द्वारिकापुरी सब्जी मंडी विवाद में कांग्रेस नेता भदौरिया को लात मारने वाला हिमांशु निकला कांग्रेसी
द्वारिकापुरी सब्जी मंडी में बुधवार को हुआ था हंगामा
इंदौर में द्वारिकापुरी सब्जी मंडी विवाद के दौरान बुधवार को भारी हंगामा हुआ। कांग्रेस नेताओं के सब्जी मंडी विक्रेताओं के साथ किए गए प्रदर्शन में पुलिस से जमकर झूमा-झटकी हुई। इस दौरान निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक निगमकर्मी सचिन बमनेरे को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने सात पर केस दर्ज किया और जेल भेज दिया।
कांग्रेस पार्षद को लात मारी
इसी दौरान एक और वीडियो सामने आया। जब पुलिस कांग्रेस पार्षद व नेता राजू भदौरिया को उठाकर पुलिस वैन की ओर ले जा रही थी, तभी भीड़ से एक युवक हिमांशु पाटीदार आया और उसने भदौरिया को दो बार लात मारी। इस पर वहां खड़े अन्य कांग्रेसियों ने आपत्ति जताई। बाद में भदौरिया ने भी पुलिस को इसकी लिखित शिकायत की। इस पर पुलिस अधिकारियों ने जांच की बात कही।
कांग्रेस ने कहा हिमांशु बीजेपी कार्यकर्ता
इस दौरान कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि हिमांशु बीजेपी का कार्यकर्ता है और उसने भदौरिया को लात मारी थी। पुलिस उसे बचा रही है और केस दर्ज नहीं कर रही है। वहीं हिमांशु ने विवाद के बाद माफी मांगी। उसने वीडियो जारी कर कहा कि सुबह निगम की कार्रवाई के दौरान राजू भैया को पुलिस लेकर जा रही थी, तो मुझसे गलती से मेरा पैर भैया को लग गया। मैं इस पर माफी चाहता हूं। धक्का-मुक्की के कारण गलती से मेरा पैर लग गया। मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था। मैं किसी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं हूं, मैं एक आम व्यक्ति हूं जो कार्रवाई देखने के लिए रुक गया था।
जीतू पटवारी के साथ फोटो, कांग्रेस नेता
उधर द सूत्र को हिमांशु पाटीदार की कुछ फोटो मिली हैं। इनमें उसे युवा कांग्रेस नेता के रूप में बताया जा रहा है। ये फोटो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ ही अन्य नेताओं के साथ हैं। एक फोटो पटवारी के यहां हुए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान शामिल होने की भी है। वहीं गरबा महोत्सव के दौरान भी जीतू पटवारी व अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ हिमांशु के पोस्टर हैं।
इन सात को भेजा है जेल
पुलिस ने निगम के रिमूवल अधिकारी सचिन बमनेरे के आवेदन पर सात लोगों पर केस किया और उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था जहां से जेल भेजा गया है। इसमें सोनिला मिमरोट के साथ राजनीतिक एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे के साथ सब्जी विक्रेता रक्षा भोटके, गायत्री खोटे, अमित माटेजा, अतुल दावरे और सोना चौधरी हैं।
अब पटवारी ने की आंदोलन की घोषणा
इंदौर के फूटी कोठी सब्जी मंडी विवाद में अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी आंदोलन की बात कह दी है। पटवारी ने मौके पर शुक्रवार शाम 4 बजे फूटी कोठी जाकर फ्लाईओवर के नीचे दुकानें लगवाने का ऐलान किया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि नगर निगम ने फूटी कोठी चौराहे के पास लगने वाली सब्जी मंडी के विक्रेताओं को हटाकर चंदन नगर के पास दुकानें लगाने के लिए कहा है। इससे व्यापारियों को काफी दूर जाना पड़ेगा। चौकसे का आरोप है कि कार्रवाई से पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सब्जी मंडी को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे शिफ्ट करने की घोषणा की थी, लेकिन अब निगम अपनी ही घोषणा से पीछे हट रहा है।
इधर कांग्रेस के आरोप, बमनेरे बीजेपी कार्यकर्ता
उधर कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने निगम के रिमूवल कर्मचारी सचिन बमनेरे का एक पोस्टर जारी किया है। बमनेरे पर बीजेपी कार्यकर्ता होने के आरोप लगाए हैं। यह पोस्टर विधायक गोलू शुक्ला व बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर शासकीय काम में बाधा का केस कराने वाला बमनेरे असल में बीजेपी से जुड़ा है। ऐसे कर्मचारी जो बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं, उनका सत्यापन होना चाहिए और उन्हें निगम से बाहर किया जाना चाहिए।