इंदौर में लगेगा चौके-छक्कों का मेला! अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी मचाएंगे धमाल, एंट्री बिल्कुल फ्री

Sandeep Kumar | Nov 05, 2026, 18:18 IST
भिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी मचाएंगे धमाल, एंट्री बिल्कुल फ्री
Abhishek Sharma and Vaibhav Suryavanshi to rock, entry completely free
क्रिकेट के दीवानों के लिए इंदौर से बड़ी खुशखबरी है। इंदौर शहर के होलकर स्टेडियम में एक बार फिर चौके-छक्कों की गूंज सुनाई देने वाली है। 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी-20 क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा। मैदान पर कई बड़ी टीमों के बीच मुकाबले होंगे, तो अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी अपने बल्ले का दम दिखाएंगे।

अभिषेक शर्मा दिल्ली की टीम से खेलेंगे, जबकि वैभव सूर्यवंशी बिहार की ओर से मैदान में उतरेंगे। सबसे खास बात यह है कि क्रिकेट प्रेमियों को इस रोमांच का लुत्फ उठाने के लिए जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि सभी मैचों में दर्शकों की एंट्री बिल्कुल फ्री रहेगी।



इंदौर में खेले जाएंगे 21 मैच

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के कुल 21 मुकाबले इंदौर में होंगे। इनमें ज्यादातर मैच होलकर स्टेडियम में खेले जाएंगे। यहां सभी मुकाबले दिन-रात के होंगे। वहीं, डेली कॉलेज मैदान पर केवल दिन में मैच खेले जाएंगे।



टूर्नामेंट में दिल्ली, बिहार, सौराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, रेलवे, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर की टीमें हिस्सा लेंगी। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुधीर असनानी के अनुसार, होलकर स्टेडियम में मैचों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



इन टीमों के बीच होंगे मुकाबले

इंदौर में होने वाले 21 मैचों का कार्यक्रम इस प्रकार है।



  • सौराष्ट्र बनाम बिहार
  • रेलवे बनाम तमिलनाडु (एलीट ग्रुप-बी)
  • जम्मू-कश्मीर बनाम दिल्ली
  • रेलवे बनाम बिहार
  • जम्मू-कश्मीर बनाम तमिलनाडु
  • सौराष्ट्र बनाम हरियाणा
  • दिल्ली बनाम पंजाब
  • दिल्ली बनाम बिहार
  • पंजाब बनाम रेलवे
  • तमिलनाडु बनाम हरियाणा
  • जम्मू-कश्मीर बनाम सौराष्ट्र
  • पंजाब बनाम तमिलनाडु
  • जम्मू-कश्मीर बनाम बिहार
  • दिल्ली बनाम सौराष्ट्र
  • रेलवे बनाम हरियाणा
  • रेलवे बनाम सौराष्ट्र
  • दिल्ली बनाम हरियाणा
  • जम्मू-कश्मीर बनाम पंजाब
  • तमिलनाडु बनाम बिहार
  • दिल्ली बनाम तमिलनाडु
  • पंजाब बनाम सौराष्ट्र

होलकर स्टेडियम में बल्लेबाजों का रहता है दबदबा

इंदौर का होलकर स्टेडियम बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है। यहां की छोटी बाउंड्री और सपाट पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। इस मैदान पर अब तक पांच अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले गए हैं। इनमें पहली पारी का Average Score 204 रन और दूसरी पारी का 174 रन रहा है। इस मैदान पर सबसे बड़ा Team Total भारत के नाम है। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 5 विकेट पर 260 रन बनाए थे। इसी मुकाबले में रोहित शर्मा ने 35 गेंदों में शतक लगाया था, जो उस समय अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट का सबसे तेज शतक था। रोहित ने 118 रनों की पारी में 10 छक्के और 12 चौके लगाए थे।



वेस्टइंडीज के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने बनाए थे 69 रन

होलकर स्टेडियम में पिछला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 69 रन बनाए थे। उनकी पारी में 5 छक्के और 6 चौके शामिल थे। भारत ने यह मुकाबला 14 रन से जीता था। अब क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी देखने का मौका मिलेगा। उनके साथ युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। खास बात यह है कि दर्शक बिना टिकट खरीदे स्टेडियम में जाकर इन मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।

Tags:
  • सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी
  • होलकर स्टेडियम इंदौर
  • इंदौर में क्रिकेट मैच
  • अभिषेक शर्मा
  • Syed Mushtaq Ali Trophy 2026
  • Holkar Stadium Indore
  • Abhishek Sharma
  • Vaibhav Suryavanshi
  • वैभव सूर्यवंशी