इंदौर बैठक में हंगामा, कांग्रेस कार्यकर्ता बोले- राहुल गांधी से हमें नहीं मिलवाया, बड़े नेता मिल लिए
इस दौरान चुनिंदा नेताओं की उनसे मुलाकात हुई थी, जबकि कई कार्यकर्ता मुलाकात से वंचित रह गए।
बैठक में क्या बोले कार्यकर्ता?
गांधी भवन में रविवार को कांग्रेस के वार्ड अध्यक्षों और बूथ अध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस (MP Congress) की सह प्रभारी ऊषा नायडू के साथ ही शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे, पूर्व मंत्री बाला बच्चन, पिंटू जोशी, अमन बजाज और अन्य नेता मौजूद थे।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष राहुल धाकरे और विशाल चतुर्वेदी ने राहुल गांधी से मुलाकात का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब पहले से ही यह नीति तय थी कि राहुल गांधी की किसी से मुलाकात नहीं होगी, तो बड़े नेता उनसे कैसे मिल लिए और अलग-अलग मुलाकात की सूची कैसे बन गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि एयरपोर्ट पर नेता राहुल गांधी से मिले। इसके बाद होटल में 122 लोगों से मुलाकात कराने की सूची बनाई गई। इसके बाद इंदौर से रवाना होते समय भी 48 लोगों की राहुल गांधी (Congress Leader Rahul Gandhi) से मुलाकात कराई गई। इतना ही नहीं, छात्रों की गूंज आयोजन में मंच के पास भी कुछ लोगों के लिए अलग से पास बनाए गए थे और वे राहुल गांधी के आसपास मौजूद रहे।
हमसे मेहनत कराई और नेता मिल लिए
कांग्रेस कार्यकर्ताओं (Congress workers) ने कहा कि मैदान में पूरी मेहनत हमारे द्वारा की गई। हमारी मेहनत से आयोजन सफल हुआ और लाखों युवा कार्यक्रम में शामिल हुए। लेकिन नीति तय होने के बाद भी बड़े नेता राहुल गांधी से मिल लिए और अपने लोगों को मिलवाने के लिए अलग से सूची बनवा ली गई। वहीं, हमें राहुल गांधी से मिलने का मौका नहीं दिया गया।
उज्जैन के लिए आ रहे हैं, फिर होगी मुलाकात
इस पर कांग्रेस की सह प्रभारी ऊषा नायडू ने कहा कि मामला पार्टी की जानकारी में आया है और इसे पार्टी स्तर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जल्द ही उज्जैन के दौरे पर भी आ रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं की उनसे मुलाकात कराई जाएगी।
वहीं, छात्रों की गूंज आयोजन के दौरान राहुल गांधी से मुलाकात की सूची को लेकर पार्टी अपने स्तर पर इसकी जांच करेगी।
इसके बाद हुई समन्वय बैठक
वहीं, इस बैठक के बाद समन्वय बैठक हुई। इसमें कहा गया कि मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग फिर से काम कर रहा है। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी जुटना है और जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उनके नाम जुड़वाने के लिए काम करना है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि पहली बैठक में वार्ड अध्यक्ष, वार्ड प्रभारी, वार्ड की महिला प्रभारी और ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए। दूसरी बैठक शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी के साथ हुई।
इन बैठकों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में इंदौर के प्रभारी, पूर्व गृहमंत्री एवं विधायक बाला बच्चन, प्रभारी विधायक पंकज उपाध्याय, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया, दीपू यादव, राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, शैलेश गर्ग, अमन बजाज, राजा चौकसे और लोकेश हर्डिया मौजूद थे।