इंदौर अग्निकांड पर पीएम ने जताया शोक, दो-दो लाख का मुआवजा, सीएम ने एसीएस को जांच के लिए भेजा
Indore. इंदौर में पॉलीमर कारोबारी मनोज पुगलिया के बंगाली चौराहे पर ग्रेटर बृजेशवरी कॉलोनी स्थित घर में हुए हादसे में आठ लोगों की जान चली गई है। इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने टिव्ट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में कारोबारी मनोज पुगलिया के साथ ही उनकी बहू सिमरन, रिश्तेदार विजय, विजय की पत्नी सुमन और परिवार के अन्य सदस्य छोटू सेठिया, टीनू, आठ साल का तनय और 12 साल की राशि सेठिया शामिल है। वहीं इसमें मनोज की पत्नी सुनीता, बेटे सौरभ, सोमिल और हर्षित घायल हुए हैं।
इस तरह फैलती गई आग
जानकारी के अनुसार अलसुबह साढ़े तीन से चार बजे के बीच में चार्जिंग पाइंट में विस्फोट से आग फैली, पास में ही सौरभ पुगलिया की सात लाख की हायबूसा बाइक थी। यहां आग लगी और फिर तेजी से फैलते हुए घर में चली गई। घर में ज्वलनशील केमिकल होने से इसकी तीवत्रा और बढ़ गई। इसके बाद गैस सिलेंडर में विस्फोट शुरू हुए. जिसने दहला दिया। घर चारों ओर से से जालियों में पैक था, मजबूत कांच लगे थे और साथ ही हर कमरे में भी इलेक्ट्रानिक लॉक था। बिजली जान से लॉक भी नहीं खुलने की बात कही जा रही है। इसके चलते तीन मंजिला घर से निकलना मुश्किल हो गया। पड़ोसी ने छत से सीढ़ी लगाई और एक जाली तोड़ी गई जिसमें से मनोज की पत्नी और तीनों बेटे बाहर निकल सके। बाकी को निकलने का समय नहीं मिला।
इंदौर अग्निकांड पर पीएम ने की मुआवजे की घोषणा
वहीं घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। टिव्ट किया गया कि - मध्य प्रदेश के इंदौर में आग लगने की घटना में हुई जान-माल की हानि से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। PMNRF की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
सीएम ने ईवी चार्जिंग को लेकर जताई चिंता
वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी शोक जताया। उन्होने कहा कि इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग से हुई दुर्घटना से नई चुनौती सामने आई है। इसकी गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थित जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने और जागरूकता की दिशा में हम काम करेंगे। डिजिटल लॉक जैसी सुविधाओं का उपयोग हमारी आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ सतर्कता और सावधानी भी जरूरी है।
जांच के लिए एसीएस राजन मौके पर पहुंचे
वहीं सीएम के निर्देश पर एसीएस अनुपम राजन शाम को इंदौर पहुंचे और घटनास्थल पर गए। उनके साथ एक्सपर्ट की टीम भी थी। उन्होंने कहा कि घटना दुखद है। वहीं पूरे मामले की फॉरेंसिक जांच होगी इसके साथ साथ जो इलेक्ट्रिक वाहनों के डीलर है उनके साथ एक बैठक की जाएगी। वर्तमान में EV का माहौल बढ़ता जा रहा है इसलिए यह जानना ज़रूरी है कि किस कारण से शॉट सर्किट हुआ। इलेक्ट्रानिक लॉक को लेकर भी जागरूकता फैलाने की जरूरत है। इनके डीलर को चाहिए कि वह ग्राहकों को इसकी जानकारी दें।
पुगलिया और सेठिया परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना में पुगलिया और उनके रिश्तेदार सेठिया परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। मनोज के पुत्र ने बताया कि मेरी बहन, मामा जी की बेटी, उनके दो बच्चे, छोटे मामा के बेटे कल ही यहां आए थे। रात में ही यह हादसा हो गया।
परिवार नींद में था, इस तरह बचे सदस्य
हादसे के वक्त पूरा परिवार नींद में था। आग लगने के बाद जान बचाने के लिए सभी लोग छत की ओर भागे। हादसे के समय मनोज पुगलिया ने परिवार के कुछ लोगों को पड़ोसियों के घर के रास्ते बाहर निकालने की कोशिश की। जाली तोड़कर पड़ोसी ने सीढ़ी लगाकर कुछ लोगों को निकाला। बताया जाता है कि सिमरन को पति सौरभ ने निकलने के लिए कहा, लेकिन चार माह की गर्भवती सिमरन कुछ सामान लेने के लिए लौटी और फिर नहीं निकल सकी। इस तरह मनोज भी धुएं में घिर गए और निकल नहीं सके।
अलग-अलग फ्लोर पर मिले शव
जब रेस्क्यू टीम और फायर ब्रिगेड टीम अंदर पहुंची तो पहली मंजिल पर एक महिला और तीन बच्चों के शव मिले। वहीं छत पर दो के शव मिले जो जल चुके थे।
गैस गीजर में हो रहा था सिलेंडर का उपयोग
घर में कई सिलेंडर रखे हुए मिले हैं। बताया गया है कि सभी के अलग-अलग कमरे थे और बाथरूम में गैस गीजर थे, इसके लिए सिलेंडर रखे रहते थे। ईवी चार्जिंग पाइंट से घर में फैसली आग में से इसमें से ही दो सिलेंडर में विस्फोट की बात कही जा रही है।
यह खबरें भी पढ़ें...
इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट, आग लगने से फटे 4 गैस सिलेंडर, 7 की मौत
इंदौर में EV चार्जिंग से लगी आग में 8वीं मौत, इलेक्ट्रॉनिक लॉक नहीं खुले, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले- एसओपी जरूरी
दिल्ली में पीएम मोदी और सीएम मोहन यादव की मुलाकात, किसानों और विकास योजनाओं पर फोकस
KBC फेम तहसीलदार अमिता सिंह तोमर पर गिरफ्तारी की तलवार: अमिताभ बच्चन ने दिया था 50 लाख का चेक