ED ने की इंदौर नगर निगम के पूर्व उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल की संपत्ति अटैच

Sanjay Gupta | Feb 04, 2026, 12:15 IST
indore former officer chethan patil property attachment
इंदौर नगर निगम के पूर्व सहायक उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल के खिलाफ ईडी ने कार्रवाई की है। ईडी ने पाटिल की 39.91 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। इससे पहले ईओडब्ल्यू ने पाटिल पर आय से अधिक कमाई का मामला दर्ज किया था।

News In Short

  • चेतन पाटिल और उनकी पत्नी के नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज हुआ है।
  • पाटिल को 2004 में एक मस्टर वर्कर के रूप में नगर निगम इंदौर में भर्ती किया गया था।
  • पाटिल की मासिक आय मात्र 30 हजार रुपए है, लेकिन उनके पास 1.95 करोड़ रुपए की संपत्ति है।

ईडी ने यह बताया

INDORE. यह कार्रवाई ईडी के इंदौर ऑफिस ने की है। अटैच की गई संपत्ति में चेतन पाटिल और उनकी पत्नी ज्योति पाटिल के नाम का प्लॉट और आवासीय भवन शामिल है।



पाटिल पर आरोप है कि उन्होंने 1998 से 2023 के दौरान 1.38 करोड़ रुपए की संपत्ति बनाई, जबकि असल में यह संपत्ति 55 लाख रुपए की होनी चाहिए थी।



ईडी ने 39.91 लाख की संपत्ति अटैच की है, जिसका बाजार मूल्य 80 लाख रुपए है।



indore former officer chethan patil property attachment


पत्नी के नाम की कंपनी से किया खेल

ईडी की जांच में कई खुलासे हुए हैं। पाटिल ने जो पैसे अपराध से कमाए थे, उन्हें कई बैंक खातों के जरिए अपनी पत्नी के नाम पर एक कंपनी, मेसर्स नागरोध आर्किटेक्ट, के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की।



हालांकि फर्म का कोई व्यावसायिक काम ही नहीं था। इसका उपयोग कैश जमा करने और निकालने में हुआ। इस राशि से अचल संपत्तियां ली गईं। साथ ही होम लोन चुकाने, एलआईसी प्रीमियम भरने में भी राशि का उपयोग हुआ था।



पौधे खरीदी में घोटाले के आरोप

इंदौर नगर निगम के पूर्व सहायक उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल पर ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) ने कार्रवाई की थी। इसके बाद तत्कालीन निगमायुक्त शिवम वर्मा ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था।



ईओडब्ल्यू की जांच में यह सामने आया था कि पाटिल की मासिक आय सिर्फ 30,000 रुपए थी। जांच में उनके पास 1.95 करोड़ रुपए की संपत्ति निकली।



पेड़ों, पौधों और गमलों की खरीद में पहले भी अनियमितताओं की शिकायतें आई थीं। खासकर एनआरआई सम्मेलन के दौरान पौधों की खरीद में घोटाले से कमाई के आरोप थे।



जांच में यह भी पता चला कि पाटिल के कार्यकाल में उद्यान विभाग के प्रभारी रहते हुए 2 करोड़ रुपए की फर्जी खरीदी की गई थी।



मस्टर कर्मी के रूप में आया था निगम

चेतन को 2004 में एक मस्टर वर्कर के रूप में नगर निगम इंदौर में भर्ती किया गया था। वर्षों के दौरान, उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों के साथ अच्छे संबंध बनाए और उद्यान अधिकारी का पद हासिल किया।



ये खबरें भी पढ़िए...



इंदौर न्यूज: इंदौर नगर निगम के उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल बर्खास्त, EOW की छापेमारी में सामने आया था घोटाला



EOW छापे में नगर निगम इंदौर के उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल के पास 1.85 करोड़ की मिली संपत्ति



महादेव सट्टा केस में ED की बड़ी कार्रवाई, 91.82 करोड़ की संपत्ति अटैच



इंदौर ED ने की नगर निगम के रिटायर्ड हेल्थ अधिकारी राजेश कोठारी की संपत्ति अटैच



Tags:
  • इंदौर न्यूज
  • ईडी
  • इंदौर नगर निगम
  • ईओडब्ल्यू
  • नगर निगम इंदौर
  • आर्थिक अपराध शाखा
  • चेतन पाटिल