायमुनी भगत और कुसुम मरमट के नाम बताए गए।
इधर, कांग्रेस का पलटवार
वहीं, शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश राजीव विकास केंद्र के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने इस पर मिश्रा को पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि ये झूठा बयान है। जिन महिलाओं का आप जिक्र कर रहे हैं, वे सभी कांग्रेस में पार्षद, पूर्व पार्षद, मध्य प्रदेश कांग्रेस, इंदौर शहर एवं जिला कांग्रेस मध्य प्रदेश राजीव विकास केंद्र के साथ ही पार्टी के कई संगठन और जिम्मेदार पदों पर रहकर काम कर रही हैं और कर चुकी हैं। उनका अपमान करके आपने न सिर्फ कांग्रेस, बल्कि पूरे महिला समाज का अपमान किया है।
यह खबरें भी पढ़ें...
मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के 14 अधिकारियों की जमानत इंदौर CBI कोर्ट से खारिज, सॉल्वर को बैठाकर किया था फर्जीवाड़ा
मेदांता ग्रुप के एमडी कार्डियक सर्जन डॉ. नरेश त्रेहान इंदौर में गैर-इरादतन हत्या के केस से बाल-बाल बचे
इंदौर में खाद्य आपूर्ति अधिकारी की सुस्ती, अफवाह ने पेट्रोल-डीजल पर फैलाया पैनिक, सुबह 70 टैंकर पहुंचे
इंदौर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : नगर निगम की मनमानी पर लगी लगाम, सड़क चौड़ीकरण का नोटिस निरस्त
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष