इंदौर में रोबोट और रेडिसन पर 170 करोड़ में बनेंगे फ्लाईओवर, IDA एरोसिटी भी बनाएगा
इंदौर विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक मंगलवार एक सितंबर को हुई। संभागायुक्त सह अध्यक्ष आईडीए भास्कर लक्षकार की अध्यक्षता में कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। खासकर ट्रैफिक की समस्या पर ध्यान देते हुए दो अहम फ्लाईओवर को मंजूरी मिली, जिसकी कुल लागत 170 करोड़ रुपए होगी।
रोबोट और रेडिसन पर मिलेगी जाम से मुक्ति
बोर्ड ने पूर्वी रिंग रोड स्थित रेडीसन चौराहा, इन्दौर पर प्रस्तावित फ्लाय ओव्हर निर्माण के लिए 76.59 करोड़ की मंजूरी दी। वहीं इसी रोड पर रोबोट चौराहे फ्लाईओवर के लिए 94.18 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। इसी तरह एबी रोड बायपास से टीपीएस-05 को जोडने वाली मास्टर प्लान एम.आर.-09 के लिए भी 6.56 करोड़ की भी मंजूरी दी गई।
यहां बनेगी एरोसिटी, मिली मंजूरी
वहीं तय हुआ कि आईडीए (IDA) की योजना क्रमांक 151-169-बी में टी.सी.एस./इन्फोसिस को दिए गए भूमि के बदले शासन से स्कीम 172 के समीप मिली जमीन पर एरोसिटी बनेगी।
एरोसिटी के रूप में विकसित करने और इस भूमि से एयरपोर्ट तक 75.00 मीटर चौडा, 1.5 कि.मी. लंबाई मार्ग के निर्माण के लिए भी 52.61 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
एरोसिटी के निर्माण से एयरपोर्ट के पास ही होटल, आफिस आदि की गतिविधियों का विस्तार हो सकेगा। स्कीम 172 के विकास काम के लिए 240.93 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। यह योजना एयरपोर्ट रोड़ पर है।
मेघदूत गार्डन के पास यह बनेगा
आईडीए ने योजना क्रमांक 54 अंतर्गत मेघदूत उपवन से लगी आईडीए की 3.83 हेक्टेयर भूमि के समग्र विकास एवं कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए 15.00 करोड़ की प्रशासकीय मंजूरी दी है।
स्कीम 97 से बाहर करने के लिए यह करेंगे
यह भी तय हुआ कि योजना क्रमांक 97 से बाहर हुई भूमियों की वर्तमान स्थिति तय करने व कृषि उपयोग की भूमियों के संबंध में अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी आदि के लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा।
गणेश विसर्जन चल समारोह की झांकियों के लिए हर एक को तीन-तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, आईडीए सीईओ परिक्षित झाड़े व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
ये खबरें भी पढ़ें...
केडिया ग्रुप के आनंद केडिया बंगला बचाने में जुटे, हाईकोर्ट भी बोला- क्लीन हैंड नहीं
MPPSC को नहीं मिल रहे योग्य दिव्यांग, अब स्टेट इंजीनियरिंग में 19 पद रह गए खाली
राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में जगह को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में जुबानी जंग