इंदौर में पटाखों से बिगड़ी ऐसी हवा- हर व्यक्ति के फेफड़ों में जा रहा 6.50 सिगरेट पीने जितना धुआं
इस बार दिवाली पर मौसम और पटाखों के धुएं ने इंदौर की हवा को बहुत जहरीला बना दिया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मापने वाली वेबसाइट के मुताबिक, इंदौर में हर व्यक्ति के फेफड़ों में साढ़े छह सिगरेट के बराबर धुआं पहुंच रहा है। हवा की यह स्थिति अस्थमा और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद खतरनाक है। हवा में मौजूद प्रदूषण के कण यानी PM का स्तर भी सबसे ज्यादा दर्ज किया गया।
दो दिनों में घातक कण पीएम की स्थिति क्या रही
हवा में मौजूद PM का मतलब पार्टिकुलेट मैटर यानी प्रदूषण के बेहद छोटे कण होते हैं। इसमें ठोस कणों के साथ तरल बूंदें भी शामिल होती हैं। इनका स्तर बढ़ने से फेफड़ों पर सीधा असर पड़ता है और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
दिवाली की रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच PM का स्तर सबसे ज्यादा 500 तक पहुंच गया था। वहीं, 9 नवंबर की रात सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक PM10 का स्तर लगातार 500 पर बना रहा। हालांकि PM2.5 के स्तर में थोड़ी राहत मिली और यह करीब 450 दर्ज किया गया। बता दें कि यह सभी आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज हैं।
क्या होती है पीएम की स्थिति
PM10: इसमें वे धूल, मिट्टी और प्रदूषण के कण आते हैं जिनका व्यास 10 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये कण सांस के जरिए नाक और गले तक पहुंच सकते हैं। इनमें कंस्ट्रक्शन साइट से निकलने वाली धूल, इंडस्ट्रियल एमिशन और पॉलेन शामिल हैं।
PM2.5: इसमें वे बारीक कण आते हैं जिनका व्यास 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये इतने सूक्ष्म होते हैं कि फेफड़ों की गहराई में जाकर सीधे ब्लड स्ट्रीम में मिल सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत खतरनाक होता है।
ये दोनों 300 से 400 μg/m³ या इससे अधिक होने पर ये गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करते हैं।
एक्यूआई की यह रही स्थिति
वहीं एक्यूआई की स्थिति इंदौर के चार स्टेशनों पर 250 से 300 के बीच मापी गई। यह भी बहुत ही बेकार स्थिति को बताता है। इंदौर में मगुडा नगर, छोटी ग्वालटोली, एयरपोर्ट एरिया और रेसीडेंसी एरिया में सेंटर चालू हैं। इन सभी जगहों पर रात को ढाई सौ से 300 के बीच की स्थिति रही।
यह होता है एक्यूआई का स्तर...
0 से 50: अच्छा (Good)
51 से 100: संतोषजनक (Satisfactory)
101 से 200: मध्यम (Moderate)
201 से 300: खराब (Poor)
301 से 400: बहुत खराब (Very Poor)
401 से 500: गंभीर (Severe / गंभीर श्रेणी, जो इस पैमाने का अधिकतम स्तर है)
महापौर ने दिया था सनातन धर्म का वास्ता
वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर में आ रही पर्यावरण प्रदूषण की तीखी प्रतिक्रिया पर अपना बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि दिवाली सभी ने आनंद और उत्साह से मनाई लेकिन कुछ पर्यावरण प्रेमियों को बहुत ज्यादा समस्या हो रही है। दिवाली उत्सव पटाखों और रोशनी का है। पूरे शहर ने दिवाली धूमधाम से मनाई।
उन्होंने आगे कहा कि धुएं और नमी के कारण एक्यूआई बढ़ा लेकिन निगम की टीम और सफाई मित्रों ने तीन बजे उठकर शहर साफ किया। त्योहार मनाने और पटाखे फोड़ने से एक्यूआई एक दिन के लिए बढ़ गया लेकिन शहर सफाई और एक्यूआई में नंबर वन रहेगा।
पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि तथाकथित पर्यावरण प्रेमियों से कहना है कि सनातन के उत्सव को हमेशा अलग नजरिए से देखने का काम नहीं करें। यह लोगों को जोड़ने, उत्सव मनाने और आनंद लेने का अवसर है। इंदौर नंबर वन था और रहेगा। उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर को दिल्ली में स्वच्छता अवार्ड भी घोषित होना है। इसमें इंदौर और देपालपुर की जोड़ी भी पुरस्कृत हो रही है।