इंदौर में कांग्रेस प्रवक्ता ने भाईदूज के दिन शराब पीकर जीजा से की मारपीट, केस दर्ज

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Nov 11, 2026, 12:03 IST
इंदौर के अस्पताल में जीजा से विवाद और हंगामे के बाद कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया पर पुलिस केस दर्ज, बीजेपी ने भी उठाए सवाल।
Indore Congress Spokesperson Lokesh Hardia Faces Police Case After Family Clash at Hospital Over Scalded Child Dispute
इंदौर में भाईदूज और दीप पर्व के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया ने शराब पीकर परिवार में विवाद किया। उनके जीजा की शिकायत पर राजेंद्र नगर थाने में मारपीट और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। बता दें कि हार्डिया पर पहले भी शराब पीकर विवाद करने के आरोप लग चुके हैं।

एफआईआर में यह लिखा है...

एफआईआर में अमित हार्डिया ने बताया कि उनके छोटे भाई सुमित हार्डिया के बेटे आराध्य के पैर 9 नवंबर को नहाते समय गर्म पानी से जल गए थे। इसके बाद वे सुमित के साथ बच्चे को इंदौर के चोइथराम अस्पताल लेकर गए और उसे भर्ती कराया। वहां उन्होंने आराध्य की मां बरखा (लोकेश हार्डिया की बहन) से कहा कि बच्चे का ठीक से ध्यान रखा करो।



अमित के मुताबिक, 10 नवंबर को दोपहर में वे बच्चे को देखने अस्पताल पहुंचे थे। वहां लोकेश हार्डिया भी मौजूद था। उसने अमित से कहा कि तुमने मेरी बहन को क्यों कहा कि उसकी गलती से आराध्य का पैर जला है। इसके बाद लोकेश अपशब्द कहने लगा और उनके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। अमित ने बताया कि यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।



इससे पहले घर पर विवाद की भी बात

बताया जा रहा है कि अस्पताल जाने से पहले लोकेश अपने जीजा के घर भी पहुंचा था। वहां भी उसने विवाद किया था। आरोप है कि उस समय वह शराब के नशे में था। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा, जहां विवाद और बढ़ गया। इस दौरान अस्पताल में हंगामे जैसी स्थिति बन गई। परिजनों का आरोप है कि शराब पीकर विवाद करना और परिवार के लोगों से बदसलूकी करना लोकेश हार्डिया की पुरानी आदत है।



बीजेपी ने कसा तंज

उधर बीजेपी इस मामले में कांग्रेस को घेर रही है। बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि भाईदूज पर इस तरह का पारिवारिक विवाद कांग्रेसियों के चरित्र को बताता है। वहीं बीजेपी प्रवक्ता राकेश यादव ने पूछा कि अस्पताल में गुंडागर्दी करने वाले हार्डिया के खिलाफ क्या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कार्रवाई करेंगे? पटवारी ने इस मामले में राजनीतिक दबाव भी पुलिस पर डालने की कोशिश की।



कांग्रेस प्रवक्ता ने भाईदूज के दिन शराब पीकर जीजा से की मारपीट
Tags:
  • कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया
  • चोइथराम अस्पताल
  • बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा
  • नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा
  • बीजेपी प्रवक्ता राकेश यादव
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी
  • जीतू पटवारी