क्या विधायक मालिनी गौड़ और महापौर पुष्यमित्र भार्गव की आपसी दूरी से खड़ा हुआ सब्जी मंडी का विवाद?
कांग्रेस ने लगाए रोजगार छीनने के आरोप
द्वारिकापुरी सब्जी मंडी को शिफ्ट कर दिया गया है। यहां करीब 300 सब्जी विक्रेता ठेला लगा रहे थे। कांग्रेस ने इसे गरीबों का रोजगार छीनने वाली घटना बताते हुए मोर्चा खोला हुआ है। राजनीतिक एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे भी इसमें धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को मौके पर जमकर बवाल हुआ। कांग्रेस शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे, पार्षद राजू भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष निगम सोनिला मिमरोट के साथ ही अन्य ने प्रदर्शन किया, जिसमें पुलिस ने सभी को बलपूर्वक मौके से हटाया। चार पर केस दर्ज किया जा रहा है।
प्रह्लाद पांडे बोले- ये महापौर और विधायक की राजनीति है
पांडे ने इस मामले के लिए इंदौर विधानसभा चार की स्थानीय विधायक मालिनी गौड़ और महापौर पुष्यमित्र भार्गव की आपसी राजनीति को जिम्मेदार बताया। पांडे ने कहा कि इसमें राजनीति समझ आ रही है। सुबह महापौर जी का मुझे फोन आया था, उन्होंने कहा कि मैं तो वादा निभाने के लिए तैयार हूं, लेकिन विधायक गौड़ इसमें रोड़ा लगा रही हैं। पहली बात तो यह है कि महापौर जी इसमें विधायक से मंजूरी ही क्यों मांग रहे हैं। निगम स्वतंत्र संस्था है। दूसरा सवाल है कि माना कि महापौर राजनीति कर रहे हैं तो इसमें विधायक गौड़ को लिखकर देने में क्या हर्ज है कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह फैसला निगम को करना है। ये दोनों (विधायक और महापौर) एक-दूसरे के पाले में गेंद फेंककर राजनीति कर रहे हैं।
क्या है राजनीति?
द्वारिकापुरी सब्जी मंडी में ठेला लगाने वाले संत सेवालाल ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति मांग रहे हैं। दुकानदारों से महापौर ने कहा था कि स्थानीय विधायक (मालिनी गौड़) लिखित में सहमति दे दें तो वे जगह देने को तैयार हैं। इसके बाद दुकानदार विधायक के घर भी गए थे, लेकिन बात नहीं बनी। इधर, विधायक का कहना है कि नगर निगम की मंशा ब्रिज के नीचे मंडी लगवाने की थी तो फिर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए टेंडर जारी ही क्यों किए गए?
रहवासियों के विरोध के बाद यह बनी थी योजना
दरअसल, रहवासियों की अपनी पीड़ा है, उनका कहना है कि मंडी के कारण लगातार जाम होता है। इसे शिफ्ट किया जाए। इसके बाद ब्रिज के नीचे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना बनी और इसके टेंडर भी जारी हो गए। इधर, मंडी के कारण यातायात जाम को देखते हुए नगर निगम ने इसे चंदन नगर क्षेत्र में एमआर-6 पर शिफ्ट करने का फैसला लिया।
विधायक गौड़ और महापौर यह बोल रहे हैं
विधायक का कहना है कि सब्जी मंडी को ब्रिज के नीचे जगह दी तो हमेशा यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहेगी। निगम ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए टेंडर पहले ही निकाल दिए हैं। ब्रिज के नीचे मंडी शिफ्ट करनी थी तो फिर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के टेंडर क्यों निकाले? वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि सब्जी मंडी को एमआर-6 चंदन नगर चौराहा क्षेत्र में शिफ्ट कर रहे हैं। इसके लिए जगह भी तय कर दी है। ब्रिज के नीचे मंडी के लिए जगह नहीं दे सकते।
दो साल पहले दिया था आश्वासन
वहीं सब्जी मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णा पटेल का कहना है कि जनवरी 2025 में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद सब्जी मंडी के दुकानदारों को ब्रिज के नीचे जगह देने की घोषणा की थी। अब वे स्थानीय विधायक से इस बारे में लिखित सहमति लाने के लिए कह रहे हैं।