इंदौर गरबा में बीजेपी नेता ने बच्ची को दिया धक्का, पार्टी ने किया तलब, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज
मामला भोपाल तक पहुंचा
इंदौर के मां कनकेश्वरी गरबा उत्सव में हुई घटना की जानकारी भोपाल तक पहुंच गई। इसके बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा को निर्देश दिए। इन निर्देशों के बाद कमल सिंह चौहान को बीजेपी कार्यालय तलब किया गया।
गरबा पंडाल में क्या हुआ?
घटना उस समय हुई जब एक बच्ची अपने माता-पिता के साथ गरबा करने पहुंची। प्रवेश कार्ड नहीं होने के कारण बच्ची को पंडाल में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बाद बीजेपी मंडल अध्यक्ष कमल सिंह चौहान बाहर आए। आरोप है कि उन्होंने बच्ची को धक्का दिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। बच्ची के परिजनों के साथ भी गलत व्यवहार किया गया। इसके बाद बच्ची को वहां से भगा दिया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी हरकत में आई।
हीरानगर थाने में केस दर्ज
घटना की जानकारी विधायक रमेश मेंदोला को भी मिली। उन्होंने कमल सिंह चौहान के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई। विधायक ने कहा कि वे बच्ची के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग भी की। इसके बाद एमआईसी सदस्य जीतू जाटव (यादव) और अन्य नेता हीरानगर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की। एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है। नाबालिग बच्ची और उसके परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर कमल सिंह चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
नगराध्यक्ष ने चौहान को तलब किया
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने चौहान को तलब किया। इस दौरान उनसे बच्ची के साथ अभद्र व्यवहार करने का कारण पूछा गया। नगराध्यक्ष ने चौहान को सख्त हिदायत भी दी। चौहान ने घटना पर खेद जताया और अपनी ओर से सफाई दी। उन्होंने यह भी बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। हालांकि पार्टी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है। माना जा रहा है कि पार्टी चौहान को निष्कासन का नोटिस दे सकती है। नवरात्रि के दौरान बच्ची के साथ हुई घटना को लेकर पार्टी में नाराजगी है।
इसी गरबा उत्सव में सीएम ने किया कन्यापूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शुक्रवार रात इस गरबा उत्सव में पहुंचे थे। इस आयोजन में हर साल कन्यापूजन किया जाता है। कन्याओं को उपहार भी दिए जाते हैं। इस गरबा उत्सव के मुख्य आयोजक विधायक रमेश मेंदोला हैं। उन्होंने कमल सिंह चौहान के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है। विधायक ने अपनी ओर से भी कार्रवाई की पहल की है। मेंदोला ने कहा कि इस आयोजन में कन्याओं की पूजा की जाती है। ऐसे आयोजन में बच्ची के साथ अभद्र व्यवहार सहन नहीं किया जा सकता।